बिजनेस
Gaurav Barar | May 17, 2026, 01:55 PM IST
1.पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम

भारत में निवेश के ढेरों विकल्प मौजूद हैं, लेकिन जब बात बिना किसी जोखिम के सुरक्षित और रेगुलर कमाई की आती है, तो सरकारी योजनाएं सबसे भरोसेमंद मानी जाती हैं. अगर आप शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से दूर रहकर अपनी जमा पूंजी पर हर महीने एक बंधी-बंधाई रकम पाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है.
2.पांच साल तक हर महीने मिलेगा ब्याज

इस स्कीम की सबसे खास बात यह है कि इसमें आपको सिर्फ एक बार पैसा जमा करना होता है और अगले 5 सालों तक हर महीने ब्याज के रूप में एक निश्चित राशि आपके बैंक खाते में आती रहती है. जानिए कैसे आप इस सरकारी गारंटी वाली स्कीम से हर महीने 9,250 रुपये की फिक्स इनकम कर सकते हैं.
3.जीरो रिस्क और फिक्स रिटर्न की गारंटी

पोस्ट ऑफिस की यह मंथली इनकम स्कीम उन लोगों के लिए डिजाइन की गई है जो रिटायर हो चुके हैं या जिनके पास एकमुश्त रकम है और वे उस पर बिना रिस्क के मंथली रिटर्न चाहते हैं. चूंकि यह डाकघर की योजना है, इसलिए इसमें आपका मूल पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहता है और ब्याज की 100% गारंटी मिलती है.
4.इस स्कीम में कितना ब्याज मिल रहा?

वर्तमान में, सरकार इस स्कीम पर 7.4 प्रतिशत का सालाना ब्याज दे रही है. एक बार खाता खुलवाने के बाद, ब्याज की यह दर अगले 5 सालों तक फिक्स रहती है, चाहे बाजार में ब्याज दरें घटें या बढ़ें.
5.निवेश की सीमा को लेकर कुछ नियम

इस योजना में निवेश की सीमा को लेकर कुछ नियम हैं. आप इसे अकेले या किसी के साथ मिलकर खुलवा सकते हैं. सिंगल अकाउंट में आप अधिकतम 9 लाख रुपये जमा कर सकते हैं. जॉइंट अकाउंट में अगर आप अपनी पत्नी या परिवार के किसी सदस्य के साथ मिलकर खाता खुलवाते हैं, तो आप अधिकतम 15 लाख रुपये तक निवेश कर सकते हैं.
6.कुछ ऐसा है 9,250 रुपये महीने का गणित

अगर आप और आपकी पत्नी मिलकर जॉइंट अकाउंट में अधिकतम सीमा यानी 15 लाख रुपये एक साथ जमा करते हैं, तो 7.4% की दर से सालाना ब्याज 1,11,000 रुपये बनता है. जब आप इस राशि को 12 महीनों में बांटते हैं, तो यह 9,250 रुपये प्रति माह होती है. यह पैसा हर महीने सीधे आपके सेविंग्स अकाउंट में क्रेडिट कर दिया जाता है.
7.मैच्योरिटी और अन्य जरूरी बातें

पोस्ट ऑफिस की एमआईएस स्कीम 5 साल की अवधि के लिए होती है. इन 5 सालों के दौरान आप हर महीने ब्याज का आनंद लेते हैं. जैसे ही 5 साल पूरे होते हैं, आपकी निवेश की गई मूल राशि आपको वापस कर दी जाती है. आप चाहें तो मैच्योरिटी के बाद इस राशि को दोबारा 5 साल के लिए निवेश कर सकते हैं.
8.समय से पहले पैसे निकालने के नियम

हालांकि यह स्कीम 5 साल की है, लेकिन अगर आपको आपात स्थिति में पैसे निकालने पड़ें, तो इसके कुछ नियम हैं. 1 साल से पहले आप पैसा नहीं निकाल सकते, 1 से 3 साल के बीच पैसा निकालने पर आपकी मूल राशि से 2% काट लिया जाता है, 3 से 5 साल के बीच पैसा निकालने पर 1% की कटौती की जाती है.