बिजनेस
राजा राम | Jun 10, 2025, 06:26 PM IST
1.'किंग ऑफ बुर्ज खलीफा'

दुबई की सबसे ऊंची और लग्जरी इमारत बुर्ज खलीफा न केवल अपनी खूबसूरती बल्कि अपने महंगे अपार्टमेंट्स के लिए भी जानी जाती है. आम लोगों के लिए इसमें रहना सपना जैसा है, लेकिन एक भारतीय बिजनेसमैन ने इस सपने को हकीकत बना डाला. जॉर्ज वी नेरेम्पराम्बिल नामक ये कारोबारी बुर्ज खलीफा में 22 अपार्टमेंट्स के मालिक हैं और मीडिया उन्हें 'किंग ऑफ बुर्ज खलीफा' कहती है.
2.केरल से दुबई तक का सफर

जॉर्ज का जन्म केरल के एक सामान्य परिवार में हुआ था. महज 11 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता का हाथ बंटाना शुरू किया. उन्होंने बचपन से ही कमाई के छोटे-छोटे तरीके ढूंढने शुरू कर दिए थे. बचे हुए कपास के बीजों से गोंद बनाकर उन्होंने अपना पहला छोटा बिजनेस शुरू किया.
3.मेहनत से बदली किस्मत

1976 में बेहतर जिंदगी की तलाश में वह शारजाह चले गए. शुरुआत में उन्हें एक मैकेनिक की नौकरी करनी पड़ी. लेकिन यहां उन्होंने देखा कि खाड़ी देशों में एयर कंडीशनिंग की जबरदस्त डिमांड है. यहीं से उन्हें अपने बड़े बिजनेस की प्रेरणा मिली.
4.GEO ग्रुप की नींव रखी

जॉर्ज ने अपनी छोटी-सी कंपनी शुरू की जो बाद में 'GEO ग्रुप ऑफ कंपनीज' बन गई. आज यह कंपनी खाड़ी देशों में एक बड़ा नाम है. उन्होंने मेहनत, समय और सही बिजनेस सोच से अपने कारोबार को आसमान तक पहुंचा दिया.
5.अपमान बना प्रेरणा

दरअसल, कुछ रिपोर्ट्स की माने तो, बुर्ज खलीफा में अपार्टमेंट्स खरीदने के पीछे एक मजेदार किस्सा भी है. एक बार एक रिश्तेदार ने ताना मारा था कि जॉर्ज बुर्ज खलीफा में कभी नहीं घुस पाएंगे. इस बात को उन्होंने चुनौती की तरह लिया और 2010 में पहला अपार्टमेंट किराए पर लिया.
6.अपार्टमेंट्स से बनी पहचान

धीरे-धीरे उन्होंने एक के बाद एक अपार्टमेंट खरीदना शुरू किया और आज उनके पास वहां 22 अपार्टमेंट्स हैं. इन अपार्टमेंट्स की दीवारें, फर्श और छत गोल्ड प्लेटेड हैं. उनका कुल नेट वर्थ आज 4,800 करोड़ रुपये से ज्यादा है. आज जॉर्ज सिर्फ एक सफल कारोबारी ही नहीं, बल्कि लाखों लोगों के लिए प्रेरणा हैं. उन्होंने दिखा दिया कि मजबूत इरादों और मेहनत से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है.