बिजनेस
एक्सपर्ट की सलाह है कि थोड़ा-थोड़ा करके सोना खरीदें और गोल्ड में लॉन्ग टर्म के लिए इन्वेस्ट करें, कम से कम 3 या 5 साल के लिए रखें.
सोने और चांदी में मंगलवार (13 अक्टूबर, 2026) को फिर से गिरावट देखी गई. मार्केट खुलते ही गोल्ड में करीब 1000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जबकि उससे एक दिन पहले 1,500 रुपये नीचे आ गया था. एक्सपर्ट्स सोने में लगातार हो रही इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी बता रहे हैं. उनका कहना है कि अमेरिका पर कर्ज बढ़कर 40.39 ट्रिलियन डॉलर यानी 3,824 लाख करोड़ रुपये से भी ऊपर पहुंच गया है, जबकि हर दिन वह करीब 50 हजार करोड़ रुपये उधार ले रहा है.
अमेरिका को जब उधार की जरूरत होती है तो वह बॉन्ड जारी करता है, जिस पर इंटरेस्ट के रूप में अच्छा रिटर्न मिलता है. इस वजह से इन्वेस्टर्स बॉन्ड यील्ड बढ़ने पर इसमें निवेश करना शुरू कर देते हैं, जिसका गोल्ड पर असर दिखता है. अक्सर ऐसा देखा जाता है कि बॉन्ड यील्ड बढ़ने पर सोने के दाम में गिरावट आती है. अब बात करते हैं कि भारतीयों के लिए यह कितना फायदेमंद होने वाला है क्योंकि धनतेरस और दिवाली जैसे त्योहारों पर भारत में सोने और चांदी खरीदना शगुन माना जाता है. बड़े कारोबारियों से लेकर मिडिल क्लास तक सब लोग सोना खरीदते हैं. बहुत ज्यादा नहीं तो सोने का कोई छोटा-मोटा आइटम ही खरीद लेते हैं क्योंकि त्योहारों पर सोना खरीदने के साथ भारतीयों का इमोश्नल अटैचमेंट भी होता है. पंडित, ज्योतिष भी इन त्योहारों पर सोने की खरीद की सलाह देते हैं.
हफ्ते के पहले दिन, सोमवार (12 अक्टूबर, 2026) को 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1.51 लाख प्रति 10 ग्राम था, जबकि 22 कैरेट 1.39 लाख रुपये और 18 कैरेट गोल्ड 1.13 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर था. मंगलवार को 24 कैरेट सोने का भाव 1.49 लाख रुपये प्रति 10 पर पहुंच गया, जबकि 22 कैरेट 1.37 लाख रुपये और 18 कैरेट 1.12 लाख प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा.
अब जिस तरह सोने के भाव गिर रहे हैं, उसमें शादी-ब्याह और फेस्टिव सीजन में खरीदारी करने वालों में सोने की डिमांड बढ़ेगी. हालांकि, जो लोग इन्वेस्टमेंट के तौर पर सोने में निवेश करना चाहते हैं, वह कंफ्यूज हैं कि क्या अभी सोना खरीद कर फ्यूचर में अच्छा रिटर्न मिलेगा या अभी पैसा लगाना रिस्की हो सकता है क्योंकि जिस तरह हर दिन सोने के भाव में कमी देखी जा रही है, क्या वो आगे भी जारी रहने वाली है.
एक्सपर्ट्स की राय है कि लॉन्ग टर्म के लिए अभी सोना खरीदना फायदेमंद रहेगा क्योंकि यह आगे अच्छा रिटर्न दे सकता है. निवेशक चाहें तो थोड़ा-थोड़ा करके भी इन्वेस्ट कर सकते हैं. सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट अनुज गुप्ता का अनुमान है कि शादी-ब्याह, धनतेरस और दिवाली पर ट्रेडर्स और गोल्ड सेवर के लवर्स जरूर इस टाइम पर सोना चांदी में इन्वेस्ट करना शुरू करेंगे.
अनुज गुप्ता ने कहा, 'मुझे लगता है कि अगर कोई लॉन्ग टर्म इन्वेस्ट करना चाहता है, स्टोर करके रखना चाहता है, तो यह उसके लिए अच्छा मौका होगा. शॉर्ट टर्म में शायद उतनी तेजी देखने को न मिले, लेकिन लॉन्ग टर्म में मुझे विश्वास है कि गोल्ड-सिल्वर में आपको अच्छे रिटर्न्स देखने को मिल सकते हैं इसलिए लॉन्ग टर्म का व्यू बनाकर चलिए. जो भी आपको डिप्स मिलते हैं, वहां एसआईपी का फॉर्म लेकर या ईटीएफ के जरिए छोटी-छोटी क्वांटिटी को ऐड करते चलिए, जैसा-जैसा आपको इन्वेस्टमेंट करना हो.'
अनुज गुप्ता की निवेशकों को सलाह है कि इन्वेस्टमेंट की अप्रोच बनाकर चलिए, ट्रेडिंग वाली अप्रोच न रखें. अगर आप इन्वेस्टमेंट का व्यू लेकर चलते हैं और 3, 4 या 5 साल के लिए रखते हैं तो गोल्ड और सिल्वर में आपको अच्छा रिटर्न देखने को मिल सकता है. उन्होंने कहा कि दिवाली और धनतेरस वैसे भी अच्छे दिन हैं, ऐसे समय में आपको अपनी इन्वेस्टमेंट जर्नी को जारी रखना चाहिए और छोटी-छोटी क्वांटिटी में अपना गोल्ड-सिल्वर पोर्टफोलियो बना सकते हैं.
अमेरिका अभी लगातार मार्केट से कर्ज उठा रहा है, उससे बॉन्ड यील्ड बढ़ रहा है और उसके साथ सोने पर दबाव भी बढ़ रहा है, लेकिन लंबे समय तक ऐसा रहने वाला नहीं है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये स्थिति हमेशा रहने वाली नहीं है. अमेरिका के बड़े इकनॉमिस्ट पीटर शिफ के अनुसार ये सिचुएशन चुइंगम की तरह खिंचती जाएगी और एक टाइम पर आकर पतली होकर टूट जाएगी. तब हो सकता है कि निवेशक फिर से गोल्ड-सिल्वर की तरफ एट्रेक्ट होंगे, निवेश बढ़ेगा, जिसकी वजह से सोने के भाव में फिर से उछाल देखने को मिल सकता है.
बॉन्ड यील्ड का असर सिर्फ सोने पर ही देखने को नहीं मिल रहा है, ये जो कर्ज अमेरिका उठा रहा है, उससे वहां का रियल एस्टेट प्रभावित हो रहा है. पीटर शिफ के अनुसार बॉन्ड यील्ड की वजह से मॉर्गेज की ब्याज दरें बढ़ेंगी. मॉर्गेज लोन घर खरीदने के लिए दिया जाने वाला लोन होता है, जिसे भारत में हाउसिंग लोन कहते हैं. अब अगर बॉन्ड यील्ड बढ़ेगा तो मॉर्गेज लोन पर इंटरेस्ट बढ़ेगा, जिसकी वजह से रियल एस्टेट प्रभावित होगा. ऐसे में अमेरिका जो उधार आज ले रहा है, उसे वापस करने में उसके सामने बड़ी मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं. पीटर शिफ का कहना है कि हर एक 1 डॉलर के बदले अमेरिका 50 सेंट ही वापस कर पाएगा.
यह भी पढ़ें:- Business Ideas: 5 लाख से कम में शुरू करें ये 5 धांसू बिजनेस, हर महीने लाखों में होगी कमाई!