बिजनेस
राजा राम | Aug 01, 2025, 04:26 PM IST
1.बिना किसी जोखिम के हर महीने कमाई कर सकते हैं

अगर आप ऐसी योजना की तलाश में हैं जहां आपका पैसा सुरक्षित रहे और हर महीने एक तय रकम आपके खाते में आए, तो पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) आपके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है. यह एक सरकारी योजना है जिसमें आप बिना किसी जोखिम के हर महीने कमाई कर सकते हैं.
2.क्या है पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम?

यह योजना भारत सरकार द्वारा समर्थित है और इंडिया पोस्ट के जरिए चलाई जाती है. इसका मकसद निवेशकों को हर महीने तय ब्याज के रूप में आय देना है. यह स्कीम खासतौर से बुजुर्गों, गृहणियों और सुरक्षित निवेश पसंद करने वालों के लिए बनाई गई है.
3.ब्याज दर और कितनी हो सकती है मासिक कमाई?

वर्तमान में (जुलाई–सितंबर 2025) इस स्कीम पर 7.10% सालाना ब्याज मिल रहा है. इस ब्याज की रकम हर महीने आपके खाते में ट्रांसफर होती है. अगर आप ₹18 लाख (संयुक्त खाते की अधिकतम सीमा) जमा करते हैं तो आपको हर महीने लगभग ₹10,650 की इनकम होगी.
4.कौन निवेश कर सकता है?

इस योजना में कोई भी भारतीय नागरिक जिसकी उम्र 18 साल या उससे अधिक हो तो वो निवेश कर सकता है. नाबालिग भी निवेश कर सकते हैं, लेकिन उनके खाते अभिभावक के जरिए संचालित किए जाएंगे.
5.निवेश की सीमा क्या है?

एकल खाते में अधिकतम ₹9 लाख और संयुक्त खाते में ₹15 से ₹18 लाख तक निवेश की अनुमति है. न्यूनतम निवेश ₹1,000 है और ₹100 के गुणकों में आप राशि जमा कर सकते हैं.
6.इस स्कीम की प्रमुख विशेषताएं क्या हैं?

इसमें गारंटीड मासिक आय मिलती है, निवेश पूरी तरह सुरक्षित है, और ब्याज पर टीडीएस नहीं कटता. हालांकि ब्याज आय कर के दायरे में आती है. एक साल बाद आंशिक निकासी की भी सुविधा है, हालांकि कुछ पेनल्टी लग सकती है.
7.कैसे खोलें खाता?

आप नजदीकी पोस्ट ऑफिस में जाकर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं. आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करें. खाता एकल या संयुक्त प्रकार में खुल सकता है. पैसा नकद, चेक या ऑनलाइन ट्रांसफर से जमा किया जा सकता है.
8.किन लोगों के लिए है यह योजना उपयोगी?

जो लोग हर महीने स्थिर आमदनी चाहते हैं, उनके लिए यह योजना फायदेमंद है. रिटायर्ड लोग इसे पेंशन सपोर्ट की तरह उपयोग कर सकते हैं. गृहणियां और पारंपरिक निवेशक इसे एक सुरक्षित विकल्प मान सकते हैं.