क्रिकेट
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली आज बुधवार 8 जुलाई, 2026 को अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास दिन गांगुली की बायोपिक फिल्म दादा द सौरव गांगुली स्टोरी का फर्स्ट लुक पोस्टर भी लॉन्च हो गया है.
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली आज बुधवार 8 जुलाई, 2026 को अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास दिन गांगुली की बायोपिक फिल्म दादा द सौरव गांगुली स्टोरी का फर्स्ट लुक पोस्टर भी लॉन्च हो गया है. गांगुली के बर्थडे पर देशभर से उन्हें बधाईयां मिली है. इतना ही नहीं, उनके बायोपिक फिल्म में गांगुली का किरदार निभा रहे एक्टर राजकुमार राव ने भी उन्हें स्पेशल विश किया है. राजकुमार ने फिल्म के पोस्टर को शेयर करते हुए उन्हें विश किया है. इस पोस्टर में राजकुमार गांगुली का लॉर्ड्स के मैदान की बालकनी से टी-शर्ट उतारकर लहराने वाला जश्न मना रहे हैं. आइए जानते हैं कि राजकुमार राव और सौरव गांगुली ने इस पोस्टर को लेकर क्या कहा है.
पोस्टर को लेकर क्या बोले पूर्व कप्तान?
सौरव गांगुली ने अपने जन्मदिन पर लॉन्च हुए बायोपिक फिल्म के पोस्टर को लेकर कहा, "जन्मदिन हमेशा खास होते हैं और आज मेरी बायोपिक ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक रिलीज होने से ये और भी यादगार बन गया है. ये सच में अब तक का सबसे अच्छा बर्थडे गिफ्ट है. ये पोस्टर मुझे मेरे क्रिकेट सफर के एक बेहद खास पल में वापस ले जाता है. राजकुमार ने इस किरदार को पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निभाया है. मुझे भरोसा है कि वो मेरी कहानी को दर्शकों तक बेहतरीन तरीके से पहुंचाएंगे."
The Best Gift Ever! Can’t wait to see you play my cover drive! #RajkummarRao#Dada #DadaTheSouravGangulyStory #DadaFirstLook pic.twitter.com/TqHsWn2Eg8
— Sourav Ganguly (@SGanguly99) July 8, 2026
उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट को लेकर कहा, "मैं उन्हें और पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि फैंस 14 मई 2027 को बड़े पर्दे पर फिल्म का आनंद लेंगे."
राजकुमार राव ने किया स्पेशल विश
बॉलीवुड के स्टार एक्टर राजकुमार राव पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली की बायोपिक फिल्म में उनका किरदार निभाते हुए नजर आएंगे. इसी वजह से उन्होंने गांगुली के जन्मदिन पर स्पेशल विश किया है. दरअसल, राजकुमार ने बायोपिक का फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर किया है और साथ ही कैप्शन में लिखा, "हमारे प्यारे दादा को जन्मदिन की बधाई."
क्या टी-शर्ट उतारकर जश्न मनाने की कहानी?
सौरव गांगुली की कप्तानी में टीम इंडिया ने साल 2002 में लॉर्ड्स में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी. दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया नेटवेस्ट ट्राई सीरीज का फाइनल ऐतिहासिक मैदान पर खेल रही थी. इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 325 रन बना दिए थे. भारतीय टीम ने 2 विकेट और 3 गेंद रहते मुकाबला अपने नाम किया है. ये जीत भारतीय क्रिकेट की सबसे यादगार जीतों में गिनी जाती है. उस ऐतिहासिक जीत के बाद गांगुली ने कहा था, "मुझे कभी यकीन नहीं था कि हम ये मैच जीत पाएंगे."
कैसा रहा गांगुली का करियर
सौरव गांगुली ने अपने वनडे करियर में 11,363 रन बनाए और टेस्ट में 7212 रन बनाए हैं. उन्होंने 2008 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया और 2012 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कहा था. भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें 2004 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया था.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से