बिजनेस
सातवें वेतन आयोग में सरकार ने फिटमेंट फैक्टर बढ़ाकर 2.57 किया था. कई मजबूर यूनियन अब इसे बढ़ाकर 3.83 करने की सिफारिश कर रहे हैं.
आठवां वेतन आयोग डेडलाइन तक अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपने के लिए एक्शन मोड में है. इसी के चलते इस महीने वेतन आयोग की अहम बैठकें होने जा रही हैं. 7 और 8 अक्टूबर को कर्नाटक के बेंगलुरु में बैठक के बाद वेतन आयोग मुंबई पहुंचेगा और यहां 22 और 23 अक्टूबर को मजदूर यूनियन और पेंशनर संगठनों से मुलाकात करेगा.
इन बैठकों में वेतन आयोग का क्या विशेष एजेंडा होगा, इसे लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पहले हुई बैठकों में प्रमुख मजदूर यूनियन और पेंशनर संगठनों ने सैलरी, पेंशन, फिटमेंट फैक्टर और अन्य सेवा संबंधी मुद्दों को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज करवाई थीं. इस बीच केंद्रीय कर्मचारी अपने हिसाब से आठवें वेतन आयोग के तहत सैलरी का कैल्कुलेशन करने में जुटे हैं. इस कैल्कुलेशन में सबसे अहम चीज फिटमेंट फैक्टर है, जिसे बढ़ाने की मजदूर यूनियनों ने सिफारिश की है. जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में काम कर रहा वेतन आयोग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मजदूर यूनियन और पेंशनर संगठनों से मिलने के बाद अगले साल मई तक अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप देगा. नया वेतन आयोग लागू होने के बाद किसकी सैलरी कितनी बढ़ेगी, यह सब फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करता है. सातवें वेतन आयोग में 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था, लेकिन कई संगठनों ने इसे तीन से ज्यादा रखने की सिफारिश की है.
फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने का सुझाव देने वालों में नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) भी शामिल है. उसने 3.833 लागू करने की सिफारिश की है. फिटमेंट फैक्टर का इस्तेमाल मुख्यरूप से नई बेसिक सैलरी तय करने के लिए किया जाता है. इसके बाद महंगाई भत्ता, HRA और ट्रांसपोर्ट अलाउंस जैसे भत्तों का हिसाब अलग से होता है. रिपोर्ट पेश करने की 18 महीनों की अवधि में से 11 महीने पूरे हो चुके हैं और उम्मीद की जा रही है कि मई तक वेतन आयोग रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप देगा, लेकिन आठवां वेतन आयोग लागू होने में कर्मचारियों को और तीन-चार महीने का इंतेजार करना पड़ सकता है. दरअसल, रिपोर्ट केंद्र के पास पहुंचने के बाद मंत्रियों का पैनल उसका रिव्यू करेगा, अगर उनके कुछ सुझाव होंगे तो उनके अनुसार बदलाव किए जाएंगे और इस सबके बाद इसे लागू किया जाएगा. खैर तक तक यह जान लेते हैं कि लेवल 6,7 और 8 कर्मचारियों की सैलरी आठवां वेतन आयोग लागू होने के बाद कितनी बढ़ जाएगी.
अभी तक फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने को लेकर सरकार की तरफ से कोई घोषणा नहीं की गई है. फिलहाल के लिए सातवें वेतन आयोग में लागू 2.57 फिटमेंट फैक्टर के आधार पर सैलरी का कैल्कुलेशन करते हैं. सातवें वेतन आयोग में लेवल 6 के लिए बेसिक सैलरी 35,400 रुपये, लेवल 7 के कर्मचारियों के लिए 44,900 रुपये और लेवल 8 के कर्मचारियों के लिए 47,600 रुपये है.
अगर लेवल 8 के कर्मचारी, जिसकी बेसिक सैलरी 47,600 रुपये है, आठवां वेतन आयोग लागू होने के बाद उसकी सैलरी एक लाख के भी पार पहुंच जाएगी, जिसमें डीए और एचआरए जैसी चीजें भी शामिल हैं. 2.57 फिटमेंट फैक्टर के हिसाब से बेसिक सैलरी कैलकुलेट करने के बाद ग्रॉस सैलरी 1,22,332 रुपये बैठेगी. इसी तरह लेवल 7 वाले कर्मचारी, जिनकी बेसिक 44,900 रुपये है, आठवें वेतन आयोग के तहत उन्हें 1,15,393 रुपये ग्रॉस सैलरी मिलेगी. वहीं, लेवल 6 के कर्मचारियों का वेतन 2.57 फिटमेंट फैक्टर के साथ 35,400 से 90,978 रुपये ग्रॉस पर पहुंच जाएगा.
NC-JCM के अलावा ऑल इंडिया डिफेंस एंप्लॉइज फेडरेशन (AIDEF), फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशन (FNPO) और ऑल इंडिया न्यू पेंशन स्कीम एंप्लॉइज फेडरेशन ने भी फिटमेंट फैक्टर बढ़ाकर 3.38 करने की सिफारिश की है. वहीं, रेलवेज टेक्नीकल सुपरवाइजर्स एसोसिएशन (IRTSA) ने अलग-अलग लेवल के कर्मचारियों के लिए 5 फिटमेंट फैक्टर की सिफारिश की है. उन्होंने सबसे कम 2.92 और सबसे ज्यादा 4.38 फिटमेंट लागू करने की सिफारिश की है. सातवें वेतन आयोग में सरकार ने फिटमेंट फैक्टर में 0.31 का इजाफा किया था, छठे वेतन आयोग में 1.86 फिटमेंट फैक्टर लागू था, जो सातवें में 2.57 कर दिया गया था.
यह भी पढ़ें:- रसिक दुलारी की मौत का तीसरा CCTV और लापता किशोरों का सच, प्रेमानंद महाराज के आश्रम में कब-क्या हुआ?