क्रिकेट
रोहित शर्मा के टेस्ट रिटायरमेंट के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट नए टेस्ट कप्तान की तलाश कर रही है. जिसमें शुभमन गिल, केएल राहुल और रिषभ पंत दावेदार बताए जा रहे हैं. आइए जानें इन तीनों खिलाड़ियों में टेस्ट टीम की कप्तानी के लिए कौन राइट चॉइस है.
भारत के टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड दौरे से पहले इस प्रारुप से संन्यास का ऐलान कर दिया. जिसके ठीक 5 दिन बाद ही विराट कोहली ने भी टेस्ट रिटायरमेंट की घोषणा कर दी. जिसके बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट टेस्ट क्रिकेट में नए कप्तान की तलाश में है. भारत के टेस्ट कप्तान की दावेदारी में शुभमन गिल, रिषभ पंत और केएल राहुल शामिल हैं.
25 मई को भारत के नए टेस्ट कप्तान की घोषणा हेड कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर कर सकते हैं. मगर अब भी सवाल यही है कि इन तीनों खिलाड़ियों में टेस्ट टीम के कप्तानी के लिए कौन-सा खिलाड़ी कोच गंभीर के लिए राइट चॉइस होगा. जिनका बतौर कोच टेस्ट क्रिकेट में कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा है.
टेस्ट टीम की कप्तानी के लिए कौन है राइट चॉइस?
शुभमन गिल यंग है. उनको फ्यूचर स्टार माना जा रहा है, लेकिन विदेशी सरजमीं पर गिल का प्रदर्शन अभी तक बहुत अच्छा नहीं रहा है. जब ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर में इतने दावेदार हैं, तो 2-3 मैच में फ्लॉप हुआ तो गिल की टीम में जगह पर सवाल उठने लगेंगे. कुछ एक्सपर्ट्स ऐसा कह भी रहे हैं. दूसरा ये कि इंग्लैंड जैसे कठिन दौरे पर गिल जैसे नए खिलाड़ी को पहली बार कप्तान बनाकर भेजना जोखिम भरा हो सकता है.
रिषभ पंत का टेस्ट मैचों में अच्छा रिकॉर्ड है. टीम का इंपैक्ट प्लेयर है. जब खेलता है, मैच जिताता है, लेकिन कप्तानी का रिकॉर्ड ठीक नहीं है. आईपीएल में जिन टीमों का कप्तान रहा, उनका परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा. टेस्ट और टी20 अलग-अलग हैं, लेकिन पंत पर कप्तानी का दबाव दिखता है. खासकर यदि अपना परफॉर्मेंस अच्छा नहीं हो रहा हो. आईपीएल के इस सीजन में कई बार उसको चिल्लाते-झल्लाते देख चुके हैं. यह भी है कि एक्सीडेंट से वापसी के बाद उसकी कंसिस्टेंसी भी पहले जैसी नहीं है.
वही केएल राहुल सबसे अनुभवी दावेदार है. पुरानी और नई जेनरेशन के खिलाड़ियों के बीच की कड़ी हो सकता है. टीम में कहीं भी खेल सकता है, जरूरत पड़ी तो विकेटकीपिंग भी कर सकता है. लेकिन क्या टीम में उसकी जगह पक्की है? करीब एक साल पहले ही उसको टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था. टीम में पॉजिशन भी फिक्स नहीं है. आईपीएल में कप्तानी का रिकॉर्ड एवरेज है.
बीसीसीआई को दांव खेलना होगा. ये तीनों विकल्प ऐसे नहीं हैं कि आंख बंदकर कप्तान बना दिया जाए. सिलेक्शन कमेटी को सोचना होगा कि वो कितना आगे देख रही है. रोहित शर्मा कप्तान बना था, तभी स्पष्ट था कि 2-3 साल से ज्यादा नहीं रहेगा. यदि बोर्ड लंबी प्लानिंग कर रहा है तो गिल सबसे मुफीद हैं. यदि 3-4 साल की प्लानिंग है तो राहुल बेहतर विकल्प हो सकते हैं. इस दौरान अगले कप्तान को ग्रूम किया जा सकता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.