क्रिकेट
IND-W vs PAK-W Highlights: भारत और पाकिस्तान की महिला टीम के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला बर्मिंघम में खेला गया था, जिसे टीम इंडिया ने 64 रनों से अपने नाम कर लिया है.
भारत और पाकिस्तान की महिला टीम के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला बर्मिंघम में खेला गया था, जिसे टीम इंडिया ने 64 रनों से अपने नाम कर लिया है. भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 170 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान सिर्प 106 रनों पर ही सिमट गई. बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने तूफानी पारियां खेली. वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने कहर बरपाया और 5 विकेट अपने नाम किया है. टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत जीत के साथ की है और 64 रनों के बड़े मार्जिन से मुकाबला अपने नाम किया है.
106 रन पर सिमटी पाकिस्तान की पारी
पाकिस्तान की टीम 171 रनों का पीछा करते हुए 17 ओवर में 106 रनों पर ही सिमट गई. टीम के लिए मनीबा अली ने सबसे बड़ी 41 रनों की पारी खेली. इसके अलावा गुल फिरोजा 12, आएशा जफर 12, साएरा जबीन 2, नटालिया परवेज 7, फातिमा सना 0, आलिया रियाज 18, रमीम शमीम 4, नशरा संधु 4, तस्मिया रुबाब 0 और सादिया इकबाल ने नाबाद 1 रन बनाया.
दीप्ति शर्मा ने खोला पंजा
पाकिस्तान के खिलाफ दीप्ति शर्मा ने काफी दमदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए हैं. इसके साथ ही दीप्ति ने अपने टी20 करियर में दूसरी बार 5 विकेट हॉल कर लिया है. दीप्ति के अलावा श्री चरणी ने 3 विकेट और शेफाली वर्मा ने 1 विकेट अपने नाम किया. वहीं पाकिस्तान के लिए सादिया इकबाल और फातिमा सना ने 2-2 विकेट, जबकि तस्मिया और शमीम ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
मंधाना और घोष की तूफानी पारी
पाकिस्तान के खिलाफ स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों में 2 छक्के और 9 चौकों की मदद से 68 रनों की शानदार पारी खेली. इसके साथ ही मंधाना ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 5 बार फिफ्टी प्लस स्कोर भी कर लिया है और ऐसा करने वाली दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं. मंधाना के बाद ऋचा घोष ने अपने स्टाइल में पारी का अंत किया. उन्होंने 17 गेंदों में 1 छक्का और 5 चौकों की मदद से 34 रनों की धुआंधार पारी खेली और टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया है.
ऐसी रही टीम इंडिया की पारी
टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बोर्ड पर लगाए हैं. टीम के लिए शेफाली वर्मा 6, स्मृति मंधाना 68, जेमिमा रोड्रिग्स 1, हरमनप्रीत कौर 36, भारती फुलमली 1, ऋचा घोष 34, दीप्ति शर्मा ने नाबाद 12 रन और श्रेयंका पाटिल नाबाद 1 रन बनाया. इतना ही नहीं, मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की शानदार पारी खेली.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से