बिजनेस
Gaurav Barar | May 12, 2026, 05:13 PM IST
1.महीने के आखिर तक खाली हो जाती है जेब!

भारतीय मध्यम वर्ग की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि वह दिन-रात कोल्हू के बैल की तरह काम करता है, उसकी तनख्वाह भी हर साल बढ़ती है, लेकिन महीने की 25 तारीख आते-आते उसका बैंक बैलेंस जीरो के करीब पहुंचने लगता है.
2.आखिर क्या है इसके पीछे की वजह?

आखिर ऐसा क्यों होता है कि अच्छी खासी कमाई के बावजूद सेविंग्स के नाम पर हाथ खाली रह जाते हैं? एक्सपर्ट्स के अनुसार, इसका जवाब किसी रॉकेट साइंस में नहीं, बल्कि हमारी उन आदतों में छिपा है जिन्हें हम जरूरत समझकर पाल लेते हैं.
3.'दिखावे' का टैक्स

मिडिल क्लास की सबसे बड़ी गलती है "लोग क्या कहेंगे" वाली बीमारी. जैसे ही सैलरी बढ़ती है, हमारा रहन-सहन अपग्रेड हो जाता है. अगर पुराना फोन अच्छा चल रहा है, तब भी नया आईफोन ईएमआई पर लेना, पड़ोसी ने बड़ी गाड़ी ली है, तो खुद भी बजत से बाहर जाकर लंबी कार खरीदना. हम अक्सर उन लोगों को प्रभावित करने के लिए वो चीजें खरीदते हैं जिन्हें हम पसंद भी नहीं करते, और वो भी उन पैसों से जो हमारी बचत हो सकती हैं.
4.ईएमआई का मकड़जाल

आजकल सब कुछ आसान किस्तों पर उपलब्ध है. मिडिल क्लास को लगता है कि ₹5,000 की ईएमआई तो कुछ भी नहीं है. लेकिन जब फोन, फ्रिज, टीवी और गाड़ी, इन सबकी छोटी-छोटी किश्तें मिलती हैं, तो वे आपकी सैलरी का 50% से ज्यादा हिस्सा निगल जाती हैं. अगर आप किसी चीज की कीमत दो बार नकद में नहीं चुका सकते, तो असल में आप उसे न खरीदें.
5.निवेश की गलत समझ

मिडिल क्लास आज भी निवेश का मतलब सिर्फ एफडी या एलआईसी की पुरानी पॉलिसी समझता है. हम रिस्क लेने से डरते हैं, इसलिए हमारा पैसा महंगाई को मात नहीं दे पाता. अगर महंगाई दर 6% है और आपकी एफडी आपको 5.5% रिटर्न दे रही है, तो तकनीकी रूप से आपका पैसा बढ़ नहीं रहा, बल्कि हर साल कम हो रहा है. इसके अलावा, निवेश को हम महीने के आखिर के लिए छोड़ देते हैं, जो पैसा बचता ही नहीं.
6.हेल्थ और इमरजेंसी फंड का अभाव

एक मध्यमवर्गीय परिवार की बरसों की मेहनत से जोड़ी गई सेविंग्स को एक बड़ा हॉस्पिटल बिल पल भर में साफ कर देता है. हेल्थ इंश्योरेंस न लेना और इमरजेंसी फंड (कम से कम 6 महीने का खर्चा अलग न रखना) सबसे बड़ी आर्थिक चूक है. हम कल की प्लानिंग तो करते हैं, लेकिन बुरे वक्त की नहीं.
7.सेविंग्स बचाने के 3 नियम

नियम बना लीजिए, पहले बचत, फिर खर्चा. जैसे ही सैलरी आए, सबसे पहले 20% हिस्सा निवेश वाले खाते में डालें. उसके बाद जो बचे, उसमें घर चलाएं. दूसरा- कुछ भी खरीदने से पहले खुद से पूछें कि क्या इसके बिना मेरा काम रुक जाएगा? अगर जवाब नहीं है, तो उसे टाल दें. तीसरा- छोटी उम्र से ही म्यूचुअल फंड या इंडेक्स फंड में SIP शुरू करें. याद रखें, ₹500 की शुरुआत भी 20 साल बाद आपको करोड़पति बना सकती है.
8.इन बातों का रखें ध्यान

पैसा कमाना एक कला है, लेकिन उसे रोकना और बढ़ाना एक अनुशासन है. जिस दिन हम दिखावे की चादर से बाहर निकलकर असलियत के धरातल पर निवेश करना शुरू कर देंगे, उस दिन महीने की 25 तारीख को जेब खाली रहने का डर खत्म हो जाएगा.