बिजनेस
Business Under 50 Thousand: कम बजट के बिजनेस की सबसे अच्छी बात यह होती है कि उसमें रिस्क सीमित रहता है. हम आपको ऐसे ही 5 बिजनेस आइडिया के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप 50 हजार के भीतर शुरू कर सकते हैं.
Business Under 50 Thousand: खुद के बिजनेस का सपना हर कोई देखता है. सपने को हकीकत बनाने में सबसे बड़ा रोल बजट का होता है. मिडिल क्लास या फिर लोअर-मिडिल क्लास फैमिली के सामने खुद के बिजनेस की सबसे बड़ी बाधा पूंजी की होती है. अगर आपके पास भी लाखों-करोड़ों का बैंक बैलेंस नहीं है और बजट को लेकर परेशान हैं, तो चिंता बिल्कुल मत कीजिए! बिजनेस शुरू करने के लिए हमेशा बड़े फंड की जरूरत नहीं होती. आज हम आपको कुछ ऐसे बिजनेस के बारे में बताएंगे, जिसे आप 50 हजार से कम में शुरू कर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं.
अगर आपके पास 50 हजार रुपये तक की छोटी सी पूंजी भी है तो यह रकम एक प्रॉफिटेबल बिजनेस की शुरुआत करने के लिए काफी है. कम लागत वाले बिजनेस की सबसे खास बात यह होती है कि इनमें नुकसान का जोखिम बहुत कम होता है और सीखने का पूरा मौका मिलता है. आज हम आपको ऐसे 5 जबरदस्त बिजनेस आइडियाज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप 50 हजार रुपये के अंदर आसानी से शुरू कर सकते हैं. जैसे-जैसे आपका काम आगे बढ़ेगा और रफ्तार पकड़ेगा, कमाई भी महीने-दर-महीने बढ़ती जाएगी.
लाखों छात्र, घर से दूर रहकर नौकरी करने वाले लोग रोज-रोज बाहर खाना खाने की जगह घर का बना ताजा खाना पसंद करते हैं. घर के बने खाने की मांग छोटे-बड़े शहरों में लगातार बनी रहती है. आप इस बिजनेस को अपने घर के किचन से ही शुरू कर सकते हैं. इसके लिए आपको बस खाना पकाने के बुनियादी बर्तन, जरूरी सामग्री, पैकिंग के डिब्बे और ऑर्डर पहुंचाने (डिलीवरी) के लिए एक साधारण इंतजाम की जरूरत होगी. इसे शुरू करने का खर्च बहुत कम आता है, क्योंकि आपको किसी कमर्शियल किचन या दुकान के लिए पैसे नहीं खर्च करने पड़ते. आपके पास मौजूद किचन और बर्तनों व सामग्री में थोड़ा सा निवेश करके ही आप अपने पहले ग्राहक पा सकते हैं.
इस बिजनेस में तरक्की, भारी-भरकम मार्केटिंग पर पैसे खर्च करने के बजाय लगातार अच्छी क्वालिटी देने और लोगों के बीच आपकी अच्छी चर्चा होने से मिलती है. एक बार जब आप अपने आस-पास के इलाके या किसी खास ऑफिस कॉम्प्लेक्स में ग्राहकों का एक भरोसेमंद आधार बना लेते हैं, तो आप बिना किसी बड़े निवेश के अपने बिजनेस को आस-पास के इलाकों तक फैला सकते हैं. एक बार टिफिन सर्विस की शुरुआत हो जाएगी फिर आपसे ग्राहक जुड़ते चले जाएंगे. इस बिजनेस को आप अपने व्हाट्सऐप के माध्यम से ही शुरू कर सकते हैं. खाने का बिजनेस सबसे ज्यादा प्रॉफिटेबल होता है. एक बार आपका खाना लोगों को पसंद आने लगेगा, आप तरक्की की रफ्तार पकड़ लेंगे.
अगर आपका इंटरेस्ट खाना बनाने में है तो यह बिजनेस आइडिया भी आपके मतलब का है. इस बिजनेस की शुरुआत भी आप अपने किचन से कर सकते हैं. जैसे-जैसे आपका बिजनेस बढ़ेगा आपका मुनाफा भी बढ़ता जाएगा. हम बात कर रहे हैं क्लाउड किचन की. क्लाउड किचन, जिसे वर्चुअल किचन भी कहा जाता है, एक ऐसा रेस्टोरेंट बिजनेस मॉडल है जिसका कोई फिजिकल डाइनिंग या बैठने का स्थान नहीं होता है. यहां केवल ऑनलाइन ऐप या फोन के जरिए ऑर्डर लेकर खाना तैयार किया जाता है और ग्राहकों तक पहुंचाया जाता है. क्लाउड किचन शुरू करने के लिए आपके पास कुछ जरूरी परमिशन होनी चाहिए. किचन शुरू करने से पहले FSSAI लाइसेंस, GST रजिस्ट्रेशन, फायर और हेल्थ सेफ्टी सर्टिफिकेट जैसे डॉक्युमेंट जरूरी हैं.
क्लाउड किचन शुरू करने के लिए सबसे जरूरी चीज है लोकेशन. लोकेशन ऐसी होनी चाहिए जहां से ऑफिस, कॉलेज या रिहायशी इलाकों में फूड डिलीवरी आसानी से और कम समय में हो सके. इसे शुरू करने के लिए गैस चूल्हा, ओवन, ग्रिल, रेफ्रिजरेटर, मिक्सी, बर्तन और कटिंग टूल्स की जरूरत होती है जो आपके किचन में पहले से ही मौजूद होगा. इसके अलावा खाने की क्वालिटी और गर्माहट बनाए रखने के लिए लीक-प्रूफ और अच्छी क्वालिटी के कंटेनर, फॉयल, नैपकिन और ब्रांडेड स्टिकर/लोगो वाले बॉक्स की जरूरत पड़ेगी. इसके बाद आपको जोमैटो, स्विगी जैसे ऑनलाइन ऑर्डरिंग वेबसाइट पर खुद को रजिस्टर करना होगा.
भारत में लगभग हर छोटा व्यवसाय अब अपनी ऑनलाइन मौजूदगी को मजबूत करना चाहता है. इससे उन लोगों की लगातार मांग बढ़ी है जो सोशल मीडिया मैनेजमेंट, विज्ञापन और बेसिक ऑनलाइन प्रमोशन में मदद कर सकें. 2026 में बाजार स्थितियों को देखते हुए, अगर आपके पास कुछ छोटे क्लाइंट भी हैं तो डिजिटल मार्केटिंग सेवाओं के जरिए आप हर महीने 1 लाख से 3 लाख तक कमा सकते हैं. इस निवेश स्तर पर, यह सबसे ज्यादा कमाई देने वाले विकल्पों में से एक है.
इसमें शुरुआती खर्च बहुत कम हैं. इसके लिए आपको सिर्फ एक लैपटॉप, अच्छा इंटरनेट कनेक्शन और कुछ बेसिक मार्केटिंग व डिजाइन टूल्स की जरूरत होती है. यह कम निवेश वाला एक ऐसा व्यवसाय है जिसे शुरू करना काफी आसान है, क्योंकि कंपनियों को हमेशा इस तरह की मदद की जरूरत होती है, लेकिन वे किसी फुल-टाइम मार्केटर को काम पर रखने का खर्च नहीं उठा पातीं. खासकर छोटे स्थानीय व्यवसाय जिनका बजट सीमित होता है. डिजिटल मार्केटिंग सर्विस की शुरुआत आप अपने घर से ही कर सकते हैं. इस सर्विस की शुरुआत आप 1 लाख रुपये के भीतर ही कर सकते हैं.
अगर आप क्रिएटिव हैं तो कम बजट में क्राफ्ट बिजनेस शुरू करने से बेहतर कोई आइडिया नहीं हो सकता. आर्ट एंड क्राफ्ट में बहुत सारे विकल्प होते हैं. इसके लिए सबसे पहले आप अपनी कैटगरी का चुनाव कर लें. शुरुआत में आप सिर्फ एक या दो कैटगरी पर ही फोकस करें. इस बिजनेस की सबसे अच्छी बात यह है कि आप इसे महज 20 से 50 हजार की शुरुआती पूंजी से घर से ही शुरू कर सकते हैं. आर्ट एंड क्राफ्ट में आपकी मेहनत और क्रिएटिविटी जुड़ी होती है, इसलिए इसमें 40% से 70% तक का शानदार प्रॉफिट मार्जिन मिल जाता है.
अगर आप इस कला में माहिर हैं तो अच्छा है नहीं तो यूट्यूब ट्यूटोरियल्स या ऑनलाइन वर्कशॉप के जरिए अपनी स्किल्स को निखार सकते हैं. शुरुआत में आप इसे अपने घर के एक कमरे से शुरू कर सकते हैं. जैसे-जैसे आर्डर बढ़ें, आप अलग स्टूडियो या गोडाउन ले सकते हैं. अपने प्रोडक्ट्स को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल सबसे अच्छा विकल्प है.
टी-शर्ट प्रिंटिंग बिजनेस भी काफी डिमांड में है. इसकी शुरुआत आप अपने घर से ही कर सकते हैं. छोटे स्तर पर काम शुरू करने के लिए 25,000 से 50 हजार तक के निवेश की जरूरत होती है. कमर्शियल या बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन के लिए यह लागत आपके सेटअप के हिसाब से बढ़ती जाएगी. मशीन की लागत काफी हद तक आपकी चुनी गई प्रिंटिंग तकनीक पर निर्भर करती है. हीट प्रेस मशीन (मैनुअल/कॉम्बिनेशन) की लागत 7 हजार से लेकर 25 हजार के बीच होती है. आप अपने बिजनेस की शुरुआत इस मशीन से कर सकते हैं. जैसे-जैसे आपका बिजनेस बढ़ेगा, आप खुद को कमर्शियल प्रोडक्शन के लिए तैयार करते जाएंगे.