क्रिकेट
IND vs NZ 2nd T20 Pitch Report: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 रायपुर में खेला जाएगा.भारतीय खेमे का आत्मविश्वास जीत के बाद काफी बढ़ा हुआ है. ऐसे में मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा रायपुर की पिच को लेकर हो रही है.
IND vs NZ 2nd T20 Pitch Report: नागपुर में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को साफ तौर पर पीछे छोड़ दिया. उस जीत के बाद भारत सीरीज में 1-0 से आगे है और अब उसकी नजर रायपुर में बढ़त को मजबूत करने पर है. दूसरी ओर, कीवी टीम के लिए यह मुकाबला वापसी के लिहाज से बेहद अहम होगा. ऐसे में रायपुर की पिच और हालात मैच के नतीजे में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं.
दरअसल, भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खेला जाना है. पहले मैच में हार झेलने के बाद न्यूज़ीलैंड की टीम दबाव में होगी, जबकि भारतीय खेमे का आत्मविश्वास जीत के बाद काफी बढ़ा हुआ है. ऐसे में मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा रायपुर की पिच को लेकर हो रही है. शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजी के लिए मददगार माना जाता है. यहां की सतह सख्त रहती है, जिस वजह से गेंद बल्ले पर अच्छे से आती है. शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को टाइमिंग में आसानी मिलती है और अगर आंख जम जाए तो बाउंड्री लगाना मुश्किल नहीं होता. यही वजह है कि इस मैदान पर बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं.
हालांकि, गेंदबाजों के लिए भी यहां मौके पूरी तरह खत्म नहीं होते तेज गेंदबाज नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट निकालने की कोशिश कर सकते हैं. वहीं स्पिनरों को बीच के ओवरों में थोड़ी पकड़ मिलती है, लेकिन उन्हें गति में बदलाव और सटीक लाइन-लेंथ पर निर्भर रहना होगा. आंकड़ें देखें तो, इस पिच पर बिना वैरिएशन के गेंदबाजी करना यहां महंगा साबित हो सकता है. रायपुर में खेले जाने वाले शाम के मुकाबलों में ओस एक अहम फैक्टर बनकर सामने आती है. यहां टॉस जीतने वाली टीम अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है, ताकि लक्ष्य का पीछा करते वक्त परिस्थितियों का फायदा उठाया जा सके.
यह भी पढ़ें: 'हार्दिक के बिना अधूरी है टीम इंडिया...' पूर्व दिग्गज ने बताई Hardik Pandya की अहमियत, जानिए क्या कहा
टीम कॉम्बिनेशन की बात करें तो भारत के पास बल्लेबाजी में गहराई है और ऑलराउंडर विकल्प भी मौजूद हैं. वहीं न्यूजीलैंड की टीम संतुलन बनाने और गलतियों में सुधार के इरादे से मैदान पर उतरेगी. बहरहाल, दोनों टीमों की रणनीति काफी हद तक पिच और टॉस के फैसले पर निर्भर करेगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.