बिजनेस
आप अपनी नजदीकी गैस एजेंसी, डिलीवरी बॉय या फिर मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे आसान तरीकों से अपनी e-KYC पूरी कर सकते हैं.
अगर आप भी घर में रसोई गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके बहुत काम की है. अगर आपने अभी तक अपने एलपीजी कनेक्शन की e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है, तो तुरंत ध्यान दें. प्रशासन ने इसके लिए 15 अगस्त की समयसीमा तय की है. गाजियाबाद के जिला आपूर्ति विभाग का स्पष्ट कहना है कि इस तारीख के बाद जिन उपभोक्ताओं का वेरिफिकेशन पूरा नहीं होगा, उन्हें सिलेंडर की बुकिंग करने या नया सिलेंडर डिलीवर कराने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, गाजियाबाद जिले में कुल 12 लाख रजिस्टर्ड गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब 10 लाख लोग पहले ही अपनी e-KYC का काम निपटा चुके हैं यानी लगभग 2 लाख उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका वेरिफिकेशन अभी अटका हुआ है. जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि इस अभियान पर प्रशासन पूरी नजर बनाए हुए है.
उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए आखिरी तारीख का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना वेरिफिकेशन करवा लें. अगर आपका मोबाइल नंबर बदल गया है, आप नए पते पर शिफ्ट हो गए हैं या फिर आपके दस्तावेजों में कोई जानकारी मैच नहीं हो रही है, तो इसे तुरंत ठीक करवा लें.
अधिकारियों के मुताबिक, जिन लोगों के नाम, पते या फोन नंबर में कोई गड़बड़ी है, वे सीधे अपनी गैस एजेंसी जाकर इसे दुरुस्त करवा सकते हैं ताकि बाद में बुकिंग या डिलीवरी रुकने की नौबत न आए. इस काम को आसान बनाने के लिए प्रक्रिया को काफी सरल रखा गया है. आप कई तरीकों से अपना वेरिफिकेशन करवा सकते हैं-
काम में तेजी लाने के लिए कई एजेंसियां जगह-जगह खास कैंप भी लगा रही हैं, ताकि पेंडिंग पड़े कामों को जल्दी निपटाया जा सके. अगर आपको इस प्रक्रिया में कोई दिक्कत आती है, तो आप अपने डिस्ट्रीब्यूटर के कस्टमर केयर नंबर पर फोन कर सकते हैं या सीधे जाकर मदद ले सकते हैं.
अधिकारियों का कहना है कि जिले में इस समय करीब 3.9 लाख लोग पीएनजी का इस्तेमाल कर रहे हैं. इस e-KYC अभियान का एक बड़ा मकसद यह भी पता लगाना है कि ऐसे कितने परिवार हैं जिन्होंने पीएनजी कनेक्शन तो ले लिया है, लेकिन फिर भी एलपीजी सिलेंडर का कनेक्शन अपने नाम पर चालू रखा है.
इस वेरिफिकेशन से पूरा डेटा साफ हो जाएगा और जो लोग वाकई एलपीजी का इस्तेमाल कर रहे हैं, उन्हें बिना किसी रुकावट के सेवा मिलती रहेगी. इसलिए बिना देरी किए 15 अगस्त से पहले अपना e-KYC जरूर पूरा करवा लें.
ये भी पढ़ें- Gold Rate Today, 5 August: सोना सस्ता हुआ या महंगा? जानें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता के लेटेस्ट रेट