Advertisement

आज से स्कॉच-वाइन, ब्यूटी प्रोडक्ट्स से लेकर कार तक सब सस्ता, भारत-यूके FTA लागू, जानिए किन-किन चीजों के घटेंगे दाम

भारत और ब्रिटेन के बीच आज से ट्रेड एग्रीमेंट लागू होने के बाद भारत में ब्रिटिश स्कॉच व्हिस्की, चॉकलेट और जगुआर-लैंड रोवर जैसी लग्जरी कारों पर इंपोर्ट ड्यूटी भारी कटौती के साथ बेहद कम हो जाएगी.

Latest News
आज से स्कॉच-वाइन, ब्यूटी प्रोडक्ट्स से लेकर कार तक सब सस्ता, भारत-यूके FTA लागू, जानिए किन-किन चीजों के घटेंगे दाम

भारत-ब्रिटेन के बीच ट्रेड डील लागू (AI Image)

Add DNA as a Preferred Source
  • भारत और ब्रिटेन के बीच CETA आज से आधिकारिक रूप से लागू हो गया है
  • ब्रिटेन से आने वाली स्कॉच व्हिस्की पर इंपोर्ट टैक्स घटकर सीधे आधा यानी 75% रह गया है 
  • कॉस्मेटिक्स और ब्यूटी प्रोडक्ट्स पर लगने वाला 22% तक का आयात शुल्क भी कम होगा
  • ब्रिटिश लग्जरी गाड़ियों पर लगने वाले 100% टैक्स को घटाकर 10% पर लाने का लक्ष्य है

India-UK Trade Deal: भारत और ब्रिटेन के व्यापारिक रिश्तों में आज यानी 15 जुलाई 2026 से एक ऐतिहासिक अध्याय शुरू हो गया है. दोनों देशों के बीच हुआ महत्वाकांक्षी कॉम्प्रीहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) आज से आधिकारिक रूप से लागू हो गया है. इस बड़ी डील पर पिछले साल 24 जुलाई 2025 को हस्ताक्षर किए गए थे, जो 14 दौर की लंबी वार्ताओं के बाद मुमकिन हो पाया था.

इस समझौते के लागू होने से न सिर्फ दोनों देशों के बीच कारोबार बेहद आसान और सस्ता हो जाएगा, बल्कि भारत की आर्थिक कूटनीति को भी एक नई दिशा मिलेगी. इस समझौते का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर देखने को मिलेगा. ब्रिटेन से आने वाले कई मशहूर ब्रांड्स के कपड़े, चॉकलेट, बिस्कुट और कॉस्मेटिक्स (ब्यूटी प्रोडक्ट्स) अब पहले के मुकाबले काफी सस्ते हो जाएंगे.

आधी रह जाएगी स्कॉच व्हिस्की पर ड्यूटी

विदेशी वाइन और स्कॉच व्हिस्की के शौकीनों के लिए यह डील बड़ी खुशखबरी लेकर आई है. अब तक ब्रिटेन से भारत आने वाली स्कॉच व्हिस्की पर 150 प्रतिशत का भारी-भरकम इंपोर्ट टैक्स देना पड़ता था. लेकिन इस नए समझौते के तहत इसे सीधे आधा यानी 75 प्रतिशत कर दिया गया है. इतना ही नहीं, आने वाले 10 वर्षों में इस टैक्स को घटाकर महज 40 प्रतिशत पर ले आया जाएगा, जिससे भारत में विदेशी ब्रांड्स की कीमतें काफी गिर जाएंगी. 

ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी होंगे सस्ते

इसके साथ ही, ब्रिटेन से आयात होने वाले कॉस्मेटिक्स, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और अन्य डेली यूज के सामान भी अब काफी किफायती हो जाएंगे. अभी तक इन विदेशी उत्पादों पर भारत में 22 प्रतिशत तक की भारी-भरकम इंपोर्ट ड्यूटी चुकानी पड़ती थी. लेकिन इस ऐतिहासिक समझौते के बाद, इस टैक्स को या तो तुरंत खत्म कर दिया गया है या फिर अगले 10 सालों के भीतर धीरे-धीरे घटाकर पूरी तरह शून्य (0%) कर दिया जाएगा.

भारत में सस्ती मिलेंगी लग्जरी कारें

अगर आप लग्जरी कारों के शौकीन हैं, तो जगुआर, लैंड रोवर, डिफेंडर, रोल्स रॉयस और एस्टन मार्टिन जैसी ब्रिटिश गाड़ियां अब आपके बजट में फिट हो सकती हैं. समझौते के तहत ऑटोमोबाइल पर लगने वाले 100% टैक्स को कोटा व्यवस्था के जरिए घटाकर सिर्फ 10% तक लाने का लक्ष्य है. शुरुआती योजना के मुताबिक, पहले साल कम कस्टमाइज़्ड ड्यूटी पर 20,000 कारें इंपोर्ट की जा सकेंगी. इसे दो कैटेगरी में बांटा गया है-

बड़ी गाड़ियां जैसे 3000cc से ज्यादा पेट्रोल और 2500cc से ज्यादा डीजल इंजन वाली 10,000 कारों पर कस्टम ड्यूटी 110% से घटकर 30% रह जाएगी. वहीं, मध्यम गाड़ियां जैसे 1500cc से 3000cc तक की 5,000 कारों पर इंपोर्ट ड्यूटी 66% से घटकर 50% होगी. लॉन्ग टर्म प्लानिंग के तहत, अगले 15 सालों में इन सभी गाड़ियों पर कस्टम ड्यूटी को घटाकर सिर्फ 10% के स्तर पर ला दिया जाएगा.

99% प्रोडक्ट्स ड्यूटी फ्री

यह डील सिर्फ ब्रिटेन के लिए ही फायदेमंद नहीं है, बल्कि भारतीय निर्यातकों के लिए भी एक बड़ा जैकपॉट है. भारत से यूके जाने वाले 99 फीसदी सामानों पर अब जीरो कस्टडी ड्यूटी यानी शून्य टैक्स लगेगा. अब तक ब्रिटेन में भारतीय कपड़ों पर 12%, केमिकल्स पर 8% और बेस मेटल्स पर 10% टैक्स लगता था, जिससे वहां हमारे उत्पाद महंगे हो जाते थे. अब टैक्स हटने से ब्रिटेन के बाजारों में भारत के कपड़े, जूते और फूड प्रोडक्ट्स काफी सस्ते और प्रतिस्पर्धी हो जाएंगे, जिससे भारतीय मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भारी मुनाफा होगा.

दोनों देशों की इकोनॉमी को मिलेगा बड़ा बूस्ट

ब्रिटिश सरकार के आधिकारिक अनुमानों के मुताबिक, भारत के साथ हुए इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को 4.8 अरब पाउंड का सीधा फायदा होगा, जबकि वहां के लोगों की वास्तविक सैलरी में 2.2 अरब पाउंड की बढ़ोतरी देखी जा सकती है. लंदन के प्रशासनिक गलियारों में इस डील को भारत द्वारा अब तक लागू किया गया सबसे बड़ा और व्यापक व्यापार समझौता माना जा रहा है, जो आने वाले दिनों में वैश्विक बाजार की तस्वीर बदल देगा.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में हर महीने किस-किसको मिलेंगे 2500 रुपये? कौन कर सकेगा आवेदन, नियम जारी

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement