बिहार चुनाव 2025
भोजपुर जिले के तरारी विधानसभा से जन सुराज प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का चुनाव परिणाम के बाद शुक्रवार शाम पटना के अस्पताल में दूसरा हार्ट अटैक आने से निधन हो गया. वे सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षक थे.
भोजपुर जिले के तरारी विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का शुक्रवार की शाम पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. 31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें पहला हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद से उनका उपचार चल रहा था. चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद उनके निधन की खबर से पूरे तरारी और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है.
जन सुराज प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह को शुक्रवार को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद 2271 वोट मिले थे. दुख की बात यह है कि परिणाम आने के कुछ ही घंटों बाद उनके निधन की पुष्टि हो गई. उनके अभिकर्ता एवं किसान नेता छोटे सिंह ने फोन पर उनके निधन की पुष्टि की.
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान जसुपा उम्मीदवार चन्द्रशेखर सिंह को पहला हार्ट अटैक आया था. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल पटना के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर उनकी देखरेख कर रहे थे.
अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर बाद उनकी स्थिति अचानक बिगड़ने लगी. शाम चार बजे उन्हें दूसरा हार्ट अटैक आया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लगातार प्रयास किए, लेकिन शाम सात बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.
चन्द्रशेखर सिंह तरारी के कुरमुरी गांव के मूल निवासी थे. राजनीति में आने से पहले, वह सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षक के पद पर कार्य कर चुके थे.
चन्द्रशेखर सिंह न केवल एक शिक्षक थे, बल्कि समाज में उनकी पकड़ और प्रतिष्ठा काफी मजबूत थी. वह पूर्व में शिक्षक संघ के एक सक्रिय पदाधिकारी रहे थे और साथ ही ब्रह्मर्षि समाज के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके थे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.