बिजनेस
ICICI बैंक ने अपने उस नियम में बदलाव कर दिया है जिसमें उसने मिनिमम बैलेंस 50 हजार रुपये कर दिए थे. बैंक ने कहा कि उसने ये कदम ग्राहकों के फीडबैक को ध्यान में रखते हुए उठाया है.
ICICI Bank Minimum Balance: देश के सबसे प्रमुख बैंकों में से एक ICICI बैंक ने हाल ही में नए अकाउंट धारकों के लिए Minimum Balance के नियमों में बदलाव किया था. बैंक ने शहरी ग्राहकों के लिए 50 हजार रुपये का मिनिमम अकाउंट बैलेंस रखना अनिवार्य कर दिया था. हालांकि, अब ICICI Bank ने अपना ये नियम वापस ले लिया है. बैंक ने कहा कि उसने ग्राहकों के कीमती सुझावों को ध्यान में रखते हुए ये बदलाव किये हैं.
मिनिमम अकाउंट बैलेंस से मतलब उस अमाउंट से है जितना आपको अपने Savings Bank Account में रखना ज़रूरी होता है. पहले ICICI बैंक के मेट्रो और अर्बन ब्रांच के अकाउंट होल्डर्स के लिए MAB 10 हजार और सेमी अर्बन और ग्रामीण ब्रांचेस के लिए 5 हजार का MAB अनिवार्य था. 11 अगस्त को ICICI बैंक ने नियमों में बदलाव करते हुए मिनिमम बैलेंस को 5 गुना बढ़ा दिया था. बैंक ने मेट्रो और अर्बन ब्रांच के लिए MAB 50 हजार और सेमी अर्बन और ग्रामीण ब्रांच के लिए 25 हजार कर दिया था.
11 अगस्त को हुए नियमों में बदलाव के बाद सोशल मीडिया पर कई ग्राहकों ने लिखा था कि नया नियम प्रैक्टिकल नहीं है. कई लोगों ने ये चिंता भी जाहिर की थी कि ज्यादातर लोगों की सैलरी ही 20-25 हजार रुपये होती है. ऐसे में 50 हजार का मिनिमम बैलेंस मेंटेन करने का मतलब है कि दो महीने की सैलरी ब्लॉक हो जाएगी. इन फीडबैक्स को ध्यान में रखते हुए 13 अगस्त की रात ICICI बैंक ने मिनिमम अकाउंट बैलेंस के नियमों में बदलाव किया.
मेट्रो और शहरी ब्रांच के अकाउंट होल्डर्स के लिए 15 हजार का मिनिमम बैलेंस रखना ज़रूरी होगा. वहीं सेमी अर्बन ब्रांच के अकाउंट होल्डर्स के लिए कम से कम 7500 रुपये का मिनिमम बैलेंस मेंटेन करना ज़रूरी होगा. ग्रामीण ब्रांच के अकाउंट होल्डर्स के लिए 2500 रुपये का अकाउंट बैलेंस मेन्टेन करना ज़रूरी होगा.
अगर आप अपने अकाउंट में मिनिमम बैलेंस मेन्टेन नहीं करते हैं तो आप पर फाइन लगेगा. या तो आपको 500 रुपये का फाइन लगेगा या फिर मिनिमम बैलेंस से जितना अमाउंट कम है उसका 6 प्रतिशत. दोनों में से जो भी कम होगा उतना फाइन के तौर पर आपको चुकाना होगा. उदाहरण के लिए अगर MAB 15 हजार रुपये है और आपके अकाउंट में केवल 10 हजार रुपये हैं तो बचे हुए 5000 का 6 प्रतिशत यानी 300 रुपये फाइन के तौर पर कट जाएगा.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.