बिजनेस
NSE IPO News: भारत में शेयर बाज़ार की दुनिया का सबसे बड़ा खिलाड़ी है NSE माने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज. भारत में दो स्टॉक एक्सचेंज हैं, NSE और BSE. साइज़ और वेल्यूएशन के हिसाब से NSE बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है. लंबे समय के इंतज़ार के बाद अब NSE के IPO को सेबी से हरी झंडी मिल सकती है.
NSE IPO: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का IPO जल्द ही लॉन्च हो सकता है. सालों से IPO Listing की उम्मीद लगाए बैठे NSE को अब SEBI की हरी झंडी मिल सकती है. SEBI प्रमुख तुहिन कांता पांडे ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही NSE IPO में आ रही दिक्कतों का समाधान कर लिया जाएगा. NSE का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये का है.माना जा रहा है कि अगर NSE का IPO आता है तो यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा.
NSE की तरफ से 31 मार्च, 2025 को जारी की गई शेयर होल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, प्राइवेट मार्केट में NSE के 247 करोड़ शेयर्स ट्रेड कर रहे हैं. माना जा रहा है कि NSE अपने 10 प्रतिशत तक शेयर्स IPO में ऑफर कर सकती है. IPO आने की खबरों के बीच NSE के अनलिस्टेड शेयर्स की डिमांड बढ़ गई है. SEBI चीफ के बयान के बाद से NSE के शेयर्स में तेज़ी देखने को मिली है. कंपनी के अनलिस्टेड शेयर्स 2000-2400 रुपये पर बिक रहे हैं. इन शेयर्स को बड़ी मात्रा में हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स और कंपनियां खरीद रही थीं.
ये भी पढ़ें- महीने के 2000 लगाकर बनाएं बच्चे का भविष्य, शादी-पढ़ाई किसी खर्च की नहीं होगी टेंशन
NSE साल 2016 से ही IPO लाने की तैयारी में जुटा है. साल 2016 में NSE ने IPO के लिए SEBI में अपना ड्राफ्ट भेजा था. तब NSE ने IPO के जरिए 10 हजार करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा था. हालांकि, SEBI की तरफ से IPO का अप्रूवल नहीं दिया गया. तब NSE की को-लोकेशन सुविधा को लेकर सवाल उठे थे. को-लोकेशन सुविधा के तहत NSE ने ब्रोकरों को अपने सर्वर को NSE के सर्वर्स के पास स्थापित करने की सुविधा दी थी, इसका मकसद ऑर्डर की प्रोसेस में तेज़ी लाना था. हालांकि, आरोप लगे कि NSE के कुछ अधिकारियों ने कुछ ब्रोकरों के साथ सांठगांठ करके उन्हें फायदा पहुंचाने की कोशिश की. हाल ही में, SEBI प्रमुख तुहिन कांता पांडे ने उम्मीद जताई थी कि NSE की लिस्टिंग से जुड़े विवाद का जल्द ही समाधान किया जाएगा. उन्होंने कोई टाइमलाइ नहीं दी, लेकिन उनके इस बयान से उम्मीद लगाई जा रही है कि जल्द ही NSE का IPO आ सकता है.बता दें कि Bombay Stock Exchange (BSE) साल 2017 में ही शेयर मार्केट में लिस्ट हो चुकी है.
इस साल मार्च में SEBI ने NSE की IPO Listing में आ रही समस्या को रिव्यू करने के लिए एक पैनल का गठन किया है. इसके लिए NSE से कहा गया है कि उसके IPO लिस्टिंग को लेकर जो भी सवाल उठाए गए हैं, वो उनका जवाब दे और समाधान करे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.