बिजनेस
ट्रेन में सफर करने वाले करोड़ों रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे एक बहुत बड़ी खुशखबरी लेकर आया है. अब यात्री चलती ट्रेन में भी कंफर्म सीट बुक करा सकेंगे.
ट्रेन में वेटिंग टिकट को लेकर परेशान रहने वाले करोड़ों रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे एक बेहद शानदार तोहफा लेकर आया है. अब अगर आप सफर कर रहे हैं और आपके पास कंफर्म सीट नहीं है, तो आपको पूरी यात्रा के दौरान परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नया नियम बनाया है, जिसके तहत अब आप चलती ट्रेन में भी अपने लिए कंफर्म बर्थ बुक कर सकेंगे.
इस नई व्यवस्था के तहत इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ेगा कि ट्रेन अपने शुरुआती स्टेशन से छूट चुकी है. अगर रास्ते में ट्रेन के अंदर कोई भी सीट खाली होती है, तो यात्री उसे सफर के दौरान ही तुरंत अपने नाम पर अलॉट करवा सकेंगे. रेलवे का यह कदम उन यात्रियों के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आने वाला है जो अक्सर आरएसी या लंबी वेटिंग लिस्ट के चक्कर में सफर करने से कतराते थे.
भारतीय रेलवे आने वाले समय में टिकट बुकिंग से आरएसी के पुराने और उबाऊ सिस्टम को हमेशा के लिए विदा करने की तैयारी में है. इस पूरे सिस्टम को डिजिटल और आसान बनाने का जिम्मा रेलवे की तकनीकी शाखा यानी सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स को सौंपा गया है. जो इस समय टीटीई को मिलने वाली हैंड हेल्ड टर्मिनल मशीनों के सॉफ्टवेयर को अपग्रेड कर रहा है.
इस अपग्रेड के बाद टीटीई की मशीन में सीधे कंफर्म बर्थ बुकिंग का एक नया फीचर जुड़ जाएगा. इस आधुनिक व्यवस्था को जमीन पर सही तरीके से लागू करने के लिए रेलवे प्रशासन ने अपने कमर्शियल विभाग के बड़े अधिकारियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले टीटीई को खास ट्रेनिंग भी दे दी है, ताकि काम शुरू होते ही यात्रियों को इसका तुरंत फायदा मिल सके.
इस नए डिजिटल सिस्टम के काम करने का तरीका बेहद आसान और पारदर्शी है. रेलवे के मुताबिक, अगर किसी ट्रेन में किसी यात्री की सीट कंफर्म है, लेकिन वह किसी वजह से ट्रेन में नहीं चढ़ता है, तो टीटीई अपनी चेकिंग के दौरान उस सीट को अपनी मशीन में तुरंत खाली दर्ज कर देगा.
टीटीई के ऐसा करते ही वह खाली सीट तुरंत रेलवे के मुख्य बुकिंग पोर्टल और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर लाइव दिखने लगेगी. इसके बाद रास्ते के किसी भी स्टेशन से कोई भी दूसरा यात्री उस ट्रेन में बची हुई सीट को ऑनलाइन देख सकेगा और उसे तुरंत अपने लिए बुक कर पाएगा.
अभी की व्यवस्था में ऐसी खाली सीटों को टीटीई सिर्फ ट्रेन के अंदर ही किसी यात्री को दे पाते थे, जिससे आम लोगों को पता नहीं चल पाता था कि ट्रेन में कोई सीट खाली भी है या नहीं. लेकिन इस नए बदलाव के बाद पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो जाएगी और कोई भी यात्री अपने मोबाइल से ही खाली सीट की बुकिंग कर सकेगा. यह नियम न केवल यात्रियों का सफर आरामदायक बनाएगा, बल्कि रेलवे में टिकटों की कालाबाजारी पर भी पूरी तरह से लगाम लगाएगा.