क्रिकेट
IND vs ZIM 3rd T20 Pitch Report: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार 26 जुलाई, 2026 को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है, जिसके शुरुआती दोनों मुकाबले खेले जा चुके हैं. इस सीरीज को टीम इंडिया ने 2-0 से अपने नाम कर ली है. लेकिन सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाना बाकी है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार 26 जुलाई, 2026 को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान अपनी पहली सीरीज जीत ली है और आखिरी मैच जीतकर वो पहली क्लीन स्वीप भी करना चाहेंगे. लेकिन इस मैच में पिच से भी खिलाड़ियों को मदद मिल सकती हैं. आइए जानते हैं कि हरारे की पिच से गेंदबाज या बल्लेबाज किसका बोलबाला देखने को मिलेगा.
हरारे की पिच रिपोर्ट
हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच आमतौर पर बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है. इस सीरीज के सभी मैच इसी मैदान पर खेले जाएंगे. हालांकि, पहले मैच में टीम इंडिया ने 126 रनों का टारगेट 13.2 ओवरों में चेज किया था. उसके बाद दूसरे मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 219 रन बना दिए थे. हालांकि, ऐसे में इस मैदान पर रन बनाना आसान रहा है, जबकि गेंदबाजों की धुनाई होती है. लेकिन अगर गेंदबाज सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करे, तो उन्हें फायदा मिल सकता है, जैसे भारतीय गेंदबाजों ने दोनों मुकाबले में किया है.
इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर 259 रनों का है, जबकि सबसे छोटा स्कोर सिर्फ 71 रन है. इतना ही नहीं, हरारे में 194 रनों का टारगेट भी चेज हो चुका है. पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसतन स्कोर 158 का रहा है.
श्रेयस अय्यर ने जीती अपनी पहली सीरीज
आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया की टी20 टीम की कप्तानी मिली थी. लेकिन टीम आयरलैंड से 2-0 से हारी थी और अय्यर ने अपनी सीरीज में शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज कर लिया था. उसके बाद अय्यर की अगुवाई वाली टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली, जिसमें 4-0 से हार का सामना करना पड़ा और एक मैच बारिश से रद्द हुआ. आयरलैंड और इंग्लैंड के बाद भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे का दौरा किया, जहां अय्यर ने बतौर कप्तान अपनी पहली सीरीज जीत ली है.
दोनों टीमों का फुल स्क्वाड
जिम्बाब्वे- ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), डायोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, वेस्ली मधेवेरे, मिल्टन शुंबा, रिचर्ड नगारवा, तनाका चिवांगा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, बेन कुरेन, तफदज़वा त्सिगा और न्यूमैन न्यामुरी.
भारत- अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे और रवि बिश्नोई.