बिजनेस
कंज्यूमर कमीशन ने कहा कि गाड़ी की सुरक्षा के लिए किसी व्यक्ति की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. देर रात हाईवे पर फंसे ड्राइवर से ये अपेक्षा नहीं की जा सकती कि वो खराब गाड़ी की निगरानी के लिए खुद को खतरे में डाले.
हाईवे पर जाते हुए अकसर लोगों की कार का टायर पंक्चर हो जाता है, लेकिन सोचिए अगर देर रात ऐसा हो और आस-पास कोई मैकेनिक की दुकान भी न हो तो आप क्या करेंगे. ऐसा ही सवाल 14 साल पहले महाराष्ट्र के रविकांत एस पाटिल के सामने आया था. वो बीएमडब्ल्यू कार से जा रहे थे तभी हाईवे पर टायर पंक्चर हो गया. उन्होंने कार को सड़क किनारे एक ढाबे के पास पार्क कर दिया और घर चले गए.
रविकांत ने सोचा सुबह-सुबह मैकेनिक को लेकर आएंगे और पंक्चर बनवा लेंगे. उसके बाद गाड़ी लेकर चले जाएंगे. जब वो सुबह अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो उनके होश उड़ गए. उन्होंने देखा कि बीएमडब्ल्यू को जलकर राख हो चुकी है, वो देखने में जितनी लग्जरी लगती थी अब वो पूरी तरह कबाड़ हो चुकी है. इस घटना के बाद उन्होंने बीमा कंपनी का रुख किया. कंपनी ने ये कहते हुए क्लेम सेटलमेंट से इनकार कर दिया कि गाड़ी को रातभर लावारिस छोड़ना पॉलिसी के दायरे में नहीं है.
बीमा कंपनी के इस फैसले के खिलाफ रविकांत पाटिल ने 14 साल की कानूनी लड़ाई लड़ी. उन्होंने यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस के खिलाफ कंज्यूमर कमीशन का दरवाजा खटखटाया. कमीशन ने कंपनी के इस तर्क को खारिज कर दिया कि बीमा पॉलिसी में खराब गाड़ी को लावारिस छोड़ने पर प्रतिबंध नहीं है. आयोग ने बीमा कंपनी को 70 लाख रुपये से अधिक का मुआवजा देने का आदेश दिया.
मिंट के मुताबिक, यह घटना 8 मार्च 2012 की है, जब रविकांत पाटिल महाराष्ट्र के धुलखेड़ के पास हाईवे पर बीएमडब्ल्यू चला रहे थे. देर रात उनकी गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया. आसपास कोई मैकेनिक नहीं था तो उन्होंने कार को पार्क कर दिया. उन्होंने बताया कि गाड़ी को लॉक कर दिया और उसकी खिड़कियों को अच्छी तरह से बंद किया था और फिर दूसरी गाड़ी से घर लौट आए. जब अगले दिन वो गाड़ी के पास पहुंचे तो देखा कि कार जलकर राख हो चुकी है.
पाटिल ने इस नुकसान की भरपाई के लिए यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी से कॉन्टैक्ट किया. बीमा कंपनी ने उनके दावे को खारिज कर दिया. उसने कहा कि गाड़ी को रातभर लावारिस छोड़ देना बीमा के दायरे में नहीं है. उसने पॉलिसी होल्डर के आगे के नुकसान को रोकने के लिए सावधानी बरतने के दायित्व का उल्लंघन बताया था.
कंज्यूमर कमीशन ने कंपनी के इस दावे को खारिज कर दिया. आयोग के मुताबिक, पॉलिसी में क्लीयर रूप से ये कहीं नहीं कहा गया है कि पॉलिसी होल्डर को खराब हो चुकी गाड़ी को बिना किसी देखरेख के छोड़ने से रोका जा सकता है. आयोग ने ये भी पाया कि पाटिल ने बीएमडब्ल्यू को सड़क से दूर सुरक्षित रूप से पार्क किया था और उसके दरवाजे-खिड़कियां भी बंद की थीं.
कंज्यूमर कमीशन ने ये भी कहा कि किसी गाड़ी की सुरक्षा के लिए किसी व्यक्ति की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. देर रात हाईवे पर फंसे किसी गाड़ी ड्राइवर से ये अपेक्षा नहीं की जा सकती कि वह खराब गाड़ी की निगरानी के लिए खुद को खतरे में डाले.
आयोग ने बीएमडब्ल्यू के इंश्योर्ड बजट 70 लाख रुपये के क्लेम सेटलमेंट का निर्देश दिया. इसके अलावा पॉलिसी होल्डर को लंबे विवाद के दौरान मानसिक पीड़ा और उत्पीड़न के मुआवजे के रूप में 50 हजार रुपये का भुगतान भी किया जाए. इस मुकदमेबाजी की लागत के रूप में 25 हजार रुपये भी चुकाने का निर्देश दिया गया. इन तीनों रकम को जोड़कर क्लेम सेटलमेंट के रूप में 70.75 लाख रुपये बनते हैं. इसमें ब्याज नहीं जोड़ा गया है.
ये भी पढ़ें- दास और रांका को 5 दिन की जेल, भेजे गए तिहाड़... कितनी होगी सजा? बैन के बावजूद जंतर-मंतर घुसे, तोड़ीं बॉन्ड की शर्तें