बिजनेस
अगर आप गांव या छोटे कस्बे में रहते हैं और खुद का काम शुरू करना चाहते हैं, तो इसके लिए बड़ी डिग्री या बाजार में महंगी दुकान का होना बिल्कुल जरूरी नहीं है.
आज के दौर में कमाई करने के लिए शहर जाना, कोई बड़ी डिग्री हासिल करना या बाजार में महंगी दुकान किराया पर लेना बिल्कुल भी जरूरी नहीं रहा. भारत के गांव और छोटे कस्बों में आज कई ऐसे काम तेजी से बढ़ रहे हैं, जिन्हें बिना किसी दुकान या बड़ी पढ़ाई-लिखाई के शुरू किया जा सकता है.
अगर आपके पास थोड़ी सी मेहनत, हुनर और लगन है, तो आप अपने इलाके में ही रहकर हर महीने बेहतरीन कमाई कर सकते हैं. यहां ऐसे ही 8 छोटे लेकिन सबसे ज्यादा चलने वाले बिजनेस आइडियाज के बारे में बताया गया है. ये लिस्ट राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) की रिपोर्ट पर आधारित है.
गांव-देहात में घर-घर से दूध इकट्ठा करके डेयरी कंपनियों या पास के कस्बों में सप्लाई करने का काम बहुत मुनाफा देता है. इसके अलावा घर पर ही शुद्ध खोया, पनीर या दही बनाकर बेचने के लिए किसी दुकान की जरूरत नहीं पड़ती.
आसपास के खेतों से ताजी सब्जियां और फल सीधे खरीदकर कस्बे की सोसायटियों या घरों तक पहुंचाने का काम तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. इसके लिए बस एक ई-रिक्शा या बाइक की जरूरत होती है.
आजकल हर गांव में स्मार्टफोन और बिजली के उपकरण इस्तेमाल हो रहे हैं. आप 2-3 महीने का बेसिक ट्रेनिंग कोर्स करके सीधे लोगों के घर जाकर पंखा, टीवी, मोटर या मोबाइल सुधारने की सर्विस दे सकते हैं.
कम जगह में मुर्गियां या बत्तख पालकर उनके अंडे और मीट बेचना एक बेहद लाभदायक व्यवसाय है. इसके लिए किसी डिग्री की नहीं, बल्कि सही देखभाल की जरूरत होती है.
गोबर और केंचुए की मदद से जैविक खाद तैयार करना बहुत आसान है. आज के समय में किसान और शहर के लोग जैविक खेती के लिए इस खाद को बहुत अच्छे दामों में खरीदते हैं.
गांव और कस्बों में महिलाएं घर से ही सिलाई-कढ़ाई का काम करके या ब्यूटी पार्लर की सर्विस, जैसे - थ्रेडिंग, मेकअप, हेयर स्टाइल देकर अच्छी खासी कमाई कर रही हैं.
अगर आपके पास एक बेसिक स्मार्टफोन है, तो आप गांव के रहन-सहन, खेती-किसानी और खान-पान के वीडियो बनाकर यूट्यूब या इंस्टाग्राम पर डाल सकते हैं. इसके अलावा स्थानीय कार्यक्रमों की फोटो-वीडियो बनाकर भी कमाया जा सकता है.
शादी-ब्याह या छोटे-मोटे आयोजनों के लिए बर्तन, कुर्सियां, दरी और साउंड सिस्टम किराए पर देने का काम बिना दुकान के, सिर्फ एक गोदाम या खाली कमरे से चलाया जा सकता है.
इन सभी कामों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें शुरुआत में बहुत कम लागत लगती है. अगर आप अपने काम में ईमानदारी रखें और ग्राहकों से अच्छा व्यवहार बनाएं, तो आपका यह छोटा सा काम कुछ ही समय में बड़ा आकार ले सकता है.
ये भी पढ़ें- Business Idea: घर में पड़ी इन 7 चीजों से शुरू करें बिजनेस, निवेश ₹5,000 से भी कम!