क्रिकेट
Prithvi Shaw joins Maharashtra: पृथ्वी शॉ ने आगामी घरेलू सीजन से पहले मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का हिस्सा बन गए हैं. इस सीजन वो ऋतुराज गायकवाड़ के साथ खेलते हुए दिखाई देंगे.
भारत के ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ काफी लंबे अरसे से इंटरनेशनल मैच नहीं खेल सके हैं. वही पिछले आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में पृथ्वी पर किसी टीम ने दांव तक नहीं चला. ऐसे में अपने करियर को सही पटरी पर वापस लाने के लिए पृथ्वी शॉ ने आगामी घरेलू सीजन से पहले बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के लिए खेलने का फैसला किया है. जिसका हिस्सा चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ हैं.
पृथ्वी शॉ को खराब फिटनेस और अनुशासन संबंधी मुद्दों के कारण की वजह से मुंबई की लाल गेंद टीम से बाहर कर दिया गया था. उन्होंने मुंबई के लिए अपना पिछला मैच मध्य प्रदेश के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल में खेला था. जिसको देखते हुए पृथ्वी शॉ ने पिछले महीने ही मुंबई क्रिकेट संघ से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की मांग की थी. जिसपर एमसीए (MCA) ने हाल ही में मुहर लगा दी थी.
पृथ्वी शॉ सोमवार को आधिकारिक तौर पर महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का हिस्सा बन गए. अपने फैसले के बारे में पृथ्वी शॉ ने कहा कि करियर के इस मोड़ पर, मैंने एक क्रिकेटर के रूप में अपनी ग्रोथ और डेवलपमेंट के लिए महाराष्ट्र टीम की ओर से खेलने का फैसला किया है. मैं एक बार फिर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से अब तक मिले अवसरों और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करता हूं. महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन पिछले कुछ वर्षों से पूरे राज्य में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने की खास कोशिशें कर रहा है. जिसमें महाराष्ट्र प्रीमियर लीग, महिला एमपीएल, कॉर्पोरेट शील्ड, डीबी देवधर ट्रॉफी जैसे इवेंट्स इसके प्रमाण हैं. इसलिए, मेरा मानना है कि इस तरह के माहौल में खेलना मेरे करियर को एक नया मोड़ देगा.
पृथ्वी शॉ ने आगे कहा कि मैं एक क्रिकेटर के रूप में आगे बढ़ पाऊंगा. इस बात की भी खुशी है कि मुझे ऋतुराज गायकवाड, अंकित बावने, राहुल त्रिपाठी, रजनीश गुरबानी और मुकेश चौधरी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ महाराष्ट्र टीम के लिए खेलने का मौका मिलेगा.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.