क्रिकेट
Who is Aryaman Varama: भारतीय मूल के इंग्लैंड निवासी आर्यमान वर्मा ने इतिहास रच दिया है और वो जॉनी बेयरस्टो और जोस बटलर के क्लब में शामिल हो गए हैं.
भारतीय मूल के 18 वर्षीय क्रिकेटर आर्यमान वर्मा ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने इंग्लैंड में जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो के क्लब में अपनी एंट्री कर ली है. दरअसल, आर्यमान ने साल 2024 में 12 की औसत से 51 विकेट चटकाए और साथ ही 300 रन भी ठोके थे, जिसके लिए उन्हें विजडन अवॉर्ड से नवाजा गया है. आर्यमान को विजडन स्कूल क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला है. खास बात ये है कि दिल्ली कैपिटल्स स्पिनर कुलदीप यादव उनके मेंटॉर हैं. आर्यमान दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछले तीन सालों से नेट बॉलर के रूप में जुड़े हुए हैं. उनका सपना है कि वो इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए तीनों फॉर्मेट में अपना योगदान दें. इतना ही नहीं उन्हें आईपीएल खेलने की इच्छा जताई है. आर्यमान का विराट कोहली आउट करने का सपना है, जो वो पूरा करना चाहते हैं.
आर्यमान वर्मा का परिवार भारत के दिल्ली से हैं. उनते पिता का नाम मुनीश वर्मा हैं और वो दिल्ली के लिए बैडमिंटन खेल चुके हैं. हालांकि आर्यमान का जन्म लंदन में हुआ था. उन्होंने अपने शुरुआत दिन मुंबई में बिताए हैं. मुबंई में रहते हुए उन्हें और उनके भाई आरव को क्रिकेट से प्यार हो गया. हालांकि वो लंदन में शिफ्ट हो गए और वहीं क्रिकेट भी खेलने लगे. उन्होंने कहा था कि उनका लक्ष्य है कि वो एक दिन इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल लेवल पर क्रिकेट खेलें.
आर्यमान ने खुलासा किया था कि कुलदीप यादव उनके मेंटॉर हैं. उन्होंने इसको लेकर कहा, "मैं कुलीद के बहुत करीब हूं. हम लगातार फोन पर बातचीत करते रहते हैं. वो भी मुझे टिप्स देते रहते हैं. मैं उन्हें सिर्फ एक दोस्त नहीं बल्कि बड़ा भाई और गुरु मानता हूं."
आर्यमान वर्मा ने विराट कोहली को लेकर भी बात कही थी. उन्होंने कहा, "विराट कोहली किंग हैं. मुझे यकीन है कि अगर मैं उन्हें आउट कर देता हूं, तो मैं रोने लगूंगा. मेरा पूरा परिवार विराट कोहली का फैन है. मैं तो ये भी कह सकता हूं कि हम उनकी पूजा भी करते हैं. मुझे नहीं लगता है कि विराट जैसा कोई खिलाड़ी आएगा और न पहले आया है. मैं आईपीएल खेलना चाहता हूं और आरसीबी के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए उनका विकेट लेना मेरा बहुत बड़ा सपना है."
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.