बिजनेस
How to start candle business with low investment: TCS और Accenture जैसी बड़ी कंपनियों में काम करने वाली श्रुति ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को बचाने के लिए कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी. सिर्फ ₹10,000 के निवेश से उन्होंने 'BOHOLETTE' नाम का डिजाइनर कैंडल बिजनेस शुरू किया, जो आज लाखों का टर्नओवर बना चुका है.
क्या लाखों का पैकेज और बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी (MNC) की नौकरी आपकी खुशियों की गारंटी दे सकती है? आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर करियर बनाने के चक्कर में उन रिश्तों को पीछे छोड़ देते हैं जिनके लिए हम असल में कमा रहे होते हैं. एक ऐसा ही सच सामने आया है श्रुति की कहानी से, जिन्होंने TCS, Genpact और Accenture जैसी दिग्गज कंपनियों में काम किया. बाहर से देखने वालों के लिए उनकी जिंदगी बेहद सफल और शानदार थी, लेकिन अंदर ही अंदर एक अलग ही कशमकश चल रही थी. यह कहानी आज के हर उस कामकाजी जोड़े की है जो शिफ्ट्स और डेडलाइंस के बीच अपनी निजी जिंदगी को खो रहे हैं.
श्रुति और उनके पति के बीच काम के घंटों का तालमेल पूरी तरह बिगड़ चुका था. कभी नाइट शिफ्ट तो कभी डे शिफ्ट की वजह से दोनों के पास एक-दूसरे के लिए वक्त ही नहीं बचता था. बातचीत कम होने लगी और धीरे-धीरे इस फासले ने रिश्ते में कड़वाहट घोलना शुरू कर दिया. एक वक्त ऐसा आया जब श्रुति के सामने दो ही रास्ते थे-या तो वो अपने शानदार करियर को चुनतीं या फिर अपनी टूटती शादी को बचातीं. उन्होंने एक बड़ा रिस्क लिया और नौकरी को अलविदा कह दिया. यह फैसला आसान नहीं था, क्योंकि समाज में नौकरी छोड़ना अक्सर हार मान लेने जैसा देखा जाता है, लेकिन श्रुति का मकसद साफ था.
नौकरी छोड़ने के बाद घर बैठने के बजाय श्रुति ने अपनी रचनात्मकता को बिजनेस का रूप देने की सोची. उन्होंने महज ₹10,000 की मामूली पूंजी से डिजाइनर मोमबत्तियों का काम शुरू किया. शुरुआती दिनों में कई चुनौतियाँ आईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. आज उनका यही छोटा सा प्रयास 'BOHOLETTE' नाम के एक प्रीमियम ब्रांड में बदल चुका है. उनके द्वारा बनाए जाने वाले Laddu Candles, Floral Candles, Handmade Candles और Luxury Candle Products की मांग आज देश भर के हजारों ग्राहकों के बीच है. जो महिला कभी दूसरों की कंपनियों के लिए दिन-रात एक करती थी, आज वो खुद हर महीने लाखों की कमाई करने वाले एक सफल स्टार्टअप की मालकिन हैं.
श्रुति का यह सफर सिर्फ एक बिजनेस की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह उन सभी लोगों के लिए एक आंखें खोलने वाला अनुभव है जो नौकरी के दबाव में घुट रहे हैं. यह कहानी साबित करती है कि अगर आपके पास हुनर और खुद पर विस्वास हो, तो आप कम से कम पैसों में भी एक बड़ा बिजनेस खड़ा कर सकते हैं. मिडिल क्लास परिवारों के लिए यह एक मिसाल है कि जरूरी नहीं कि स्टार्टअप शुरू करने के लिए आपके पास लाखों का बैंक बैलेंस हो, बल्कि सही दिशा में उठाया गया एक छोटा सा कदम भी आपको आत्मनिर्भर बना सकता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.