क्रिकेट
Shubman Gill PC: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर बात की है.
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज के बाद अब तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है. इस सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार 14 जुलाई, 2026 को खेला जाएगा. इस मैच से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर बात की है. उन्होंने बताया है कि रो-को की जोड़ी टीम इंडिया के लिए क्यों जरूरी है और साथ ही उन्होंने दोनों दिग्गजों को टीम की रीढ़ बताया है. आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा है.
शुभमन गिल ने रो-को को लेकर की बात
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "विराट भाई और रोहित भाई पिछले एक दशक से भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं और वो आज भी हमारी वनडे टीम का अभिन्न हिस्सा हैं. दोनों का अनुभव और कौशल टीम के लिए बेहद अहम है. हमने पिछले दस सालों में अलग-अलग परिस्थितियों, टूर्नामेंटों और बड़े मुकाबलों में उनका लगातार शानदार प्रदर्शन देखा है."
उन्होंने कहा, "जब टीम में अनुभवी खिलाड़ी होते हैं तो दबाव की स्थिति में स्वाभाविक रूप से संयम बना रहता है, क्योंकि वो ऐसी परिस्थितियों का कई बार सामना कर चुके होते हैं. अनुभव किसी भी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है."
2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर गिल और विराट ने की चर्चा
गिल ने बताया कि उन्होंने विराट के साथ 2027 वर्ल्ड कप को लेकर चर्चा की है. उन्होंने कहा, "हम इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों के लिए सबसे उपयुक्त संयोजन क्या हो सकता है. कौन-से खिलाड़ी अभी टीम में नहीं हैं, लेकिन भविष्य में उपयोगी साबित हो सकते हैं. हमने तेज गेंदबाजों, ऑलराउंडर्स और स्पिनरों सहित कई विकल्पों पर बात की."
बुमराह को लेकर क्या बोले गिल?
शुभमन गिल ने बुमराह को लेकर कहा, "बुमराह कुछ समय बाद टीम में लौट रहे हैं. उम्मीद है कि उन्होंने इस वनडे सीरीज से पहले पर्याप्त गेंदबाजी की होगी. आशा है कि ये सीरीज उनके लिए अच्छी रहेगी और हम जीत के साथ इसका समापन करेंगे."
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से