क्रिकेट
IND vs SA 1st Test Highlights: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला मुकाबला 14 नवंबर से कोलकाता में खेला गया था और तीसरे दिन इसका रिजल्ट भी निकल गया. अफ्रीका ने 30 रनों से मैच अपने नाम किया और सीरीज के 1-0 से बढ़त बना ली है.
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 14 नवंबर से कोलकाता में खेला गया था. इस मैच के तीसरे दिन रिजल्ट भी निकल गया है और अफ्रीका ने 30 रनों से अपने नाम कर लिया है और सीरीज के 1-0 से बढ़त बना ली है. हालांकि टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल चोट के कारण बैटिंग नहीं कर पाए. टीम इंडिया के लिए स्पिन फ्रेंडली पिच कब्रिस्तान बन गई है और अपने खोदे हुए गड्ढे में खुद ही गिर गई है.
15 साल बाद भारत में जीती अफ्रीका
साउथ अफ्रीका ने कोलकाता टेस्ट में भारत को 124 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे देखकर किसी को भी लगेगा कि टीम इंडिया आसानी से मुकाबला जीत लेगी. लेकिन अफ्रीका ने ऐसा होने नहीं दिया. WTC चैंपियन साउथ अफ्रीका ने 124 रनों के लक्ष्य को पहाड़ जैसा बना दिया. भारत को केवल 93 रनों पर रोक दिया और 30 रनों से मुकाबला जीत लिया है. 15 साल बाद टेम्बा बावुमा की कप्तानी में अफ्रीका पहली बार कोई टेस्ट मैच जीती है.
124 रन नहीं बना पाई टीम इंडिया
कोलकाता टेस्ट जीतने के लिए टीम इंडिया के सामने 124 रनों का लक्ष्य था. लेकिन टीम 93 रनों पर ही सिमट गई. टीम के लिए यशस्वी जायसवाल 0, केएल राहुल 1, वॉशिंगटन सुंदर 31, ध्रुव जुरेल 13, ऋषभ पंत 2, रवींद्र जडेजा 18, अक्षर पटेल 26, कुलदीप यादव 1, जसप्रीत बुमराह नाबाद 0, मोहम्मद सिराज 0 और शुभमन गिल चोट के कारण बैटिंग नहीं कर पाए.
ऐसा रहा पूरा मुकाबला
साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रनों पर ढेर हो गई. टीम के लिए सबसे बड़ी पारी एडन मार्करम ने 31 रनों की खेली. इसके जवाब में टीम इंडिया ने 189 रन बोर्ड पर लगाए और ऑलआउट हो गई. टीम के लिए सबसे बड़ी पारी केएल राहुल ने 39 रनों की खेली. हालांकि इस पारी के बाद भारत ने 30 रनों की बढ़त बना ली थी.
वहीं साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में 153 रन बनाए. टीम के लिए सबसे बड़ी पारी कप्तान टेम्बा बावुमा ने नाबाद 55 रनों की पारी खेली. पूरे मैच में इकलौता अर्धशतक अफ्रीकी कप्तान ने लगाया है. इस तरह अफ्रीका ने भारत को 124 रनों का टारगेट दिया था. इसका पीछा करते हुए टीम इंडिया 93 रनों पर सिमट गई. टीम के लिए सबसे बड़ी पारी वॉशिंगटन सुंदर ने 31 रनों की खेली है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.