यूटिलिटी
Jaya Pandey | May 08, 2026, 05:43 PM IST
1.बिजली बिल कम करता है छत पर लगा सोलर पैनल

भारत में आजकल लोग बिजली का बिल कम करने के लिए अपने छतों पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं. इससे पर्यावरण संरक्षण भी होता है. एक बार सोलर पैनल में इन्वेस्टमेंट करके आप कुछ साल में उसकी लागत निकालने के बाद लंबे समय तक बेहद कम दाम पर या बिलकुल फ्री में बिजली का फायदा उठा सकते. लगातार बढ़ती बिजली की कीमतों के बीच सरकारी सब्सिडी की वजह से अब रूफटॉप सोलर पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा किफायती विकल्प बन चुका है.
(Image Credit: Canva)
2.मिडिल क्लास को कितने वाट सोलर पैनल की है जरूरत?

भारत में सोलर सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है और सरकार भी घरेलू सोलर इंस्टॉलेशन को बढ़ावा दे रही है. इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के अनुसार, शहरी इलाकों में रहने वाले ऐसे परिवार जिनकी मासिक बिजली खपत लगभग 300 से 500 यूनिट है, उनके लिए 3 किलोवाट से 5 किलोवाट तक का रूफटॉप सोलर सिस्टम पर्याप्त है. आमतौर पर 1 किलोवाट का सोलर सिस्टम भारत में सालभर में लगभग 1,400 से 1,500 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है. हालांकि यह आंकड़ा शहर, मौसम और धूप की उपलब्धता पर थोड़ा बदल सकता है.
(Image Credit: Canva)
3.कितने किलोवाट का सोलर पैनल कितनी बिजली जनरेट करता है?

इस हिसाब से 3 किलोवाट का सिस्टम हर साल लगभग 4,200 से 4,500 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है, जबकि 5 किलोवाट का सिस्टम करीब 7,000 से 7,500 यूनिट तक बिजली जनरेट कर सकता है. जिन राज्यों में घरेलू बिजली की दरें 7 से 10 रुपये प्रति यूनिट के बीच हैं, वहां यह बचत काफी बड़ी हो जाती है. उदाहरण के लिए, अगर कोई परिवार हर महीने लगभग 400 यूनिट बिजली खर्च करता है, तो उसका सालाना बिजली बिल 40,000 से 60,000 रुपये तक पहुंच सकता है. बिजली दरों में हर साल बढ़ोतरी को जोड़ दें तो अगले 25 साल में यही खर्च 10 लाख रुपये से भी ज्यादा हो सकता है. ऐसे में सोलर सिस्टम लंबे समय तक काफी बड़ी आर्थिक राहत देता है.
(Image Credit: Canva)
4.सोलर पैनल लगवाने के लिए सरकार से कितनी सब्सिडी मिलती है?

पहले सोलर सिस्टम लगाने में सबसे बड़ी परेशानी इसकी शुरुआती लागत मानी जाती थी. लेकिन अब केंद्र और राज्य सरकारों की सब्सिडी योजनाओं ने इस बोझ को काफी कम कर दिया है. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में मुफ्त बिजली स्कीम के तहत केंद्र सरकार घरेलू रूफटॉप सोलर सिस्टम पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी देती है. कई राज्य सरकारें भी सोलर पैनल लगवाने वालों को अतिरिक्त मदद करती हैं. उत्तर प्रदेश और दिल्ली में इसके अलावा 30,000 रुपये तक की और सब्सिडी मिल सकती है. वहीं, असम जैसे कुछ राज्यों में यह सहायता 45,000 रुपये तक पहुंच जाती है. इससे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है.
(Image Credit: Canva)
5.रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने में कितना खर्च आता है?

ऐसे में 1 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाने में जहां सब्सिडी से पहले 55,000 रुपये से 75,000 रुपये तक वहीं सब्सिडी मिलने के बाद यह लागत 25,000 रुपये से 45,000 रुपये तक पहुंच जाती है. 3 किलोवाट के लिए ₹1,65,000-₹2,10,000 की रकम कम होकर 87,000 रुपये से 1,32,000 रुपये तक हो जाती है. इसके अलावा 5 किलोवाट तक का सोलर रूफटॉप लगवाने पर 2,75,000 रुपये से 3,50,000 रुपये तक की लागत कम होकर ₹1,97,000-₹2,72,000 तक हो जाती है.
(Image Credit: Canva)
6.कितने साल में निकल आती है सोलर पैनल की लागत?

सोलर कंपनियों और एनर्जी एक्सपर्ट के मुताबिक, ज्यादातर घरेलू रूफटॉप सोलर सिस्टम की लागत लगभग 4 से 6 साल में निकल जाती है. इसे पेबैक पीरियड कहा जाता है. बिजली बिल में होने वाली बचत के जरिए शुरुआती निवेश वापस आने में जितना समय लगता है, वही पेबैक पीरियड होता है. इसके बाद अगले 20 से 25 साल तक सोलर पैनल कम लागत में बिजली देते रहते हैं. अधिकतर अच्छी क्वॉलिटी वाले सोलर पैनलों की उम्र लगभग 25 साल या उससे ज्यादा होती है, हालांकि समय के साथ उनकी बिजली उत्पादन क्षमता थोड़ी कम भी हो जाती है.
(Image Credit: Canva)
7.अच्छी गुणवत्ता का सोलर सिस्टम ही है फायदेमंद

सोलर सिस्टम का असली फायदा तभी मिलता है जब इंस्टॉलेशन की गुणवत्ता अच्छी हो. एक्सपर्ट्स का कहना है कि केवल सबसे सस्ता सिस्टम चुनना सही फैसला नहीं होता. ग्राहकों को यह जरूर देखना चाहिए कि इस्तेमाल किए जा रहे सोलर मॉड्यूल सरकार की ALMM (Approved List of Models and Manufacturers) में शामिल हों. इसके अलावा इंस्टॉलेशन करने वाली कंपनी का अनुभव, स्ट्रक्चर की मजबूती, वायरिंग की गुणवत्ता और बिक्री के बाद मिलने वाली सर्विस भी बेहद जरूरी होती है. खराब इंस्टॉलेशन से बिजली उत्पादन कम हो सकता है और भविष्य में लीकेज या जंग जैसी समस्याएं भी आ सकती हैं.
(Image Credit: Canva)
8.सोलर पैनल का सही आकार भी है जरूरी

सिस्टम का सही आकार चुनना भी बहुत जरूरी है. जरूरत से बड़ा सिस्टम लगाने पर लागत बेवजह बढ़ सकती है, जबकि छोटा सिस्टम लगाने से पूरी बचत नहीं मिल पाती इसलिए एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि सोलर सिस्टम लगवाने से पहले कम से कम पिछले एक साल के बिजली बिलों को एनालाइज जरूर कर लेना चाहिए. इससे यह समझने में मदद मिलती है कि घर की वास्तविक बिजली जरूरत कितनी है और उसी हिसाब से सही क्षमता का सिस्टम चुना जाना चाहिए.
(Image Credit: Canva)
9.क्या बारिश के मौसम में भी काम करता है सोलर पैनल?

कई लोगों के मन में यह सवाल भी रहता है कि मानसून या बादलों वाले मौसम में क्या सोलर पैनल काम करते हैं. एक्सपर्ट के मुताबिक बारिश के मौसम में बिजली उत्पादन जरूर कम होता है, लेकिन सालभर की कुल बिजली उत्पादन क्षमता का अनुमान पहले से ही इन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लगाया जाता है. गर्मियों में ज्यादा धूप मिलने से होने वाला एक्स्ट्रा इलेक्ट्रिसिटी प्रोडक्शन मानसून में होने वाली कमी की भरपाई कर देता है.
(Image Credit: Canva)
10.रूफटॉप सोलर का सबसे बड़ा फायदा

रूफटॉप सोलर का एक बड़ा फायदा यह भी है कि यह भविष्य में बढ़ती बिजली दरों से सुरक्षा देता है. सामान्य तौर पर बिजली की कीमतें समय के साथ लगातार बढ़ती रहती हैं, लेकिन एक बार सोलर सिस्टम लग जाने के बाद घर की बिजली जरूरत खुद की बनाई बिजली से पूरी होने लगती है. इससे बिजली बिल पर निर्भरता कम होती है और इससे हर साल बढ़ने वाली बिजली की दरें भी आपका बजट बिगाड़ नहीं पातीं.
(Image Credit: Canva)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.