क्रिकेट
What is Allan Border Medal Awards: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने एलन बॉर्डर मेडल पुरस्कार अपने नाम किया है. हेड ने अपने साथी खिलाड़ी एलेक्स कैरी को बड़े मामूली अंतर से हराकर अवॉर्ड जीता है.
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने एलन बॉर्डर मेडल पुरस्कार अपने नाम किया है. हेड ने अपने साथी खिलाड़ी एलेक्स कैरी को बड़े मामूली अंतर से हराकर अवॉर्ड जीता है. इसके साथ ही एलन बॉर्डर मेडल जीतने वाले 5वें खिलाड़ी बन गए हैं. इतना ही नहीं, ट्रेविस हेड ने ये अवॉर्ड लगातार दूसरी बार जीता है. हालांकि, ये अवॉर्ड जीतने के बाद हेड ने बयान भी दिया है. आइए जानते हैं कि एलन बॉर्डर मेडल क्या है और इसका इतिहास क्या है.
एलन बॉर्डर मेडल मिलने पर क्या बोले हेड?
एलन बॉर्डर मेडल मिलने पर ट्रेविस हेड ने कहा, "मेरे लिए ये बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य की बात है कि एलन बॉर्डर स्वयं यहां मौजूद थे. पिछले साल श्रीलंका में हुए समारोह की तुलना में यही सबसे बड़ा अंतर था कि इस बार उन्होंने खुद मुझे ये पुरस्कार प्रदान किया. ये सोचकर बहुत अच्छा लगता है कि मेरे पास अब दो एलन बॉर्डर मेडल हैं. 20 साल बाद मेरे बच्चे इन्हें देखेंगे और मैं उन्हें इनके बारे में बता सकूंगा. दोनों पुरस्कारों में भारत और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का योगदान होना भी मेरे लिए बेहद खास है."
लगातार दूसरी बार ये अवॉर्ड जीते हेड
ट्रेविस हेड ने एलन बॉर्डर मेडल बेहत कम अंतर से जीता है. उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी एलेक्स कैरी को सिर्फ एक वोट से और मिचेल स्टार्क तो 3 वोट से हराया है. हालांकि, ये उनका दूसरा अवॉर्ड है. इससे पहले हेड ने 3 फरवरी 2025 को ये अवॉर्ड अपने नाम किया था. इसके साथ ही हेड अब स्टीव स्मिथ और नाथन लियोन के साथ एक से अधिक बार ‘एलन बॉर्डर मेडल’ पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. लगातार दो सालों तक ये पुरस्कार जीतने वाले अन्य खिलाड़ियों में रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क, डेविड वॉर्नर और शेन वॉटसन शामिल हैं.
क्यों दिया जाता है ये अवॉर्ड?
एलन बॉर्डर मेडल ऑस्ट्रेलिया का एक सर्वोच्च व्यक्तिगत क्रिकेट पुरस्कार है. ये पुरस्कार पिछले एक साल के प्रदर्शन पर निर्भर रहता है. यानी टेस्ट, वनडे और टी20 में दमदार और शानदार प्रदर्शन करने वालों को ये अवॉर्ड मिलता है. शानदार परफॉर्मेंस वाले खिलाड़ियों के बीच वोटिंग होती है, जिसके बाद ये ऑस्ट्रेलियाई पुरुष क्रिकेटर को अवॉर्ड दिया जाता है.
क्या है एलन बॉर्डर मेडल और कब हुई इसकी शुरुआत?
एलन बॉर्डर मेडल ऑस्ट्रेलिया के महान पूर्व खिलाड़ी एलन बॉर्डर के नाम पर रखा गया है. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को ये अवॉर्ड पुरस्कार एक वोटिंग के जरिए मिलता है. इसमें हर मैच के बाद साथी खिलाड़ी, कोच और अंपायर वोट देते हैं. इस अवॉर्ड को सबसे ज्यादा रिकी पोंटिंग ने 4 बार जीता है. हालांकि, इस अवॉर्ड की शुरुआत साल 2000 में हुई थी. तब से लेकर ये अवॉर्ड हर साल ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को दिया जाता है.