बिजनेस
अनघा राजेश की स्टार्टअप कंपनी बायोकंप्यूट, डीएनए में डिजिटल डेटा को स्टोर करने पर काम कर रही है. बायो चिप बनाने के लिए उन्होंने बेंगलुरु से सैन-फ्रांसिस्को शिफ्ट होने का फैसला किया है. जानें पूरा आइडिया क्या है...
22 साल की अनघा राजेश बिट्स पिलानी के गोवा कैंपस में केमेस्ट्री की पढ़ाई कर रही थीं. होनहार अनघा के सामने एकेडमिक्स में आगे बढ़ने का रास्ता था. वह पीएचडी कर सकती थीं, लेकिन उस वक्त उनकी दिलचस्पी एक ऐसे आइडिया में थी जो फ्यूचर में डेटा स्टोरेज की दुनिया को पूरी तरह से बदलकर रख सकता था.
आज दुनिया में हर दिन करोड़ों फोटो, वीडियो और दूसरी डिजिटल फाइलें बन रही हैं. इन्हें सुरक्षित रखने के लिए बड़े-बड़े डेटा सेंटर, हार्ड डिस्क और सर्वर का इस्तेमाल होता है. इन डेटा सेंटर को चलाने के लिए बिजली की काफी खपत होती है और इन्हें ठंडा रखने के लिए भी काफी रिसोर्स खर्च होते हैं. ऐसे में एक सवाल उठता है कि क्या डिजिटल डेटा को स्टोर करने का कोई ऐसा तरीका हो सकता है, जिसमें बहुत कम जगह लगे और डेटा भी लंबे समय तक सिक्योर रहे.
डेटा स्टोरेज की इस दिक्कत को दूर करने की अनघा कोशिश कर रही हैं. उनका आइडिया कंप्यूटर की हार्ड डिस्क या एसएसडी में डेटा रखने के बजाय डीएनए में इसे स्टोर करने का है. उनकी डीप-टेक स्टार्टअप कंपनी का नाम बायोकंप्यूट है. इस कंपनी ने ऐसा प्रोटोटाइप तैयार किया है जो डीएनए में डेटा रखने और उसे वापस पढ़ने में सक्षम है. अब कंपनी इस टेक्निक को एक चिप के रूप में विकसित करने पर काम कर रही है. इसके लिए कंपनी बेंगलुरु से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शिफ्ट होने जा रही है.
अनघा ने बायोकंप्यूट की शुरुआत जनवरी 2024 में की थी. उन्होंने जिस डीएनए की मदद से डिजिटल डेटा स्टोर करने की टेक्निक पर काम करने का फैसला किया था, उसे कंपनी में बदलना आसान नहीं था. इसके लिए लगातार एक्सपेरिमेंट करने, टेक्निक की बाउंडरी को समझने के साथ यह भी पता लगाने की जरूरत थी कि डीएनए में डेटा लिखने और उसे पढ़ने की प्रक्रिया को कम खर्चीला कैसे बनाया जाए.
बायोकंप्यूट की शुरुआत किसी बड़ी कॉरपोरेट लैब से नहीं हुई. कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, शुरुआत में उन्होंने सीमित संसाधनों के साथ काम किया. बाद में कंपनी को बेंगलुरु के सेंटर फॉर सेल्युलर एंड मॉलिक्यूलर प्लेटफॉर्म्स में इनक्यूबेशन मिला. इससे उन्हें अपने आइडिया पर आगे बढ़ने का मौका मिला. जनवरी 2025 में कंपनी ने होम लैब बनाया और अप्रैल 2025 में टीम ने डीएनए में डेटा लिखने और उसे वापस पढ़ने का प्रूफ ऑन कॉन्सेप्ट तैयार किया.
बायोकंप्यूट ऐसी टेक्निक पर काम कर रही है जिसमें डिजिटल डेटा को डीएनए के अंदर ही स्टोर किया जा सके. फिलहाल कंप्यूटर डिजिटल जानकारी को बाइनरी कोड यानी 0 और 1 के रूप में प्रोसेस करते हैं. लेकिन बायोकंप्यूट का मकसद डिजिटल जानकारी को डीएनए के चार नाइट्रोजनस बेस A (एडेनिन), T(थाइमन), C(साइटोसिन) और G(ग्वानिन) के सिक्वेंस में बदलकर स्टोर करना है.

डीएनए में जीवों का जेनेटिक इन्फॉर्मेशन होता है. सबसे पहले किसी फोटो या वीडियो को डिजिटल कोड में बदला जाता है. डीएनए डेटा स्टोरेज सिस्टम में इस कोड को डीएनए के बेस के खास सिक्वेंस के रूप में लिखा जा सकता है. जब उस जानकारी की जरूरत होती है तो डीएनए के सिक्वेंस को पढ़कर उसे दोबारा डिजिटल डेटा में बदला जा सकता है. इस तरह फोटो वीडियो या दूसरी फाइलों को वापस हासिल किया जा सकता है.
लेकिन अगर आपको ऐसा लग रहा है कि इससे लोग अपने मोबाइल फोन की तस्वीरें सीधे किसी डीएनए में सेव कर सकेंगे तो ऐसा मुमकिन नहीं है. इसके लिए खास ऑर्गेनिक और इलेक्ट्रॉनिक टेक्निक की जरूरत होती है. बायोकंप्यूट का मकसद ऐसा इंटीग्रेटेड चिप तैयार करना है जो डेटा लिखने, उसे स्टोर करने और वापस पढ़ने की प्रोसेस को आसान बना दे.
किसी स्टार्टअप को सक्सेसफुल बनाने के लिए सिर्फ आइडिया होना ही काफी नहीं होता. रिसर्च, लैब, इक्विपमेंट, एक्टपर्ट्स की टीम और बार-बार एक्सपेरिमेंट करने के लिए फंडिंग की जरूरत पड़ती है. बायोकंप्यूट को शुरुआत में इमरजेंट वेंचर्स और ग्रेडकैपिटल से सपोर्ट मिला. सितंबर 2024 में अनघा ने सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी दी थी कि उन्हें निखिल कामथ के डब्ल्यूटी फंड की ओर से भी सपोर्ट मिला है. इसके अलावा उन्हें 1517 फंड, ग्रेडकैपिटल और एंजल इन्वेस्टर्स से भी प्री-सीड फंडिंग मिल चुकी है. लाइव मिंट के मुताबिक, कंपनी जून 2026 तक कुल 5 करोड़ रुपये से ज्यादा की फंडिंग जुटा चुकी है.
सैन फ्रांसिस्को में बायोकंप्यूट अपने प्रोटोटाइप को चिप के रूप में विकसित करने पर काम करेगी. यह कंपनी एक ऐसा इंटीग्रेटेड चिप बनाना चाहती है जो डीएनए में डेटा लिखने, उसे स्टोर करने और वापस पढ़ने के प्रोसेस को एक सिस्टम में जोड़ सके.
अगर कंपनी इस टेक्निक को कम लागत पर, भरोसेमंद तरीके से और बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करने लायक बना पाती है तो लंबे समय तक डेटा को सिक्योर रखने वाली इंडस्ट्री को एक नया ऑप्शन मिलेगा. बायोकंप्यूट के मुताबिक, उसने दो मीडिया प्रोडक्शन स्टूडियो के साथ पायलट प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए समझौता भी किया है. इसका मतलब है कि कंपनी का फोकस शुरुआत में ऐसी डिजिटल फाइलों पर है जिन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखने की जरूरत होती है.
यह भी पढ़ें- दुनिया में सबसे ज्यादा नदियां रूस में हैं, फिर भी बांग्लादेश क्यों कहलाता है Land of Rivers?