बिजनेस
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए OpenAI के फाउंडर और सीईओ सैम ऑल्टमैन ने बताया कि उन्होंने कई वर्षों पहले टेस्ला (Tesla) कार बुक की थी, लेकिन यह कार उन्हें कभी मिली ही नहीं.
OpenAI के फाउंडर और सीईओ सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) ने एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी टेस्ला पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सैम ऑल्टमैन ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने कई वर्षों पहले टेस्ला (Tesla) कार बुक की थी, लेकिन यह कार उन्हें कभी मिली ही नहीं. इस कार के लिए उन्हें काफी इंतजार करना पड़ा और वे अब रिफंड के इंतजार में हैं. सैम ऑल्टमैन ने इसको लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने टेस्ला कार की बुकिंग से लेकर भुगतान की गई राशि को वापस मांगने के लिए किए गए मेल की भी जानकारी दी है..
यह भी पढ़ें: कौन हैं Anthony Armstrong जो संभालेंगे Elon Musk की कंपनी xAI के पैसों का हिसाब-किताब?
ऑल्टमैन ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि मैं टेस्ला कार के लिए काफी उत्साहित था, मैं देरी भी समझता हूं. लेकिन 7.5 वर्षों का यह इंतजार मेरे लिए काफी लंबा रहा. 11 जुलाई 2018 का एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए ऑल्टमैन ने बताया कि इस कार की बुकिंग 2018 में ही कर ली थी, जिसके लिए उन्होंने 45000 डॉलर का बुकिंग अमाउंट भी पे कर दिया था। इस पेमेंट को कंपनी की ओर से कंफर्म भी कर दिया गया था.
उन्होंने टेस्ला कार के लिए अपने रिजर्वेशन को कैंसल करने और भुगतान की गई राशि को वापस मांगने के लिए कंपनी को एक दूसरा मेल किया, लेकिन ईमेल बाउंस बैक हो गया. बता दें कि उनके द्वारा शेयर किए गए तीसरे स्क्रीनशॉट में कंपनी का ईमेल एड्रेस नॉट फाउंड शो हो रहा है. सैम ऑल्टमैन द्वारा टेस्ला को लेकर की इस शिकायत पर फिलहाल टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की ओर से किसी तरह का जवाब नहीं आया है.
यह भी साफ नहीं है कि कंपनी की ओर से उन्हें निजी तौर पर किसी तरह की प्रतिक्रिया दी गई है या नहीं. ऑल्टमैन की ओर से अभी यह जानकारी भी नहीं दी गई है कि उन्होंने किस टेस्ला मॉडल को लेकर बुकिंग की थी। हालांकि, रिपोर्ट्स की मानें तो यह टेस्ला रोडस्टर हो सकती है.
इस बीच, भारत में टेस्ला अपनी पहली कार मॉडल वाई की डिलीवरी कर चुकी है. कंपनी ने बीते महीने सितंबर में इस कार की डिलीवरी मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में की है. यह कार महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने खरीदी है, जिसको लेकर राज्य के परिवहन मंत्री ने कहा था कि कार खरीदने का उनका फैसला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए था. (इनपुट आईएएनएस)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से