बिजनेस
Jane Street Case: अमेरिकी ट्रेडिंग फर्म जेन स्ट्रीट (Jane Street) पर हाल ही में भारतीय शेयर बाजार नियामक Sebi ने बड़ी कार्रवाई की है. इस कार्रवाई से भारतीय शेयर बाजार में चल रहे बड़े 'खेल' की महज एक परत खुली है. असल खेल इससे कहीं ज्यादा गहरा और डरावना है.
Jane Street Case: डेरिवेटिव्स ट्रेडिंग में दुनिया का सबसे बड़ा अखाड़ा बन चुके भारतीय शेयर बाजार में आम निवेशक बड़े प्लेयर्स के 'खेल' का शिकार हो रहे हैं. इस खेल की एक परत हाल ही में भारतीय शेयर बाजार नियामक Sebi की एक बड़ी कार्रवाई से खुली है, जिसमें अमेरिकी ट्रेडिंग फर्म जेन स्ट्रीट (Jane Street) के खिलाफ कार्रवाई हुई है. एक्सपर्ट्स का दावा है कि यह खेल असल में इस एक परत से कहीं ज्यादा बड़ा और डरावना है, जिसमें आम निवेशक की किस्मत में केवल अपनी मेहनत की कमाई लुटते हुए देखना ही आ रहा है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि शेयर बाजार में यह 'मैनिपुलेशन' यानी हेरफेर साल 2024 में बड़े पैमाने पर बढ़ा है, जिसका लाभ कुछ गिने-चुने बड़े खिलाड़ी उठाकर हजारों करोड़ रुपये की कमाई कर रहे हैं. जी बिजनेस के मैनेजिंग एडिटर अनिल सिंघवी की UAE आधारित एक हेज फंड के प्रेसिडेंट मयंक बंसल से बातचीत में इस खेल की हर परत को खोलने की कोशिश की गई है. जानिए क्या सामने आया है.
साल 2024 में जेन स्ट्रीट ने कमाए थे 25,000 करोड़ रुपये
अनिल सिंघवी से बातचीत में मयंक बंसल ने बताया कि बाजार में मैनिपुलेशन साल 2024 में बहुत ज्यादा बढ़ा है. इस खेल में जेन स्ट्रीट ने साल 2024 में ही करीब 25,000 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. मैनिपुलेशन के इस खेल में कुछ बड़े प्लेयर्स को तो हजारों करोड़ रुपये की कमाई हो रही है, जबकि 91% आम निवेशक (Retail Traders) अपनी जमापूंजी गंवा रहे हैं.
सेबी की जांच में जेन स्ट्रीट का इंडेक्स ऑप्शंस का ऐसा दिखा खेल
Zee Biz की रिपोर्ट के मुतााबिक, सेबी ने कहा कि जेन स्ट्रीट ने इंडेक्स ऑप्शंस से ही गैरकानूनी तरीकों से करीब 4,843 करोड़ रुपये की कमाई की है. उसकी बाकी ट्रेड्स में भी ऐसा ही खेल सामने आने की संभावना है, जिनकी जांच अभी चल रही है. जांच में पाया गया कि इंडेक्स ऑप्शंस में हुए कुल मुनाफे का 40% जेन स्ट्रीट ने अकेले बैंकनिफ्टी ऑप्शंस से कमाया है, जो करीब 17,319 करोड़ रुपये हैं. इसमें भी जेन स्ट्रीट ने 17 जनवरी, 2024 को अकेले एक दिन में बाजार को धोखा देकर 734.93 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था.
नकली तेजी, फिर मंदी पैदा करके की कमाई
SEBI ने जेन स्ट्रीट की पूरी मॉडस ऑपरेंडी शेयर की है, जिसमें नकली तेजी पैदा करके, फिर मंदी का माहौल बनाकर कमाई करने का 'खेल' साफ दिख रहा है.
यह है जेन स्ट्रीट-सेबी केस की पूरी टाइमलाइन(Jane Street-SEBI Case Timeline)
आम निवेशक के लुट गए 1,05,603 करोड़ रुपये
जेन स्ट्रीट जैसी कंपनियों ने बाजार में मैनिपुलेशन के जरिये हजारों करोड़ रुपये कमा लिए, दूसरी तरफ आम निवेशक के हजारों करोड़ रुपये लुट गए. SEBI की FY25 की स्टडी के मुताबिक, 91% आम निवेशकों की कमाई इक्विटी डेरिवेटिव्स (F&O) में लुट गई. रिटेल ट्रेडर्स का कुल नुकसान FY24 के 74,812 करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 1,05,603 करोड़ रुपये हो गया, जो नुकसान में करीब 41% की बढ़ोतरी है. SEBI की सख्ती के बाद F&O में ट्रेड करने वाले इंडिविजुअल ट्रेडर्स की संख्या एक साल में 61.4 लाख से घटकर 42.7 लाख रह गई है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.