बिजनेस
15 जुलाई को अल्फाबेट के शेयरों में 3.9 प्रतिशत का उछाय आया, जबकि उससे एक दिन पहले 2 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी.
अल्फाबेट के शेयर में उछाल के साथ गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज की नेटवर्थ 300 अरब डॉलर के पार पहुंच गई है. सिर्फ 24 घंटे के अंदर उनकी नेटवर्थ में करीब 10 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है. अल्फाबेट गूगल की पैरेंट कंपनी है.
अल्फाबेट के शेयरों में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है. बुधवार (15 जुलाई, 2026) को अल्फाबेट के शेयरों में 3.9 प्रतिशत का उछाय आया, जबकि उससे एक दिन पहले 2 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी. फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार दो दिन की इस तेजी के बाद नेटवर्थ में सिर्फ 24 घंटे के अंदर 8 अरब डॉलर के इजाफे के साथ लैरी पेज 300 अरब डॉलर क्लब में शामिल हो गए हैं. अब लैरी पेज 301.7 अरब डॉलर के मालिक हैं.
वॉरेन बफेट के बयान से अल्फाबेट के शेयरों में आई तेजी
अरबपति निवेशक वॉरेन बफेट के बयान के बाद अल्फाबेट के शेयर में तेजी देखी गई थी. वॉरेन बफेट की कंपनी बर्कशायर हैथवे ने पिछले साल से अल्फाबेट में निवेश करना शुरू किया और उसमें हिस्सेदारी बढ़ा दी. इस खुलासे के बाद अल्फाबेट के शेयरों में तेजी आ गई.
अल्फाबेट के शेयरों में उछाल पर वॉरेन बफेट का क्या कहना है?
सीएनबीसी के साथ एक इंटरव्यू में वॉरेन बफेट ने खुलासा किया था कि उनकी कंपनी बर्कशायर हैथवे ने पिछले साल अल्फाबेट में पहला इन्वेस्टमेंट किया था, लेकिन वह इस बात से निराश हैं कि उन्होंने पहले क्यों ऐसा नहीं किया. उन्होंने इसे अपनी गलती बताया है.
जब पूछा गया कि बाकियों की तुलना में अल्फाबेट को वह ज्यादा पसंद क्यों करते है और उनको कब और क्यों लगा कि यहां इन्वेस्ट करना चाहिए. वॉरेन बफेट ने कहा, 'मैं ये नहीं कहूंगा कि मुझे यह उतना पसंद है, जितना हमारे 4-5 अन्य व्यवसाय, लेकिन फिर भी मुझे लगता है कि वॉल स्ट्रीट पर बेचे जाने वाले 90 से 95 प्रतिशत निवेशों से ज्यादा इसके सफल होने की संभावना है क्योंकि वॉल स्ट्रीट पर अक्सर सिर्फ यही मायने रखता है कि लोगों को क्या बेचा जा सकता है.
वॉरेन बफेट के बयान के बाद अल्फाबेट शेयर 373 डॉलर पर पहुंचा
वॉरेन बफेट के खुलासे के बाद अल्फाबेट के शेयर में 14 जुलाई को 2 प्रतिशत का उछाल आया और फिर 15 जुलाई को भी इसमें तेजी देखी गई. यह स्टॉक शेयर 3.9 प्रतिशत बढ़कर 373 डॉलर पर पहुंच गया. इस तेजी के बाद लैरी पेज के साथ गूगल के दूसरे को-फाउंडर सर्गेई ब्रिन की नेटवर्थ भी सिर्फ दो दिन में 294 अरब डॉलर पर पहुंच गई.
बर्कशायर हैथवे की तरफ से यह भी खुलासा किया गया कि पिछले साल नवंबर में कंपनी ने अल्फाबेट के 1.78 करोड़ शेयर खरीदे थे, जिनकी कीमत 4.3 अरब डॉलर पर पहुंच गई है. कंपनी ने 4 करोड़ और शेयर खरीदे. इन 5.8 करोड़ शेयरों की इस वक्त कीमत 21 अरब डॉलर हो चुकी है.