क्रिकेट
Team India's Head Coach: गौतम गंभीर के बाद एमएस धोनी टीम इंडिया के हेड कोच बनेंगे? पूर्व क्रिकेटर ने एक बड़ा दावा किया है.
भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिए हुए 5 साल से ज्यादा समय हो गया है. हालांकि धोनी अभी भी इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आते हैं. धोनी ने टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जिताई है. धोनी इकलौते ऐसे भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने ये तीनो आईसीसी ट्रॉफी जीती है. वहीं अब धोनी को लेकर पूर्व क्रिकेटर ने बातचीत की है, जो टीम इंडिया के हेड कोच को लेकर है. इस समय गौतम गंभीर उस भूमिका में है. आइए जानते हैं कि पूर्व दिग्गज ने इसे लेकर क्या कहा है.
क्या धोनी बनेंगे टीम इंडिया के हेड कोच?
पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "ये बहुत बड़ी बात है. मुझे नहीं लगता कि उसे कोई दिलचस्पी है. कोचिंग एक कठिन काम है. कोचिंग आपको उतना ही व्यस्त रखती है जितना आप खेलते समय थे. कभी-कभी उससे भी ज्यादा होता है. आपका एक परिवार है और आप कहते हैं कि आपने पूरी जिंदगी एक ही काम किया है. आपने अपना जीवन एक सूटकेस के बाहर गुजारा है और अब आप वो काम नहीं करना चाहते हैं."
उन्होंने आगे कहा, "यही कारण है कि बहुत से खिलाड़ी कोचिंग में नहीं आते हैं. यदि वो ऐसा करते भी हैं, तो ये दो महीने का आईपीएल कार्यकाल है. हालांकि, आप पूर्णकालिक भारतीय मुख्य कोच बनते हैं, तो ये साल में 10 महीने की प्रतिबद्धता है. मुझे नहीं पता कि धोनी के पास इतना समय होगा या नहीं. अगर उनके पास इतना समय होगा तो मुझे आश्चर्य होगा."
कब कब जीती ट्रॉफी?
एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. उसके बाद साल 2011 में टीम इंडिया ने वनडे वर्ल्ड कप का टाइटल जीता. वहीं साल 2013 में टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी. इतना ही नहीं उन्होंने आईपीएल टीम सीएसके को भी 5 बार टाइटल जितवाया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.