Advertisement

भारत में 53,000 करोड़ का दांव क्यों लगा रहे कनाडा के 'वॉरेन बफेट'? एक्सपर्ट ने बताया प्लान

कनाडा के निवेशक प्रेम वत्स की कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स IDBI बैंक में 60.72% हिस्सेदारी खरीदने के लिए करीब 52,878 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है.

Latest News
भारत में 53,000 करोड़ का दांव क्यों लगा रहे कनाडा के 'वॉरेन बफेट'? एक्सपर्ट ने बताया प्लान

प्रेम वत्स को कनाडा का 'वॉरेन बफेट' कहा जाता है (Image Source- insurancehalloffame.org)

Add DNA as a Preferred Source

भारत के बैंकिंग सेक्टर में कनाडा के दिग्गज निवेशक प्रेम वत्स की एंट्री एक बड़े बदलाव का संकेत है. उनकी कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स ने IDBI बैंक में 60.72% हिस्सेदारी खरीदने के लिए 52,878 करोड़ रुपये का दांव लगाया है. जिसे 14 अक्टूबर 2026 को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है.

डील को भारत के बैंकिंग सेक्टर की सबसे बड़ी क्रॉस-बॉर्डर डील के तौर पर देखा जा रहा है. लेकिन सवाल ये है कि आखिर प्रेम वत्स को IDBI बैंक में ऐसी कौन सी खास बात नजर आई कि वह इतनी बड़ी रकम निवेश करने जा रहे हैं? क्या ये सिर्फ एक बैंक खरीदने का सौदा है या इसके पीछे भारत के फाइनेंशियल सेक्टर में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति है? 

क्यों कहा जाता है कनाडा का 'वॉरेन बफेट'?

प्रेम वत्स को कनाडा का 'वॉरेन बफेट' कहा जाता है. इसकी वजह उनका निवेश करने का तरीका है. वह उन कंपनियों में पैसा लगाना पसंद करते हैं, जिनमें भविष्य में आगे बढ़ने की क्षमता हो, लेकिन फिलहाल बाजार उन्हें ज्यादा महत्व नहीं दे रहा हो. लंबे समय तक निवेश बनाए रखना और मुश्किल दौर से गुजर रही कंपनियों में अवसर तलाशना उनकी रणनीति का अहम हिस्सा रहा है. भारत में IDBI बैंक को लेकर उनका फैसला भी इसी नजरिए से जुड़ा दिखाई देता है. 

भारत में विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी क्यों बढ़ रही? 

IDBI बैंक के सौदे को समझने के लिए हमने बैंकिंग एक्सपर्ट अश्विनी राणा से बात की. उनके मुताबिक, भारत की आर्थिक विकास दर और यहां कारोबार बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए दुनियाभर के बैंक और फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन भारतीय बाजार में निवेश करना चाहते हैं. 

दोनों पक्षों का फायदा

अश्विनी राणा ने डीएनए हिंदी से बातचीत में बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों का फायदा है. एक तरफ विदेशी निवेशक को भारत जैसे तेजी से बढ़ते बाजार में कारोबार फैलाने का मौका मिल रहा है, तो दूसरी तरफ सरकार को अपनी विनिवेश नीति के तहत हिस्सेदारी बेचने और विदेशी निवेश आकर्षित करने में मदद मिल रही है. ये मोदी सरकार के कार्यकाल का अब तक का सबसे बड़ा विनिवेश यानी सरकारी हिस्सेदारी की बिक्री होगी. 

prem watsa

'भारत में ग्रोथ की संभावनाएं'

उन्होंने कहा, ''भारत में ग्रोथ की संभावनाएं सभी को दिखाई दे रही हैं. इसलिए बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है. IDBI बैंक के मामले में भी सरकार लंबे समय से ऐसे खरीदार की तलाश कर रही थी, जो इसमें बड़ी हिस्सेदारी लेकर आगे कारोबार संभाल सके. अब विदेशी निवेशक के आने से सरकार का विनिवेश का लक्ष्य पूरा करने में मदद मिलेगी और देश में विदेशी पूंजी भी आएगी."

एक्सपर्ट के मुताबिक, ये केवल IDBI बैंक तक सीमित मामला नहीं है. दूसरे विदेशी वित्तीय संस्थान भी भारत में निवेश के अवसर तलाश रहे हैं. भारत के बड़े ग्राहक आधार, बढ़ती कर्ज की मांग और वित्तीय सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं उन्हें आकर्षित कर रही हैं. 

घाटे से मुनाफे तक पहुंचा IDBI बैंक

अश्विनी राणा के मुताबिक, IDBI बैंक के लिए खरीदार मिलने में सबसे बड़ी चुनौती उसकी वित्तीय स्थिति थी. जब कोई बैंक घाटे में चल रहा हो और उसके सामने खराब कर्ज की समस्या हो, तो उसमें निवेश करने से पहले कोई भी निवेशक कई बार सोचता है. लेकिन अब बैंक की स्थिति में सुधार हुआ है और वह मुनाफा कमाने लगा है. इससे निवेशकों के लिए उसका आकर्षण बढ़ा है. 

बैंक की हालत में आया ये बदलाव इस सौदे को समझने की अहम कड़ी है. रॉयटर्स के मुताबिक, साल 2018 में IDBI बैंक का नॉन-परफॉर्मिंग एसेट यानी NPA अनुपात करीब 32% था. इसका मतलब था कि बैंक के कर्ज का एक बड़ा हिस्सा वापस मिलने में परेशानी हो रही थी. 2026 तक ये अनुपात घटकर करीब 2.3% रह गया. 

2,000 से ज्यादा शाखाओं का नेटवर्क

बैंक के पास 2,000 से ज्यादा शाखाओं का नेटवर्क और लगभग 4.44 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है यानी प्रेम वत्स को ऐसा बैंक मिल सकता है, जिसकी वित्तीय सेहत सुधारने का बड़ा काम पहले ही हो चुका है. उन्हें शून्य से बैंक खड़ा करने के बजाय मौजूदा नेटवर्क और ग्राहक आधार का इस्तेमाल करके कारोबार बढ़ाने का मौका मिलेगा.

अश्विनी राणा का कहना है कि जब कोई सरकारी वित्तीय संस्थान घाटे से निकलकर मुनाफे में आ जाता है, तो सरकार की विनिवेश नीति के तहत उसकी हिस्सेदारी बेचने का रास्ता भी आसान हो सकता है. उनके मुताबिक, IDBI बैंक की सुधरी हुई स्थिति ने निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है. 

पूरा फाइनेंशियल कारोबार खड़ा करने की तैयारी!

प्रेम वत्स की रणनीति सिर्फ बैंक खरीदने और उससे मुनाफा कमाने तक सीमित नहीं है. उनकी योजना IDBI बैंक को एक बड़े फाइनेंशियल सर्विसेज ग्रुप के रूप में विकसित करने की है. इसके लिए फेयरफैक्स अपनी कुछ मौजूदा कंपनियों की हिस्सेदारी भी बैंक के भीतर लाने की तैयारी कर रही है.

इस प्रस्ताव में गो डिजिट लाइफ इंश्योरेंस, गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज शामिल हैं. अगर जरूरी नियामकीय मंजूरियां मिल जाती हैं, तो इन कारोबारों को IDBI बैंक के साथ जोड़ने की योजना है. बैंक के पास पहले से ग्राहकों का बड़ा नेटवर्क और जमा राशि जुटाने की व्यवस्था होती है.

बीमा कारोबार जुड़ने से उन्हीं ग्राहकों को जीवन बीमा और जनरल इंश्योरेंस जैसे प्रोडक्ट दिए जा सकते हैं. वहीं, आईआईएफएल कैपिटल के जरिए निवेश, वेल्थ मैनेजमेंट और कैपिटल मार्केट से जुड़ी सेवाओं का विस्तार किया जा सकता है. 

विदेशी निवेशकों के लिए भारत क्यों है बड़ा मौका?

भारत में बैंकिंग सेक्टर की स्थिति पिछले कुछ वर्षों में बदली है. बैंकों ने खराब कर्ज की समस्या से निपटने, बैलेंस शीट सुधारने और अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने पर काम किया है. इसके साथ ही कर्ज की मांग भी बढ़ रही है. घर खरीदने से लेकर कारोबार बढ़ाने तक, लोगों और कंपनियों को बैंकिंग सेवाओं की जरूरत पड़ रही है. ऐसे माहौल में किसी विदेशी निवेशक के लिए भारत में स्थापित बैंक खरीदना बाजार में अपनी जगह बनाने का बड़ा अवसर हो सकता है.

IDBI बैंक में प्रेम वत्स का करीब 53,000 करोड़ रुपये का निवेश भारत की विकास संभावनाओं पर उनका बड़ा दांव है. बैंक की सुधरी हुई वित्तीय स्थिति उन्हें एक मजबूत शुरुआत दे सकती है, जबकि बीमा और निवेश सेवाओं को जोड़ने की योजना कारोबार को नई दिशा दे सकती है. बैंकिंग एक्सपर्ट अश्विनी राणा के मुताबिक, भारत में बढ़ते अवसर विदेशी वित्तीय संस्थानों को आकर्षित कर रहे हैं. अब देखना होगा कि प्रेम वत्स इस मौके को किस तरह एक बड़े वित्तीय कारोबार में बदलते हैं.
 

ये भी पढ़ें- 1 नवंबर से बदलेगा कॉलिंग का अंदाज! फोन आने पर दिखेगा कॉलर का नाम -जानें क्या-क्या होने जा रहा चेंज

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement