बिजनेस
स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट दीपक वाधवा ने कहा कि हर किसी को मार्केट में इन्वेस्ट करने के साथ सेविंग का 10-10 परसेंट हेल्थ और स्किल्स डेवलप करने पर भी निवेश करना चाहिए.
अगर आप सेविंग्स कालॉन्ग टर्म के लिए इंवेस्टमेंट करना चाहते हैं, लेकिन कंफ्यूज हैं कि गोल्ड, सिल्वर, इक्विटी, क्रिप्टो में कितना- कितना निवेश करें, तो स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट दीपक वाधवा का ये स्मार्ट प्लान आपकी सारी परेशानी हल कर सकता है. उन्होंने ये तो बताया ही कि कहां-कहां इन्वेस्ट करें, साथ में यह भी सलाह दी कि मार्केट में पैसा लगाना ही काफी नहीं है. अपनी हेल्थ के लिए भी खर्च करें और स्किल्स भी डेवलप करें क्योंकि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) के दौर में नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है.
दीपक वाधवा के हिसाब से इस समय फिक्स्ड डिपॉजिट में पैसा लगाने के बजाय दूसरे ऑप्शंस को ट्राई करें क्योंकि एफडी आजकल महंगाई को बीट नहीं कर पा रही है. इंवेस्टमेंट प्लान बताते हुए उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के पास एक करोड़ रुपये हों या एक लाख रुपये हैं और वह उसको 30%, 15%, 15%, 10%, 10%, 10% और 10% के प्रोपॉर्शन के हिसाब से उनके बताए गए प्लान के अनुसार इंवेस्ट कर लेंगे तो फ्यूचर में अच्छा लाभ मिलेगा.
अगर किसी के पास एक लाख रुपये हैं, तो दीपक वाधवा के अनुसार उसका 15 परसेंट लार्ज कैप फंड्स की एसआईपी या लमसम में लगाएं. ये पैसा इमरजेंसी फंड भी है. अगर कभी जरूरत पड़ती भी है तो इस पैसे को निकाल सकते हैं, इसमें आएगा भी कम और जाएगा भी कम. इसके बाद रिटर्न भी चाहिए और कमाना भी है तो 30 परसेंट पैसा मिडकैप म्युचुअल फंड में डाल दें, जहां रिस्क तो ज्यादा है, लेकिन रिटर्न अच्छा मिलने की उम्मीद है.
दीपक वाधवा ने कहा कि 15 परसेंट स्मॉल कैप म्युचुअल फंड में डालें यानी रिस्क और ज्यादा ले रहे हैं, लेकिन यह भी मानकर चलिए कि पैसा जीरो भी हो सकता है. हालांकि, अगर ये पैसा जीरो हो भी जाता है तो हमारे दूसरे इन्वेस्टमेंट इतना रिटर्न दे देंगे कि इस जीरो का भी कवरअप कर देंगे. उन्होंने कहा कि ये प्लान उन लोगों के लिए है, जो 15-20 साल के लिए इन्वेस्ट करना चाहते हैं. इसके बाद जो 40 परसेंट बचा है, उसमें से 10 परसेंट सोना और चांदी में लगाओ. अब चाहें आप सोना खरीदें, डिजिटल गोल्ड खरीदें या ईटीएफ ले लें.
दीपक वाधवा की सलाह है कि लंबे इन्वेस्टमेंट में बिटकॉइन अच्छा रिटर्न देते हैं इसलिए 10 परसेंट पैसा इसमें भी जरूरी इंवेस्ट कीजिए. उन्होंने बताया कि एफआईयू रजिस्टर्ड एक्सचेंज में अकाउंट खोलिए और वहां बिटकॉइन में लगाइए. उन्होंने कहा कि आज से 10 साल पहले जिन लोगों ने 100 रुपये बिटकॉइन में लगाए थे, आज उन्होंने एक करोड़ रुपये कमा लिए. इसका मतलब है कि एक बिटकॉइन जो एक डॉलर का था और एक डॉलर 42 रुपये के बराबर था तो यानी एक बिटकॉइन हमारा 1.25 लाख डॉलर का बिक गया. आज के 10 परसेंट कितने बन जाएं, नहीं पता और जीरो भी हो जाएं तो कोई गारंटी नहीं है.
बिटकॉइन एक वर्चुअल करेंसी होती है, जिसका डिजिटल तरीके से इस्तेमाल किया जाता है. बिटकॉइन के सभी लेन-देन का रिकॉर्ड एक पब्लिक लेजर यानी सार्वजनिक डिजिटल बहीखाते में होता है. इस बहीखाते को ब्लॉकचेन कहते हैं. जब भी कोई बिटकॉइन खरीदता या बेचता है तो उसकी एंट्री इस डिजिटल डायरी में हो जाती है. इसमें पैसे भेजने और पाने वाले के बीच कोई बैंक नहीं होता, लेनदेन दो लोगों के बीच होता है. यह नेटवर्क से जुड़े कंप्यूटर्स पर सेव रहता है, इसलिए इसमें हेरफेर करना नामुमकिन है.
दीपक वाधवा ने कहा कि इस सबके बाद नई स्किल्स डेवलप करने और हेल्थ के लिए इन्वेस्ट करने पर भी ध्यान दें क्योंकि अगर हेल्थ अच्छी नहीं होगी या कल को नौकरी नहीं होगी तो ये सब इन्वेस्टमेंट बेकार हैं. उन्होंने कहा कि बचे हुए 20 परसेंट में से 10 रुपये अपनी स्किल बढ़ाने में इन्वेस्ट करो, चाहें जिस भी उम्र में हैं, आपके पास एक ऐसा हुनर होना चाहिए क्योंकि आने वाले समय में एआई नौकरियां खाएगा. बाकी जो 10 रुपये बचे उससे हेल्थ इंश्योरेंस और टर्न इंश्योरेंस ले लीजिए क्योंकि ये सारी चीजें आपकी तब चलेंगी आप जीवित रहेंगे, स्वस्थ रहेंगे.
यह भी पढ़ें:- 8th Pay Commission: लाखों में पहुंच जाएगी Level- 6,7,8 के कर्मचारियों की सैलरी? जान लें पूरा कैल्कुलेशन