बिजनेस
क्या आप जानते हैं कि आपके रोजमर्रा के आसान काम जैसे खाना बनाना, घर की सफाई करना या कपड़ों की देखभाल करना सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि कमाई का एक बड़ा जरिया बन सकते हैं?
हम अपने दैनिक जीवन में सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक कई ऐसे काम करते हैं जिन्हें हम सिर्फ रूटीन या एक जिम्मेदारी समझकर निपटा देते हैं. जैसे- घर की सफाई, कपड़ों पर प्रेस, गार्डनिंग, खाना पकाना या सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करना. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिन कामों को आप बिना ध्यान दिए रोज करते हैं, वे किसी के लिए लाखों-करोड़ों रुपये की कमाई का जरिया बने हुए हैं?
बिजनेस की दुनिया का एक सीधा सा नियम है- "जहां लोगों की समस्या या समय की कमी है, वहीं कमाई का मौका है." आपको बताते हैं कि कैसे आम रोजमर्रा की आदतें एक बेहतरीन बिजनेस का रूप ले चुकी हैं.
रोज खाना बनाना हर घर की जरूरत है. कई लोग इसे सिर्फ एक घरेलू काम मानते हैं. लेकिन आज के समय में बाहर रहने वाले छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए 'घर का खाना' एक बहुत बड़ी जरूरत बन चुका है. इसी आम काम को कई लोगों ने होम-मेड टिफिन सर्विस, क्लाउड किचन या कुकिंग क्लासेस में बदलकर एक बड़ा ब्रांड बना लिया है.
कपड़े धोना और प्रेस करना हर घर की कहानी है. पहले लोग इसे खुद करते थे या स्थानीय धोबी को देते थे. लेकिन अब इसी काम को प्रोफेशनल लॉन्ड्री और ड्राई-क्लीनिंग सर्विस के रूप में बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है. डोर-टू-डोर पिकअप और डिलीवरी मॉडल ने इस साधारण से काम को एक बड़े स्टार्टअप सेक्टर में तब्दील कर दिया है.
झाड़ू-पोछा और घर की सफाई को अक्सर हम एक उबाऊ काम समझते हैं. लेकिन आज के भागदौड़ भरे दौर में डीप क्लीनिंग और होम ऑर्गनाइजिंग एक बहुत बड़ा बिजनेस बन चुका है. लोग अपने घरों, सोफों और वाटर टैंकों की सफाई के लिए पेशेवर टीमों को बुलाते हैं और इसके लिए अच्छी-खासी फीस देने को तैयार रहते हैं.
अगर आपके पास पालतू जानवर है, तो उसे टहलाना और खाना खिलाना आपकी दिनचर्या का हिस्सा होगा. लेकिन बहुत से लोग समय न होने के कारण डॉग वॉकर या पैट सिटर हायर करते हैं. विदेशों में यह बेहद लोकप्रिय था और अब भारत के बड़े शहरों में भी लोग जानवरों की देखभाल करने के बदले बेहतरीन कमाई कर रहे हैं.
रोज स्मार्टफोन चलाना, फोटो खींचना या छोटे-छोटे वीडियो देखना लगभग हर किसी की आदत बन चुका है. ज्यादातर लोग इसमें अपना समय खर्च करते हैं. वहीं दूसरी तरफ, कुछ स्मार्ट लोग इसी आदत को बिजनेस बना चुके हैं. वे कंटेंट क्रिएशन, रील्स, ब्लॉगिंग और डिजिटल मार्केटिंग के जरिए अपने मोबाइल का सही इस्तेमाल करके कमाई कर रहे हैं.
इन सभी उदाहरणों से एक बात साफ होती है कि बिजनेस शुरू करने के लिए हमेशा किसी बहुत जटिल या क्रांतिकारी विचार की जरूरत नहीं होती. कई बार आपके आसपास मौजूद सबसे साधारण काम ही सबसे बड़ा अवसर छिपाए होते हैं. जरूरत बस इस बात की है कि आप अपने रोज के कामों को एक उपभोक्ता की नजर से देखना बंद करें और एक उद्यमी की नजर से देखना शुरू करें.
ये भी पढ़ें- Business Idea: दुकान नहीं, डिग्री नहीं! गांव-कस्बों में तेजी से बढ़ रहे ये 8 छोटे काम