बिजनेस
LPG ग्राहकों को गैस कंपनियों की तरफ से वॉर्निंग मैसेज भेजा जा रहा है. गैस कंपनियों की तरफ से भेजे गए वॉर्निंग मेसेज में लिखा है कि अगर ग्राहक या उनके पति-पत्नी की सालाना कमाई 10 लाख रुपये से ज्यादाहै तो उन्हें गैस सिलिंडर पर सब्सिडी नहीं मिलेगी.
LPG Cylinder Booking Rule: अगर आप या आपके पति/पत्नी की सालाना कमाई 10 लाख रुपये से ज्यादा है, तो आपको गैस सिलिंडर पर सब्सिडी नहीं मिलेगी. तेल कंपनियां ग्राहकों को वॉर्निंग मैसेज भेज रही हैं, इस मैसेज पर ग्राहकों को 7 दिन के अंदर रिस्पॉन्ड करना होगा.
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तेल कंपनियां LPG ग्राहकों की डिटेल को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के रिकॉर्ड्स से मैच कर रही हैं. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से ऐसे ग्राहकों की पहचान की जा रही है, जो ज्यादा कमाई के बाद भी सब्सिडी ले रहे हैं.
नियमों के मुताबिक, कोई भी परिवार जिसकी सालाना इनकम 10 लाख रुपये से ज्यादा है, वो LPG सब्सिडी के लिए एलिजिबल नहीं है. यहां साफ कर दें कि यहां केवल ग्राहक की कमाई नहीं, उनके स्पाउस की कमाई भी देखी जाती है. उदाहरण के लिए, अगर एक होम मेकर के नाम पर LPG कनेक्शन हो और उनके या पति/पत्नी की कमाई 10 लाख रुपये से ज्यादा हो तो उन्हें कनेक्शन पर सब्सिडी नहीं मिलेगी. यह नियम ऐसे परिवारों तक गैस सब्सिडी का फायदा पहुंचाने के लिए बनाया गया है जिनकी कमाई कम है. अगर एक परिवार में पति-पत्नी के अलावा और भी लोग रहते हैं, तो पूरे परिवार की इनकम के आधार पर सब्सिडी का फैसला किया जा सकता है.
क्या आपके पास भी वॉर्निंग मैसेज आया है? अगर हां तो दो बातें हो सकती हैं- एक आपकी या आपके पार्टनर की कमाई 10 लाख से ज्यादा है या फिर उससे कम है. ज्यादा होने पर आपको कुछ करने की ज़रूरत नहीं है, आपके गैस कनेक्शन से सब्सिडी अपने आप कैंसिल हो जाएगी. अगर आपकी कमाई 10 लाख रुपये से कम है तो आप अपनी गैस कंपनी के ऐप या पोर्टल पर जाकर इसकी शिकायत कर सकते हैं. या फिर आप 1800-2333-555 टोल फ्री नंबर पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं. मैसेज आने पर 7 दिन के अंदर जवाब देना अनिवार्य है.
14.2 किलो के घरेलू LPG सिलिंडर पर दो तरह की सब्सिडी मिलती है. सामान्य बुकिंग पर एक सिलिंडर पर 24 रुपये प्रति सिलिंडर की सब्सिडी मिलती है. यह सब्सिडी उन परिवारों के लिए है जिनकी सालाना कमाई 10 लाख रुपये से कम है. इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत सब्सिडी दी जाती है. इस योजना के तहत लिए गए कनेक्शंस पर प्रति सिलिंडर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती है. PMUY के तहत एक साल में अधिकतम 9 सिलिंडर बुक किए जा सकते हैं, 9 के बाद बुक होने वाले सिलिंडरों पर सब्सिडी नहीं दी जाएगी.
ये भी पढ़ेंः
सिर्फ 5 KG एक्स्ट्रा गैस, दाम डबल! फिर भी रेस्टोरेंट वाले महंगा LPG क्यों लेते हैं?
Alert! ये 4 शर्तें पूरी नहीं कीं तो कट जाएगा LPG कनेक्शन, दूसरी गलती सबसे कॉमन है
LPG किलो में आती है, लेकिन PNG का यूनिट क्या है? खर्च का हिसाब समझ लो