क्रिकेट
Virat Kohli and Rohit Sharma in ODI World Cup 2027: विराट कोहली और रोहित शर्मा के आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में उपलब्धा को लेकर बीसीसीआई ने बड़ी जानकारी दी है.
भारतीय क्रिकेट टीम के अनमोल रतन विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद दोनों दिग्गजों ने संन्यास का ऐलान किया था. उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले दोनों ने आगे-पीछे टेस्ट से भी रिटायरमेंट ले ली. हालांकि अब विराट और रोहित वनडे क्रिकेट खेलेंगे. लेकिन आज के दौर में वनडे फॉर्मेट कम खेला जा रहा है. विराट-रोहित और आईससी वनडे वर्ल्ड कप 2027 काफी चर्चा में रहते हैं. बीसीसीआई ने एक बड़ा खुलासा किया है. बोर्ड ने बताया है कि वो दोनों वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं.
विराट-रोहित वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने लंदन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ही बल्लेबाज वनडे फॉर्मेट के लिए उपलब्ध हैं. हम सबको विराट और रोहित की कमी होती है. लेकिन रिटायरमेंट का फैसला उनका खुद का होता है. बीसीसीआई की ये पॉलिसी है कि हम किसी भी खिलाड़ी को किसी भी फॉर्मेट से रिटायरमेंट के लिए नहीं कह सकते हैं. ये पूरी तरह से प्लेयर पर निर्भर करता है. टेस्ट से संन्यास का फैसला उन दोनों खिलाड़ियों का ही था."
ऐसा रहा दोनों खिलाड़ियों का करियर
विराट कोहली ने तीनों फॉर्मेट में अपना दमखम दिखाया है और टीम इंडिया को उनकी कमी तीनों फॉर्मेट में ही होती है. विराट ने अब तक वनडे क्रिकेट में 302 मैचों में 14181 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 74 अर्धशतक और 51 शतक बनाए हैं. वहीं 123 टेस्ट में उन्होंने 9230 रन बनाए हैं और 30 शतक ठोके हैं. जबकि टी20 में 125 मैचों में 4188 रन है और इस दौरान केवल एक शतक आया है.
रोहित शर्मा ने भी अपने करियर में दमखम दिखाया है. उन्होंने 273 वनडे मैचों में 11168 रन बनाए हैं. उन्होंने कुल 32 शतक भी ठोके हैं और 58 अर्धशतक जड़े हैं. रोहित ने वनडे में 264 रनों की पारी खेली हुई है, जिसका रिकॉर्ड टूटना असंभव लग रहा है. वहीं 67 टेस्ट में रोहित ने 4301 रन और 159 टी20 में 4231 रन बनाए हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.