बिजनेस
Evergreen Business Ideas in India: भारत के मार्केट में कुछ ऐसे सदाबहार सेक्टर्स हैं, जिनकी मांग इंसानी जरूरतों की वजह से हमेशा बनी रहती है- चाहे देश की अर्थव्यवस्था में उतार-चढ़ाव ही क्यों न आए.
अगर आप खुद का बिजनेस शुरू करने की सोच रहे हैं, लेकिन समझ नहीं आ रहा कि क्या करें, तो फिक्र करने की बात नहीं है. जब भी हम कोई नया बिजनेस शुरू करने का मन बनाते हैं, तो सबसे बड़ा डर यही होता है कि क्या यह चलेगा? या कहीं कुछ सालों बाद इसकी डिमांड खत्म तो नहीं हो जाएगी? लेकिन घबराइए मत, हमारे देश में कुछ ऐसे बिजनेस भी हैं, जो सदाबहार हैं.
चाहे मौसम बदले, अर्थव्यवस्था ऊपर-नीचे हो या कोई नई तकनीक आ जाए, इन बिजनेस की डिमांड हमेशा बनी रहती है. आपको ऐसे 10 बिजनेस के बारे में बताते हैं जिनके फ्लॉप होने के चांस कम होते हैं. ये लिस्ट FICCI और IBEF की भारतीय रिटेल और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर पर जारी रिपोर्ट्स, MoHFW के आंकड़े, ब्लेचली या मैकिन्से की कन्सल्टेंसी रिपोर्ट्स के आधार पर तैयार की गई है.
खाना हमारी बुनियादी जरूरत है. आप चाहे एक छोटी सी चाय की दुकान खोलें, ढाबा चलाएं, क्लाउड किचन शुरू करें या फिर कोई बढ़िया सा रेस्टोरेंट, खाने-पीने का बिजनेस हमेशा चलता है. लोगों को हर दिन खाना चाहिए और अगर आपके हाथ में स्वाद है, तो ग्राहक खुद-ब-खुद खिंचे चले आएंगे.
आटा, दाल, चावल, साबुन, तेल- ये ऐसी चीजें हैं जो हर घर की रोजाना की जरूरत हैं. मोहल्ले की परचून की दुकान कभी खाली नहीं बैठती. आजकल तो इसे थोड़ा स्मार्ट बनाकर मिनी सुपरमार्केट या ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए और भी बढ़ाया जा सकता है.
तबीयत खराब होना या बीमार पड़ना किसी के हाथ में नहीं है. ऐसे में दवाइयों की दुकान यानी मेडिकल स्टोर, एक ऐसा बिजनेस है जो 365 दिन चलता है. इसके अलावा, पैथोलॉजी लैब, क्लिनिक या हेल्थ सप्लीमेंट्स का काम भी हमेशा डिमांड में रहता है.
हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले. अगर आप किसी विषय में माहिर हैं, तो ट्यूशन क्लासेज, कोचिंग सेंटर या ऑनलाइन कोर्स शुरू करना बहुत मुनाफे का सौदा हो सकता है. आज के समय में स्किल डेवलपमेंट कोर्सेज की भी भारी मांग है.
रोटी, कपड़ा और मकान में कपड़ा भी शामिल है. कपड़े पहनना हमारी जरूरत है और फैशन का शौक तो कभी खत्म ही नहीं होता. आप कपड़ों की दुकान खोल सकते हैं, बुटीक चला सकते हैं या फिर रेडीमेड गारमेंट्स का ऑनलाइन बिजनेस भी कर सकते हैं.
आजकल हर कोई अच्छा दिखना चाहता है. चाहे वह लड़कों का हेयरकट हो या लड़कियों का ब्राइडल मेकअप, सैलून और ब्यूटी पार्लर का बिजनेस कभी मंदी का शिकार नहीं होता. अगर आप इस काम में अच्छे हैं, तो आपके पास ग्राहकों की लाइन लगी रहेगी.
जैसे-जैसे आबादी बढ़ रही है, लोगों को रहने के लिए घर और काम के लिए ऑफिस चाहिए. ऐसे में प्रॉपर्टी डीलिंग, कंस्ट्रक्शन का सामान (जैसे सीमेंट, ईंट, रेता) बेचना या इंटीरियर डिजाइनिंग का काम हमेशा फलने-फूलने वाला है.
सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना हो या खुद यात्रा करनी हो, ट्रांसपोर्ट की जरूरत हमेशा रहती है. कैब सर्विस, माल ढोने वाली गाड़ियां (पिकअप, ट्रक) या कूरियर और डिलीवरी का काम कभी बंद नहीं हो सकता.
भारत में शादियां किसी त्योहार से कम नहीं होतीं. टेंट हाउस, कैटरिंग, फोटोग्राफी, डेकोरेशन और पूरी शादी को मैनेज करने वाले इवेंट प्लानर्स की डिमांड साल भर आसमान छूती है.
आजकल बिना मोबाइल और लैपटॉप के जिंदगी अधूरी है. लेकिन ये चीजें खराब भी बहुत होती हैं. मोबाइल रिपेयरिंग, एक्सेसरीज बेचना या घर के इलेक्ट्रॉनिक अप्लायंसेज ठीक करने का काम हमेशा चालू रहता है, क्योंकि नई चीज खरीदने से पहले हर कोई एक बार उसे ठीक करवाने की कोशिश जरूर करता है.
ये भी पढ़ें- नौकरी के साथ नेचर के बीच शुरू करें ये 5 साइड बिजनेस, मोटी कमाई के साथ बोनस में मिलेगी मेंटल पीस