बिजनेस
New Telecom Rules: इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपको अपने मोबाइल में कोई थर्ड पार्टी एप्लीकेशन भी इंस्टॉल नहीं करना पड़ेगा. शुरुआत में यह सुविधा 4G और 5G सब्सक्राइबर्स के लिए लागू होगा.
New Telecom Rules: जल्द ही आपको फर्जी कॉल से छुटकारा मिलने वाला है. 1 नवंबर से आपके मोबाइल पर जितने भी कॉल आएंगे उसमें कॉलर का नाम दिखना जरूरी होगा. कॉल करने वाले ने जिस ID कार्ड से SIM लिया होगा, वही नाम आपकी स्क्रीन पर डिस्प्ले होगा. इससे फर्जी कॉल पहचानने में मदद मिलेगी. दूरसंचार विभाग ने टेलिकॉम ऑपरेटर्स को 1 नवंबर 2026 से इस सर्विस की शुरुआत करने के लिए कहा है. इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपको अपने मोबाइल में कोई थर्ड पार्टी एप्लीकेशन भी इंस्टॉल नहीं करना पड़ेगा.
डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन्स (DoT) ने टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन यानी CNAP लागू करने का निर्देश दिया है. यह एक ऐसा सिस्टम है जो कॉल आने पर कॉलर का नाम उनके मोबाइल नंबर के साथ दिखाता है. इस निर्देश के तहत, यह सर्विस 4G और 5G समेत ज्यादा एडवांस्ड नेटवर्क पर यूजर्स के लिए डिफॉल्ट रूप से एक्टिवेट हो जाएगी. हालांकि, शुरुआती रोलआउट सभी नेटवर्क को कवर नहीं करेगा. DoT ने कहा कि पुराने 2G और 3G नेटवर्क के साथ-साथ पब्लिक स्विच्ड टेलीफोन नेटवर्क पर CNAP शुरू करने की अलग से जांच की जाएगी.
CNAP सर्विस रिसीवर की स्क्रीन पर कॉलर का फोन नंबर और नाम दिखाएगी. इसमें जानकारी दो फील्ड में दिखाई जाएगी. पहला इनकमिंग नंबर दिखाएगा, जबकि दूसरा रिसीवर के फोन कॉन्टैक्ट्स में सेव किया गया नाम दिखाएगा. अगर नंबर सेव नहीं है तो सिस्टम डोमेस्टिक कॉल के लिए ओरिजिनल टेलीकॉम ऑपरेटर के सब्सक्राइबर डेटाबेस से कॉलर का रजिस्टर्ड नाम निकाल लेगा.

इस सर्विस को शुरू करने के लिए हर टेलीकॉम ऑपरेटर को सब्सक्राइबर के नाम को उनके मोबाइल नंबर से जोड़ने वाला एक डेटाबेस बनाना होगा. इनकमिंग कॉल को हैंडल करने वाला ऑपरेटर इस जानकारी को एक्सेस करेगा और रिसीवर को उससे जुड़ा नाम दिखाएगा. DoT की तरफ से जारी ऑर्डर में सिस्टम के लिए प्राइवेसी सेफगार्ड भी तय किए गए हैं. टेलीकॉम ऑपरेटर को सिक्योरिटी-बाय-डिजाइन अप्रोच अपनाना होगा.
इसके अलावा, जिन सब्सक्राइबर ने कॉलिंग लाइन आइडेंटिफिकेशन रिस्ट्रिक्शन (CLIR) सुविधा चुनी है उन्हें CNAP प्रेजेंटेशन से बाहर रखा जाएगा. यह सुविधा कॉलर आइडेंटिफिकेशन डिटेल्स को दिखाने से रोकती है.
बिजनेस और बल्क कनेक्शन यूजर्स को ऑपरेटर के सब्सक्राइबर डेटाबेस में रिकॉर्ड किए गए नाम के बजाय पसंदीदा नाम दिखाने की इजाजत दी जा सकती है. हालांकि, दूसरे नाम को खास वेरिफिकेशन की जरूरतों को पूरा करना होगा. यह या तो यूजर के नाम पर ट्रेड मार्क्स रजिस्ट्री में रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क होना चाहिए या गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स यानी GST पोर्टल पर रजिस्टर्ड ट्रेड नेम होना चाहिए.
टेलीकॉम ऑपरेटर्स प्रपोज्ड नाम और उसके सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स को चेक करने के लिए जिम्मेदार होंगे. जो मौजूदा सब्सक्राइबर पसंदीदा नाम इस्तेमाल करना चाहते हैं, उन्हें अपनी डिटेल्स अपडेट करने के लिए एक एप्लीकेशन जमा करनी होगी.