क्रिकेट
IND vs ENG 4th Test: करो या मरो टेस्ट से पहले टीम इंडिया का स्टार गेंदबाज बाहर हो गया है, जिसके बाद शुभमन गिल की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार 23 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा. टीम इंडिया के लिए ये मैच करो या मरो होने वाला है, क्योंकि 5 मैचों की सीरीज में इंग्लैंड ने 2-1 से बढ़त बनाई हुई है. लेकिन इस अहम मैच से पहले भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है. टीम का तेज गेंदबाज चोटिल हो गए हैं और मुकाबले से बाहर हो गए हैं. बीसीसीआई ने भी इसपर बड़ा खुलासा किया है. आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है.
स्टार गेंदबाज चौथे टेस्ट से बाहर
बीसीसीआई सूत्रों ने कहा, " तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के हाथ पर गहरा कटा है, जिसके बाद उन्हें टांके भी लगे हैं. उन्हें पूरी तरह फिट होने में कम से कम 10 दिन लग सकते हैं. हालांकि सिलेक्टर्स ने उनकी जगह अंशुल कंबोज को टीम में शामिल करने का फैसला लिया है."
कैसे लगी थी अर्शदीप को चोट?
दरअसल, अर्शदीप सिंह नेट में साई सुदर्शन को गेंद कर रहे थे, तभी गेंद रोकने की कोशिश में उन्हें चोट लग गई थी. उनकी उंगली में गहरा कटा हुआ है, जिसके बाद उन्हें टांके लगाए गए हैं. भले ही अर्शदीप ने एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन ऐसी पूरी उम्मीद थी कि अगर बुमराह चौथा टेस्ट नहीं खेलेंगे, तो अर्शदीप को प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह मिल जाएगी.
आकाशदीप पर भी बना है खतरा
दूसरे टेस्ट में आकाशदीप ने दमदार गेंदबाजी की थी और कुल 10 विकेट अपने नाम किए थे. लेकिन बुरी खबर ये है कि आकाश भी कमर दर्द से जूझ रहे हैं और उनका खेलना कन्फर्म नहीं हुआ है. उन्होंने मैनचेस्टर में अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया था.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.