बिजनेस
Gaurav Barar | May 09, 2026, 03:10 PM IST
1.आठवें वेतन आयोग को लेकर हलचल तेज

आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर सरकारी कर्मचारियों के गलियारों में हलचल तेज हो गई है. आयोग की टीम वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों का दौरा कर रही है और अलग-अलग कर्मचारी संगठनों के साथ बैठकें कर रही है. इन मुलाकातों का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं को समझना और उनकी मांगों के आधार पर एक व्यापक रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपना है.
2.न्यूनतम बेसिक सैलरी में हो सकती है भारी बढ़ोतरी

हाल ही में दिल्ली, पुणे और उत्तराखंड जैसे महत्वपूर्ण केंद्रों पर बैठकें संपन्न हो चुकी हैं. इन बैठकों में कर्मचारियों की ओर से जो सबसे बड़ी मांग उभरकर सामने आई है, वह है 3.83 फिटमेंट फैक्टर और न्यूनतम बेसिक सैलरी में भारी बढ़ोतरी. अगर सरकार इन सुझावों पर मुहर लगाती है, तो चपरासी से लेकर आईएएस अधिकारियों तक के वेतन में ऐतिहासिक उछाल देखने को मिल सकता है.
3.वेतन संरचना में क्रांतिकारी बदलाव की उम्मीद

कर्मचारी यूनियनों का प्रस्ताव है कि न्यूनतम बेसिक पे को वर्तमान के 18,000 रुपये से बढ़ाकर सीधे 69,000 रुपये के करीब किया जाए. केवल सैलरी ही नहीं, बल्कि भत्तों और करियर ग्रोथ को लेकर भी बड़े बदलावों की उम्मीद है.
4.लेवल के अनुसार संभावित वेतन वृद्धि

प्रस्ताव है कि 30 साल की सेवा के दौरान कर्मचारियों को कम से कम पांच बार पदोन्नति के अवसर मिलें. महंगाई भत्ता (DA) और हाउस रेंट अलाउंस के अलावा अन्य भत्तों में तीन गुना तक वृद्धि की संभावना है. अगर 3.83 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो अलग-अलग पे-मैट्रिक्स लेवल पर वेतन की तस्वीर कुछ इस तरह बदल सकती है.
5.निचले स्तर के कर्मचारियों के लिए (लेवल 1 से 5)

इस श्रेणी में चपरासी, अटेंडेंट, कांस्टेबल और जूनियर क्लर्क जैसे पद आते हैं. लेवल-1 में वर्तमान 18,000 रुपये की सैलरी बढ़कर लगभग 69,000 रुपये हो सकती है. लेवल-2 में 19,900 रुपये से बढ़कर करीब 76,000 रुपये तक पहुंच सकती है. लेवल-4 (जूनियर क्लर्क) के लिए वर्तमान 25,500 रुपये से बढ़कर लगभग 97,000 रुपये होने की संभावना है. लेवल-5 में 29,200 रुपये से बढ़कर करीब 1.11 लाख रुपये हो सकती है.
6.मिड-लेवल अधिकारियों के लिए (लेवल 6 से 9)

इस स्तर पर मध्यम श्रेणी के अधिकारी और वरिष्ठ कर्मचारी आते हैं, जिनकी सैलरी में लाखों का इजाफा हो सकता है. लेवल-6 में 35,400 रुपये से बढ़कर लगभग 1.35 लाख रुपये, लेवल-7 में 44,900 रुपये से बढ़कर लगभग 1.72 लाख रुपये, लेवल-9 में 53,100 रुपये से बढ़कर सीधे 2.03 लाख रुपये के पार जा सकती है.
7.वरिष्ठ और उच्चाधिकारियों के लिए (लेवल 13 से 18)

सीनियर आईएएस अधिकारियों और शीर्ष प्रबंधन के पदों पर वेतन वृद्धि सबसे चौंकाने वाली हो सकती है. लेवल-13 में 1.23 लाख रुपये से बढ़कर लगभग 4.71 लाख रुपये. लेवल-15 में 1.82 लाख रुपये से बढ़कर लगभग 6.97 लाख रुपये. लेवल-18 (कैबिनेट सचिव स्तर) में वर्तमान 2.50 लाख रुपये की बेसिक सैलरी बढ़कर 9.57 लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान है.
8.ये सिफारिशें संगठनों की मांगों पर आधारित

आठवें वेतन आयोग की ये सिफारिशें फिलहाल चर्चाओं और कर्मचारी संगठनों की मांगों पर आधारित हैं. यदि सरकार वित्तीय बोझ और अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इन मांगों को स्वीकार करती है, तो यह केंद्रीय कर्मचारियों के जीवन स्तर में एक बड़ा सुधार लाएगा. हालांकि, अंतिम निर्णय कैबिनेट की मंजूरी और आधिकारिक अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगा. कर्मचारी वर्ग को अब आयोग की अंतिम रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है.