यूटिलिटी
मध्यप्रदेश की लाडली बहना योजना की तरह ही दिल्ली सरकार ने दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत की है. इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. इतना ही नहीं इसमें उनकी एफडी भी शामिल होगी.
अब दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना लेकर आई है. इस योजना में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को दिल्ली सरकार की तरफ से हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. इतना ही नहीं इस योजना की पहली किस्त सरकार भाई बहनों के त्योहार रक्षाबंधन पर जारी करेगी. इस बार रक्षाबंधन 28 अगस्त को है, ऐसे में अगर आप इस योजना लाभ लेना चाहती हैं तो जल्द से जल्द आवेदन कर दें. 28 अगस्त को सीधे आपके खाते में 2500 रुपये आ जाएंगे. आइए जानते हैं इस योजना के मानक और आवेदन करने का तरीका...
दिल्ली लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी करने के लिए 28 अगस्त यानी रक्षाबंधन के दिन को चुना गया है. इस दिन महिलाओं के खातों में 2500 रुपये की पहली किस्त भेजी जाएगी. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 5.92 लाख महिलाएं इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करवा चुकी हैं. हालांकि, प्रशासन का लक्ष्य दिल्ली की लगभग 17 लाख जरूरतमंद महिलाओं तक इस वित्तीय सहायता को पहुंचाना है. इस योजना में हर महीने महिलाओं को 2500 रुपये दिये जाएंगे.
इस योजना के तहत मिलने वाले 2500 सिर्फ कैश ट्रांसफर नहीं हैं, बल्कि इसमें बचत की एक अनोखी सोच शामिल की गई है. सरकार ने इसके भुगतान के लिए दो विकल्प तय किये हैं. इनमें पहला विकल्प है कि (डिजिटल + बचत) यानी इसके तहत 1000 रुपये लाभार्थी महिला के सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में आएंगे, जिसका इस्तेमाल महिलाएं दैनिक जरूरतों के लिए कर सकती हैं. इसके अलावा बाकी बचे 1500 रुपये सीधे आपकी आरडी (RD) या एफडी (FD) खाते में जमा हो जाएंगे. वहीं पूरी बचत का विकल्प चुनने पर आपके पूरे 2500 रुपये सीधे आरडी या एफडी में अकाउंट में ट्रांसफर होकर सेव हो जाएंगे. सरकार ने यह कदम महिलाओं के हाथ में तुरंत पैसा देने के साथ-साथ उनके भविष्य के लिए एक सुरक्षित वित्तीय ढांचा तैयार करने के मकसद से उठाया है.
पहली किस्त की डिलीवरी से पहले आवेदनों की गहन जांच और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है. अगर आपने भी अप्लाई किया है, तो यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आप सभी तय शर्तों को पूरा करती हों. अगर अभी तक आवेदन नहीं किया है तो यह जरूर देख लें कि आप इन सभी शर्तों को पूरा कर रहे हैं या नहीं. अगर हां तो आवेदन कर सकते हैं. लक्ष्मी योजना में आवेदन करने के लिए पहली शर्त आवेदक महिला दिल्ली की स्थायी निवासी हो या फिर कम से कम 10 सालों से दिल्ली में रह रही हो. इसके साथ ही महिला की उम्र कम से कम 18 साल या उससे अधिक हो. पूरे परिवार की सालाना इनकम 2.50 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. आवेदक महिला या उसके परिवार में कोई टैक्सपेयर न हो. इसके साथ ही दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र और बैंक डिटेल जरूर लगाये.
अगर आपने योजना में पंजीकरण कराया है, तो यह जांचना बेहद आसान है कि आपका फॉर्म स्वीकृत हुआ है या अभी वेरिफिकेशन में ही अटका हुआ है. इसके लिए सबसे पहले दिल्ली लक्ष्मी योजना के ऑनलाइन पोर्टल(https://dly.delhi.gov.in/) पर जाएं. इसके बाद यहां होमपेज पर मौजूद Track Application के विकल्प पर क्लिक करें. यहां अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें. इसके बाद स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरकर लॉगिन करें. अब आपके आवेदन की स्थिति क्या है. यानी वह स्वीकार हुआ है या फिर अभी प्रोसेस या रिजेक्ट कर दिया है यह स्क्रीन पर दिख जाएगा.