बिजनेस
UPI payment charges for merchants: UPI पर ₹2,000 से ज्यादा के चुनिंदा कारोबारी पेमेंट पर MDR लगाने की चर्चा फिर तेज है. सरकार ने साफ किया है कि आम यूजर से UPI चार्ज नहीं लिया जाएगा. असली सवाल अब यह है कि इसका खर्च बड़े कारोबारियों, दुकानदारों और पूरे डिजिटल पेमेंट सिस्टम पर कितना पड़ेगा.
हर दिन UPI से भुगतान करने वालों के लिए सबसे अहम बात पहले जान लीजिए. ₹2,000 से ज्यादा का UPI पेमेंट करने पर आम ग्राहक से कोई नया चार्ज वसूलने की बात सरकार ने नहीं कही है. लेकिन बड़े कारोबारियों से मामूली Merchant Discount Rate यानी MDR लेने का रास्ता खुल सकता है. यानी UPI का खर्च अगर बढ़ता है तो पहली नजर में ग्राहक की जेब नहीं, merchant का मार्जिन निशाने पर होगा.
यही वजह है कि ₹2,000 की सीमा को लेकर चर्चा सिर्फ UPI चार्ज की नहीं है. असली कहानी यह है कि भारत का सबसे बड़ा डिजिटल पेमेंट सिस्टम आगे पैसा कमाएगा कैसे और उसकी लागत कौन उठाएगा? हालांकि फिलहाल वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यूपीआई उपभोक्ताओं और व्यक्ति-से-व्यक्ति लेनदेन के लिए पूरी तरह से मुफ्त रहेगा, और भविष्य में किसी भी एमडीआर को बुनियादी ढांचे के विकास का समर्थन करने के लिए उच्च-सीमा वाले व्यापारी भुगतानों तक ही सीमित रखा जाएगा.
द इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक सामने आई सरकारी स्पष्टता के मुताबिक अगर भविष्य में UPI पर MDR लागू किया जाता है तो यह मामूली दर पर और चुनिंदा merchant transactions तक सीमित रह सकता है. ज्यादातर merchant transactions को किसी तरह के चार्ज से बाहर रखने की बात कही गई है. सबसे अहम बात यह है कि आम UPI यूजर से ट्रांजैक्शन चार्ज नहीं लिया जाएगा. Person-to-person यानी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को किए जाने वाले UPI पेमेंट भी मुफ्त रहने की बात कही गई है.
इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी बातों से सावधान रहना जरूरी है कि अब ₹2,000 से ज्यादा का हर UPI पेमेंट महंगा हो जाएगा. फिलहाल ऐसा कोई सार्वभौमिक नियम लागू नहीं हुआ है.
जुलाई में सामने आई रिपोर्टों में सरकार द्वारा बड़े merchants के ₹2,000 से ज्यादा के UPI transactions पर MDR लगाने पर विचार किए जाने की बात कही गई थी. Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित दर 0.5 फीसदी से कम हो सकती थी और यह बड़े merchants पर लागू होने की संभावना थी.
Financial Express ने भी रिपोर्ट किया था कि ₹2,000 और उससे ज्यादा के UPI transactions पर बड़े कारोबारियों के लिए MDR का प्रस्ताव था और दर 0.5 फीसदी से ज्यादा नहीं होने की बात कही गई थी. उसी रिपोर्ट में सालाना ₹1.5 करोड़ तक के कारोबार वाले merchants को संभावित छूट का जिक्र था.
यहां एक जरूरी फर्क समझना होगा. ₹2,000, 0.5 फीसदी और ₹1.5 करोड़ वाली सीमाएं उस समय सामने आए प्रस्ताव और मीडिया रिपोर्टों का हिस्सा थीं. इन्हें आज की तारीख में अंतिम लागू नियम मानना सही नहीं होगा. ताजा सरकारी बयान में केवल इतना स्पष्ट किया गया है कि संभावित MDR चुनिंदा merchant transactions पर मामूली दर से लगाया जा सकता है.
अगर सिर्फ समझने के लिए 0.5 फीसदी की ऊपरी प्रस्तावित दर मान लें तो ₹2,500 के transaction पर MDR करीब ₹12.50 बैठेगा. ₹5,000 पर यह ₹25 और ₹10,000 पर ₹50 होगा.
₹2,500 पर संभावित MDR: ₹12.50
₹5,000 पर संभावित MDR: ₹25
₹10,000 पर संभावित MDR: ₹50
ये आंकड़े केवल 0.5 फीसदी की दर मानकर किया गया calculation हैं. वास्तविक दर इससे कम हो सकती है और अंतिम नियम आने पर merchant category तथा दूसरी शर्तों के आधार पर लागत बदल सकती है. इसलिए इसे ग्राहक से वसूला जाने वाला तय चार्ज समझना गल्त होगा.
एक और बात महत्वपूर्ण है. कुछ UPI payment modes में MDR पहले से मौजूद है. मसलन Canara Bank की merchant जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से ₹2,000 से अधिक के RuPay Credit Card transactions को UPI के जरिए स्वीकार करने पर MDR लागू है. इसमें merchant category के हिसाब से दर अलग-अलग हो सकती है और MDR पर 18 फीसदी GST भी लागू होता है.
अगर भविष्य की व्यवस्था सिर्फ बड़े merchants तक सीमित रहती है तो छोटे दुकानदारों पर सीधा असर काफी कम रह सकता है. यही इस पूरे प्रस्ताव का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है. क्योंकि किसी छोटे किराना दुकानदार और करोड़ों रुपये का डिजिटल कारोबार करने वाले बड़े रिटेलर की पेमेंट इकोनॉमिक्स एक जैसी नहीं होती.
मान लीजिए कोई छोटा व्यापारी दिन में कुछ ही बड़े यूपीआई पेमेंट्स लेता है. उसके लिए हर ट्रांजेक्शन पर MDR देना उसके प्रॉफिट मार्जिन को प्रभावित कर सकता है. वहीं बड़े कारोबारियों के लिए लाखों ट्रांजेक्शन का छोटा प्रतिशत भी सालभर में बड़ी रकम बन सकता है.
इसीलिए मर्चेंट साइज या टर्नओवर के आधार पर शुल्क तय करने की चर्चा महत्वपूर्ण है. इससे UPI को पूरी तरह चार्जेबल बनाने के बजाय उस कारोबार से लागत वसूलने की कोशिश होगी जहां डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर होता है.
यही वह सवाल है जिसका जवाब अभी साफ नहीं है. MDR तकनीकी रूप से merchant से लिया जाता है, लेकिन कारोबारी अपनी लागत को दूसरे तरीकों से recover करने की कोशिश कर सकता है.
उदाहरण के लिए किसी मर्चेंट प्रोडक्ट की कीमत, डिस्काउंट या पेमेंट-स्पेसिफिक ऑफर में बदलाव कर सकता है. लेकिन सीधे यह कहना कि UPI पर MDR लगा तो कस्टमर से कितनी ही रकम अतिरिक्त वसूली जाएगी, अभी सही नहीं होगा.
द इकोनॉमिक टाइम्स के हिसाब से सरकार की मौजूदा स्थिति इसके उलट है. कस्टमर के लिए UPI को फ्री रखने पर जोर दिया जा रहा है. यानी अगर कोई लागत आती भी है तो उसका पहला असर मर्चेंट इकोनॉमिक्स पर होना है, न कि UPI ऐप पर सीधे कस्टमर फीस के रूप में.
UPI पर ट्रांजैक्शन करने वाले कस्टमर को आज बहुत आसान एक्सपीरियंस मिलता है. QR कोड स्कैन किया, PIN डाला और पैसा पहुंच गया. लेकिन इसके पीछे बैंकिंग सिस्टम, पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और लगातार चलने वाले नेटवर्क की कॉस्ट है. यही वजह है कि UPI इकोसिस्टम में लंबे समय से सस्टेनेबल रेवेन्यू मॉडल को लेकर चर्चा होती रही है. बड़े ट्रांजैक्शन वॉल्यूम के बावजूद अगर हर मर्चेंट पेमेंट पर रेवेन्यू नहीं आता है तो बैंक और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर के लिए इस इंफ्रास्ट्रक्चर की कॉस्ट निकालना चैलेंज बन सकता है.
PhonePe और Razorpay ने भी बड़े मर्चेंट पर सेलेक्टिव UPI चार्ज के सपोर्ट का सोचा है. दोनों कंपनियों की ओर से यह लॉजिक सामने आया कि बड़े कारोबारियों से चार्ज लिया जा सकता है, जबकि आम कस्टमर के लिए UPI फ्री रहना चाहिए.
यही इस पूरी बहस का सबसे बड़ा छिपा हुआ एंगल है. सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि ₹2,000 से ज्यादा पर MDR लगेगा या नहीं. बड़ा सवाल यह है कि क्या भारत UPI को हमेशा जीरो-कॉस्ट कंज्यूमर पेमेंट सिस्टम बनाएगा या धीरे-धीरे हाई-वैल्यू कमर्शियल ट्रांजैक्शन से इसकी लागत निकालने का मॉडल बनाएगा.
अगर सिर्फ बड़े व्यापारियों पर मामूली MDR लगाया जाता है तो UPI की फ्री कंज्यूमर इमेज निरंतर रह सकती है. साथ ही बैंकों और पेमेंट कंपनियों को कुछ रेवेन्यू मिल सकता है. यह मॉडल उस स्थिति से बिल्कुल अलग होगा जिसमें हर छोटे पेमेंट पर कस्टमर से फीस ली जाए.
इसके अलावा UPI पर पेमेंट के अलग-अलग माध्यमों की इकोनॉमिक्स भी अलग है. सीधे बैंक अकाउंट से होने वाले सामान्य UPI पेमेंट और RuPay क्रेडिट कार्ड या वॉलेट जैसे माध्यमों पर MDR का ढांचा एक जैसा नहीं है. Google Pay for Business की जानकारी के अनुसार बैंक अकाउंट से सीधे किए गए सामान्य UPI पेमेंट्स पर कोई फीस नहीं है, जबकि कुछ RuPay क्रेडिट कार्ड, क्रेडिट लाइन और वॉलेट पेमेंट्स पर MDR लागू हो सकता है.
अगर आप दुकान पर ₹2,500 का UPI payment कर रहे हैं तो अभी यह मानकर न चलें कि आपको ₹2,512.50 देना पड़ेगा. ऐसा कोई सामान्य customer charge लागू नहीं हुआ है.
अभी की सबसे अहम बात यह है कि संभावित MDR merchant-side cost है और सरकार ने आम यूजर को UPI payment के लिए चार्ज नहीं करने की बात स्पष्ट की है. आगे अगर अंतिम नियम आता है तो उसमें merchant category, कारोबार का आकार, transaction value और MDR की वास्तविक दर जैसी चीजें सबसे महत्वपूर्ण होंगी.
यानी UPI की कहानी में फिलहाल ₹2,000 की सीमा से ज्यादा महत्वपूर्ण है यह सवाल कि किस merchant पर नियम लागू होगा. आम ग्राहक के लिए QR scan करने का अनुभव फिलहाल वैसा ही रहने वाला है, लेकिन बड़े कारोबारियों के लिए हर transaction की लागत का हिसाब बदल सकता है. यही बदलाव आगे UPI के पूरे business model की दिशा भी तय कर सकता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.