बिजनेस
8th Pay Commission: नया वेतन आयोग हर 10 साल में लागू किया जाता है. इससे पहले सातवां वेतन आयोग 2016 में लागू किया गया था. आठवें वेतन आयोग में न्यूनतम आधार वेतन को बढ़ाकर 34,560 रुपये किया जा सकता है जो कि सातवें वेतन आयोग में 18,000 रुपये है.
8th Pay Commission Salary Calculation: केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों और सरकार के फैसले का इंतजार बेसब्री से है. हर कोई इसी गुणा-गणित में जुटा है कि उसकी सैलरी कितनी बढ़ेगी. 8वें वेतन आयोग का उद्देश्य बढ़ती महंगाई और जीवन यापन की लागत को देखते हुए सरकारी कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन में सुधार करना है. कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में होने वाली बढ़ोतरी में फिटमेंट फ़ैक्टर अहम भूमिका निभाएगा. समाचार एजेंसी ANI ने विशेषज्ञों के हवाले से एक रिपोर्ट में बताया है कि इस बार फिटमेंट फ़ैक्टर का अनुमान 1.92 से 3.83 के बीच लगाया जा रहा है. ऐसे में जानते हैं कि अगर सरकार ने फिटमेंट फ़ैक्टर को 3.83 रखने की मांग मान ली तो 18,000 की बेसिक सैलरी बढ़कर कितनी हो जाएगी.
गुड रिटर्न्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अगर सरकार फिटमेंट फ़ैक्टर को 3.83 रखती है तो 18000 की बेसिक सैलरी तीन गुना से भी ज्यादा बढ़ जाएगी. रिपोर्ट बताती है कि 8वें वेतन आयोग की बेसिक पे को तय करने के लिए एक सिंपल फार्मूला अपनाया जाएगा. इसमें 7वें वेतन आयोग की बेसिक सैलरी में फिटमेंट फ़ैक्टर का गुणा किया जाता है. 8वें वेतन आयोग के तहत सबसे कम अनुमानित फिटमेंट फैक्टर 1.92 है. जबकि, सबसे ज्यादा अनुमान 3.83 है.
7वें वेतन आयोग में 2.57 के फिटमेंट फैक्टर पर मौजूदा बेसिक पे 18000 रुपये प्रति माह है. यह फैक्टर 8वें वेतन आयोग के तहत मिलने वाली सैलरी बढ़ोतरी को तय करने में बहुत अहम है.
अगर सरकार 1.92 का फिटमेंट फैक्टर मंजूर करती है तो बेसिक सैलरी 18,000 X 1.92 = 34,560 रुपये प्रति माह हो सकती है.
अगर सरकार 2.86 का फिटमेंट फैक्टर मंज़ूर करती है तो बेसिक सैलरी 18,000 x 2.86 = 51,480 रुपये प्रति माह हो सकती है.
अगर सरकार 3.68 का फिटमेंट फैक्टर मंजूर करती है तो बेसिक सैलरी 18,000 X 3.68 = 66,240 रुपये प्रति माह हो सकती है.
अगर 8वें वेतन आयोग के लिए 3.83 का सबसे ज्यादा फिटमेंट फैक्टर मंज़ूर किया जाता है तो बेसिक सैलरी 18,000 x 3.833 = 68,940 रुपये प्रति माह हो सकती है.
बता दें कि ये सभी गणनाएं बेसिक सैलरी के लिए बताई गई हैं. सरकार अगर 3.83 का फिटमेंट फैक्टर मंज़ूर कर लेती है तो कर्मचारियों की इन हैंड सैलरी में 283 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है. नया वेतनमान 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा. माना जा रहा है रि आठवां वेतन आयोग 2027 के अंत या 2028 में लागू हो सकता है. इस तरह कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से एरियर भी मिलेगा. आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन और उसकी सिफारिशें स्वीकार होने पर लगभग 49 लाख सरकारी कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनभोगियों के वेतन पर इसका सीधा प्रभाव पड़ेगा और उन्हें इसका लाभ मिलेगा.