क्रिकेट
Yuvraj Singh on Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के कई स्टार खिलाड़ी Wimbledon 2026 का फाइनल मुकाबला देखने के लिए सेंटर कोर्ट पहुंचे थे.
भारतीय क्रिकेट टीम के कई स्टार खिलाड़ी Wimbledon 2026 का फाइनल मुकाबला देखने के लिए सेंटर कोर्ट पहुंचे थे. लंदन के ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस क्लब के सेंटर कोर्ट में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा भी नजर आए थे. इतना ही नहीं, वैभव और अभिषेक के साथ पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह भी नजर आए, जहां उन्होंने 15 साल के वैभव को एक नया नाम दिया है और उन्हें मेंटर करने की इच्छा भी जताई है. आइए जानते हैं कि वैभव को लेकर युवराज ने क्या कहा है.
युवराज ने वैभव को दिया नया नाम
युवराज सिंह ने 'जियोस्टार' पर वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा, "मैं हमेशा खुद को टर्मिनेटर कहता हूं. अब 'टर्मिनेटर 4' अभिषेक शर्मा हैं, जो मुझसे चार गुना बेहतर हैं. उनके बाद 'टर्मिनेटर 6' वैभव सूर्यवंशी आते हैं, जो और भी ज्यादा बेहतर हुए हैं. मैंने अपने समय में अपना काम किया, अभिषेक ने इसे और आगे बढ़ाया और अब वैभव नए स्टैंडर्ड सेट कर रहे हैं. ये उसी सफर का तीसरा चरण है. खेल को आगे बढ़ते हुए देखना बहुत अच्छा लगता है."
Champions recognize the changing game. 💥
— Star Sports (@StarSportsIndia) July 12, 2026
Yuvraj Singh shares how cricket's next generation, led by Abhishek Sharma and Vaibhav, is embracing the same fearless approach that defines Jannik Sinner and Carlos Alcaraz.#Wimbledon 2026 | LIVE NOW on Star Sports & JioHotstar pic.twitter.com/yqXRy1gRVd
उन्होंने आगे कहा, "जब मैं सिनर और अल्काराज को देखता हूं, तो मुझे दिखता है कि टेनिस कैसे बदल रहा है. मुझे अभिषेक और वैभव में भी वही बदलाव दिखता है. मैंने अभिषेक को ट्रेनिंग देने में काफी समय बिताया है और मैं वैभव के साथ भी समय बिताना पसंद करूंगा. उनका करियर बहुत शानदार होने वाला है. वो भविष्य के एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और मुझे यकीन है कि वो उस मुकाम तक पहुंचेंगे."
वैभव ने युवराज को लेकर कही ये बात
वैभव सूर्यवंशी ने युवराज सिंह को लेकर कहा, "युवराज पाजी मेरे भी आदर्श हैं. उनसे पहली बार मिलना एक खास पल था. मुझे उनके साथ समय बिताने का मौका मिला और उन्होंने खेल के बारे में कई अहम बातें बताईं. उन्होंने खेल के मानसिक पहलू, दबाव को कैसे संभालें और खुद पर भरोसा करने की अहमियत के बारे में बात की. उनके जैसे व्यक्ति से इतना कुछ सीखने को मिलना बहुत अच्छा लगता है. मुझे यकीन है कि इससे मेरे करियर में आगे बहुत मदद मिलेगी."
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से