बिजनेस
अगर आप पांच साल तक हर महीने 10 हजार रुपये RD में जमा करते हैं तो पोस्ट ऑफ़िस ज्यादा फायदेमंद रहेगा या स्टेट बैंक, आइये जानते हैं.
Recurring Deposits: सुरक्षित निवेश पसंद करने वाले लोग रिकरिंग डिपॉजिट (RD) को खूब पसंद करते हैं. इसका सबसे बड़ा कारण है कि RD में किए गए निवेश पर बाजार के उतार-चढ़ाव का कोई असर नहीं पड़ता. इसमें निश्चित रिटर्न मिलता है. बहुत सारे लोग पोस्ट ऑफिस या स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की RD में निवेश करते हैं. अगर आप पांच साल तक हर महीने ₹10,000 का निवेश करते हैं, तो दोनों ही जगह एक बड़ी रकम जमा कर सकते हैं. लेकिन, ब्याज की दरों के कारण मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम अलग-अलग होगी.
पोस्ट ऑफ़िस RD ब्याज दर 6.7 प्रतिशत सालाना है. वहीं, SBI RD ब्याज दर 6.05 प्रतिशत सालाना है. ऐसे में यदि आप पांच साल तक हर महीने 10 हजार रुपये निवेश करते हैं तो दोनों ही जगह 6 लाख रुपये जमा हो जाएंगे. लेकिन, दोनों स्कीम के तहत अनुमानित मैच्योरिटी वैल्यू अलग होगी.
पोस्ट ऑफिस RD में पांच साल तक हर महीने 10 हजार निवेश करने के बाद अंत में आपको 7 लाख 13 हजार 659 रुपये मिलेंगे. वहीं, SBI RD में पांच साल तक हर महीने 10 हजार निवेश करने के बाद अंत में आपको 1 लाख 1 हजार 557 रुपये मिलेंगे. इस तरह पोस्ट ऑफिस में आपको 6 लाख के निवेश पर पांच साल बाद कुल ब्याज 1 लाख 13 हजार 659 रुपये का मिलेगा. वहीं, स्टेट बैंक में ब्याज 1 लाख 1 हजार 557 रुपये मिलेगा.
अब अगर तुलना करें तो पाएंगे कि एक ही निवेश और समय-सीमा के लिए SBI RD के बजाय पोस्ट ऑफिस RD चुनकर कोई निवेशक लगभग 12,244 रुपये ज्यादा कमा सकता है. अगर भविष्य में ब्याज दरें बदलती हैं, तो असल रिटर्न अलग भी हो सकता है.
रिकरिंग डिपॉज़िट (RD) में निवेशकों को एक तय समय के लिए हर महीने एक निश्चित राशि जमा करने की सुविधा मिलती है. इसमें निवेश के समय ही रिटर्न पहले से तय हो जाता है. RD उन निवेशकों के लिए बचत का एक पसंदीदा विकल्प है जो भरोसेमंद ग्रोथ चाहते हैं. पोस्ट ऑफिस RD अकाउंट कम से कम 100 रुपये मासिक जमा के साथ खोला जा सकता है और इसमें निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं होती है. अकाउंट खोलने के तीन साल बाद ही इसे समय से पहले बंद करने की अनुमति भी मिलती है. अगर अकाउंट को पूरे पांच साल की अवधि पूरी होने से पहले बंद किया जाता है, तो जमा राशि पर RD दर के बजाय केवल पोस्ट ऑफिस बचत खाते की ब्याज दर मिलती है.
अगर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रिकरिंग डिपॉजिट की बात करें तो SBI में कम से कम 100 रुपये के मासिक जमा के साथ RD खाता खोला जा सकता है. अगर लगातार छह किस्तें जमा नहीं की जाती हैं, तो RD खाता समय से पहले बंद किया जा सकता है और जमाकर्ता को बची हुई रकम का भुगतान किया जाता है. पांच साल तक की अवधि वाले RD अकाउंट के लिए, SBI देर से जमा होने वाली किश्तों पर हर महीने प्रति 100 रुपये पर 1.50 का जुर्माना भी लगाता है. पांच साल से ज़्यादा अवधि वाली RD के लिए, जुर्माना हर महीने प्रति 100 रुपये जमा राशि पर 2 रुपये है. हालांकि, कुल जुर्माना RD अकाउंट पर मिलने वाले ब्याज से ज्यादा नहीं हो सकता.