बिजनेस
Elon Musk Net Worth: एलन मस्क के स्वामित्व वाली कंपनी SpaceX ने 135 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर 55.56 करोड़ शेयर बेचकर 75 अरब डॉलर जुटाए हैं. इसके बाद एलन मस्क की संपत्ति बढ़कर 1 ट्रिलियन डॉलर से से भी ज्यादा हो गई है.
Elon Musk becomes trillionaire: स्पेस एक्स और टेस्ला जैसी कंपनियों के मालिक एलन मस्क दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं जिन्हें "ट्रिलियनेयर" का दर्जा मिला है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, SpaceX के आईपीओ से रिकॉर्ड 75 अरब अमेरिकी डॉलर जुटाने के बाद मस्क ने वो मुकाम हासिल कर लिया है जो इतिहास में आजतक तो नहीं हासिल कर सका. 1 ट्रिलियन डॉलर की रकम कितनी होती है इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. अगर इसे अंकों में लिखा जाए तो एक के आगे 12 जीरो लगाने पड़ेंगे. भारतीय मुद्रा में ये रकम लगभग 83 लाख करोड़ रुपये होगी. एलन मस्क की उपलब्धि कितनी बड़ी है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आज की तारीख में मस्क दुनिया के 174 देशों से ज्यादा अमीर हैं.
1 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति से अमेरिका के सबसे आधुनिक F-35 लाइटनिंग फाइटर जेट की 10 हजार यूनिट खरीदे जा सकते हैं. एक F-35 लाइटनिंग की कीमत 100 मिलियन डॉलर है.
दुनिया के सबसे आधुनिक और ताकतवर परमाणु ऊर्जा से चलने वाले अमेरिकी युद्धपोत USS Gerald R. Ford की लागत 13 अरब डॉलर है. 1 ट्रिलियन डॉलर में ऐसे 75 से अधिक एयरक्राफ्ट कैरियर खरीदे जा सकते हैं.
1 ट्रिलियन डॉलर खर्च किए जाएं तो दुबई की मशहूर बुर्ज खलीफा जैसी लगभग 660 से ज्यादा इमारतें खड़ी की जा सकती हैं.
1 ट्रिलियन डॉलर से मैनहट्टन, लंदन सेंट्रल, पेरिस या मुंबई जैसी दुनिया की सबसे महंगी जगहों पर लाखों आलीशान गगनचुंबी इमारतें खरीदी जा सकती हैं.
ऑक्सफैम और संयुक्त राष्ट्र के अनुमानों के मुताबिक, 1 ट्रिलियन डॉलर की रकम से पूरी दुनिया से भुखमरी और अत्यधिक गरीबी को कई सालों के लिए पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है.
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में केवल 21 देश ही ऐसे हैं जिनकी GDP 1 ट्रिलियन डॉलर या उससे अधिक है. दुनिया के कुल 195 देशों में से लगभग 174 देशों की कुल जीडीपी 1 ट्रिलियन डॉलर से कम है.
एलन मस्क अब ताइवान, तुर्की, स्वीडन, इजराइल, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान जैसे बड़े देशों से भी ज्यादा अमीर हैं.
एलन मस्क की संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा अब SpaceX से आता है. स्पेस एक्स में उनकी हिस्सेदारी की कीमत लगभग 866 अरब अमेरिकी डॉलर है. फोर्ब्स के एक अनुमान में बताया गया है कि Tesla और दूसरे वेंचर्स में उनकी हिस्सेदारी को मिलाकर, जल्द ही मस्क की संपत्ति 1.1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हो जाएगी. एलन मस्क अब दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं. खास बात ये है कि मस्क दूसरे नंबर के सबसे अमीर शख्स लैरी पेज से मीलें आगे हैं. गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज की कुल संपत्ति 304 बिलियन डॉलर है.