क्रिकेट
Ahmed Shahzad on Virat Kohli: विराट कोहली की तुलना न तो बाबर आजम और न ही एमएस धोनी से होनी चाहिए. पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर ने तुलना करने वालों को करारा जवाब दिया है.
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और पाकिस्तान के बाबर आजम की अक्सर तुलना होती है. इतना ही नहीं कई फैंस तो विराट और एमएस धोनी की भी तुलना कर देते हैं. हालांकि विराट कोहली एक काफी लंबे समय तक अपनी फॉर्म से जूझे हैं. लेकिन अब बाबर आजम को भी बुरा हाल है और वो पिछले दो सालों से एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं. इस बीच पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी अहमद शाहजाद ने विराट कोहली की बाबर आजम या एमएस धोनी से तुलना करने वालों को करारा जवाब दिया है. आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा है.
अहमद शाहजाद ने दिया करारा जवाब
टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से शहजाद ने कहा, "जब सब कुछ ठीक चल रहा था, तो आप खिलाड़ियों की तुलना करने के लिए अभियान चला रहे थे. अब जब प्रदर्शन नहीं आ रहे हैं, तो आप कह रहे हैं कि दो खिलाड़ियों की तुलना न करें, क्यों नहीं? विराट कोहली की तुलना दुनिया में किसी से नहीं की जा सकती. वो इस पीढ़ी के एक दिग्गज हैं और एक रोल मॉडल हैं."
उन्होंने कहा, "आप उनकी तुलना एमएस धोनी से भी नहीं कर सकते हैं. धोनी भले ही एक महान कप्तान रहे हों. लेकिन एक बल्लेबाज, क्रिकेटर और एथलीट के रूप में कोहली अकेले हैं. किसी की तुलना किसी से नहीं की जानी चाहिए. क्योंकि ये अनुचित है और इससे अतिरिक्त दबाव बढ़ता है, जिसे हम अब बाबर आजम पर देख रहे हैं."
आपको बता दें कि वेस्टइंडीज दौरे पर बाबर आजम ने तीन वनडे मैचों में केवल 56 रन ही बनाए हैं. हालांकि एक बार वो डक पर भी पवेलियन लौटे हैं. बाबर आजम ने साल 2023 के बाद से शतक नहीं लगाया है और अब उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. बाबर ने नेपाल के खिलाफ आखिरी शतक लगाया था. जब विराट खराब फॉर्म में थे और बाबर रन बना रहे थे, तब से विराट और बाबर की तुलना होनी शुरू हुई थी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.