Advertisement

शेयर बाजार में इन्वेस्टर के 10 लाख करोड़ डूबे, अब क्या करे निवेशक? एक्सपर्ट की राय

शेयर बाजार में गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार गिरावट देखने को मिली. जिससे निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए.

Latest News
शेयर बाजार में इन्वेस्टर के 10 लाख करोड़ डूबे, अब क्या करे निवेशक? एक्सपर्ट की राय

एक्सपर्ट ने बताया कि आरबीआई का रेपो रेट बढ़ाने का फैसला इस गिरावट की एक वजह है (AI Image)

Add DNA as a Preferred Source

शेयर बाजार में गुरुवार (8 अक्टूबर 2026) का दिन निवेशकों के लिए भारी उथल-पुथल वाला रहा. कारोबार शुरू होने के बाद शुरुआती उतार-चढ़ाव के बीच बाजार संभलता हुआ नजर आया, लेकिन कुछ ही देर में बिकवाली इतनी तेज हो गई कि सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बुरी तरह फिसल गए. बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट का असर पूरे बाजार पर दिखाई दिया. 

रिलायंस इंडस्ट्रीज से लेकर अडानी पोर्ट्स तक कई दिग्गज शेयरों में दबाव देखने को मिला. इस गिरावट ने निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी. दोपहर करीब 1 बजे तक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 10.10 लाख करोड़ रुपये घट चुका था यानी कुछ घंटों के कारोबार में निवेशकों की संपत्ति में इतनी बड़ी कमी आ गई. 

सेंसेक्स-निफ्टी में कितनी हुई गिरावट?

गुरुवार को बाजार की शुरुआत बहुत ज्यादा खराब नहीं हुई थी. शुरुआत में शेयर बाजार मामूली उतार-चढ़ाव के साथ आगे बढ़ रहा था, लेकिन जैसे-जैसे कारोबार बढ़ा, बिकवाली का दबाव गहरा होता चला गया. एक समय बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,000 अंक से ज्यादा टूटकर 71,567 के आसपास पहुंच गया. वहीं एनएसई का निफ्टी भी 350 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 22,231 के करीब कारोबार करता नजर आया.

10 लाख करोड़ से ज्यादा स्वाहा

बाजार में गिरावट का सीधा असर कंपनियों के कुल मार्केट कैप पर पड़ा. बुधवार को कारोबार खत्म होने के बाद बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 4,72,35,273 करोड़ रुपये था. आज दोपहर 1 बजे तक ये आंकड़ा घटकर करीब 4,62,24,650 करोड़ रुपये रह गया यानी कुछ ही घंटों में लगभग 10,10,624 करोड़ रुपये की मार्केट वैल्यू कम हो गई. इस गिरावट के कारण जानने के लिए हमने शेयर मार्केट एक्सपर्ट सीए मुकेश जैन से बातचीत की. 

share market

शेयर मार्केट एक्सपर्ट ने बताए गिरावट के कारण

अर्थशास्त्री मुकेश जैन ने डीएनए हिंदी से बातचीत में बताया कि बाजार में इस गिरावट का एक कारण भारतीय रिजर्व बैंक का रेपो रेट बढ़ाने का फैसला है. RBI ने बुधवार को रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी करते हुए इसे 5.50 फीसदी कर दिया. रेपो रेट में बढ़ोतरी का मतलब है कि बैंकों के लिए RBI से पैसा लेना महंगा हो सकता है. इसका असर आगे चलकर लोन की ब्याज दरों, कंपनियों की फंडिंग लागत और लोगों के कर्ज लेने के खर्च पर पड़ सकता है. 

मार्केट एक्सपर्ट सीए मुकेश जैन के मुताबिक, बाजार पहले से दबाव में था और RBI का फैसला उस दबाव को बढ़ाने वाले कारकों में शामिल हो गया. हालांकि इस गिरावट का ये सिर्फ एकमात्र कारण नहीं है. इसकी और भी कई वजह हैं. 

FII की लगातार बिकवाली एक बड़ी वजह

उन्होंने बताया कि बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंताओं में विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs की लगातार बिकवाली शामिल है. विदेशी निवेशक भारतीय शेयरों से पैसा निकाल रहे हैं. एक्सपर्ट के मुताबिक, इसी हफ्ते FIIs की ओर से हजारों करोड़ रुपये की निकासी देखने को मिली है. जब विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से पैसा निकालते हैं तो खासकर बड़ी कंपनियों और बड़े इंडेक्स वाले शेयरों पर दबाव बढ़ सकता है. लगातार बिकवाली बाजार में भरोसे को भी प्रभावित करती है और दूसरे निवेशक भी सतर्क हो जाते हैं. 

NSE प्रोविजनल डेटा के अनुसार विदेशी निवेशकों ने 6,121 करोड़ रुपये से अधिक के भारतीय शेयर बेचे. FIIs ने बुधवार तक लगातार नौवें सत्र में करीब 57,000 करोड़ रुपये की बिकवाली की है. सितंबर की शुरुआत से FIIs 25 में से 20 सत्रों में भारतीय इक्विटीज के नेट सेलर रहे हैं.

अमेरिका में बढ़ती बॉन्ड यील्ड का असर

शेयर मार्केट एक्सपर्ट ने बाताया कि भारतीय बाजार पर सिर्फ घरेलू घटनाओं का असर नहीं पड़ रहा है. अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ने से भी दुनियाभर के शेयर बाजारों पर दबाव बना हुआ है. अमेरिका में 30-वर्षीय बॉन्ड यील्ड 5.71% और 10-वर्षीय नोट्स की यील्ड 5.3% के पार पहुंच गई, जबकि दो-वर्षीय नोट्स की यील्ड 4.9% के करीब आ गई.

अमेरिकी बॉन्ड से जब अपेक्षाकृत बेहतर रिटर्न मिलने लगता है, तो विदेशी निवेशकों के लिए उभरते बाजारों में पैसा लगाने की तुलना में वहां निवेश करना ज्यादा आकर्षक हो सकता है. अमेरिका की बॉन्ड यील्ड, डॉलर की मजबूती और वहां ब्याज दरों को लेकर बनी उम्मीदों का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई देता है. ग्लोबल निवेशक जब जोखिम कम करने की कोशिश करते हैं तो भारत जैसे उभरते बाजारों से भी पैसा निकल सकता है. 

कच्चे तेल ने भी बढ़ाई परेशानी

बाजार की दूसरी बड़ी चिंता कच्चे तेल की ऊंची कीमतें हैं. उन्होंने कहा कि ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास या उससे ऊपर रहने से भारत के लिए परेशानी बढ़ती है, क्योंकि देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है.

तेल महंगा होने का सीधा असर भारत के इंपोर्ट बिल पर पड़ सकता है. इससे रुपये पर दबाव, महंगाई की चिंता और अर्थव्यवस्था की लागत बढ़ने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. ऐसे माहौल में शेयर बाजार में स्थिरता बनाए रखना मुश्किल हो जाता है. 

निवेशकों को अब क्या करना चाहिए?

बाजार के सामने फिलहाल RBI की सख्त नीति, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और महंगे कच्चे तेल जैसी कई चुनौतियां एक साथ खड़ी हैं. एक्सपर्ट के अनुसार, ऐसे समय में सबसे जरूरी चीज है घबराकर कोई जल्दबाजी वाला फैसला नहीं लेना. एक्सपर्ट की राय है कि जिन लोगों का निवेश लंबी अवधि के लिए है, उन्हें बाजार की छोटी अवधि की गिरावट देखकर अपनी रणनीति बदलने से बचना चाहिए. अगर कोई शॉर्ट टर्म के लिए पैसे लगाने की सोच रहा है तो उसको रुक जाना चाहिए. लेकिन अगर वो लॉन्ग टर्म के लिए सोच रहे हैं तो कोई टेंशन की बात नहीं है. 

'गिरावट से डरे नहीं, शांत रहें'

मुकेश जैन ने बताया कि अगर किसी निवेशक की SIP पहले से चल रही है तो सिर्फ बाजार गिरने के डर से उसे बंद करना जरूरी नहीं है. बाजार नीचे आने पर एक निश्चित रकम की SIP से ज्यादा यूनिट मिल सकती हैं. आगे चलकर बाजार में सुधार होने पर इन अतिरिक्त यूनिट का फायदा मिल सकता है. मतलब विड्रॉ ना करें, घबराने वाली चीज नहीं है, डरे नहीं, शांत होकर बैठ जाएं. हालांकि इसका मतलब ये नहीं है कि हर गिरावट में आंख बंद करके खरीदारी की जाए. निवेश हमेशा अपनी जोखिम उठाने की क्षमता, वित्तीय लक्ष्य और निवेश की अवधि को ध्यान में रखकर करना चाहिए. खासकर उधार लेकर बाजार में पैसा लगाने से बचना समझदारी हो सकती है.

भारत ही नहीं, बाकी देशों के बाजारों में भी दबाव

गुरुवार को कमजोरी सिर्फ भारतीय शेयर बाजार तक सीमित नहीं रही. एशिया के कई प्रमुख बाजारों में भी तेज गिरावट देखने को मिली. जापान का निक्केई करीब 1,000 अंक तक फिसला, जबकि हांगकांग के हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया के कोस्पी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई. यूरोपीय बाजारों में भी दबाव नजर आया और ब्रिटेन के FTSE-100 के साथ फ्रांस के CAC और जर्मनी के DAX में कमजोरी देखने को मिली.

भारतीय बाजार की मौजूदा गिरावट को केवल एक घटना से जोड़कर देखना सही नहीं होगा. घरेलू ब्याज दरों से लेकर विदेशी निवेशकों की बिकवाली, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और कच्चे तेल की कीमतों तक कई फैक्टर इस समय बाजार की चाल पर असर डाल रहे हैं. आगे बाजार किस दिशा में जाता है, इसके लिए निवेशकों की नजर इन सभी संकेतकों पर बनी रहेगी. 

(डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी प्रदान करता है, निवेश की सलाह नहीं देता. इस खबर में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए डीएनए हिंदी उत्तरदायी नहीं है.)
 

ये भी पढ़ें- 1 लाख रुपये पर आएगा सोना, क्या आ गया सोना खरीदने का सही समय? जानें एक्सपर्ट की राय

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement