बिहार चुनाव 2025
राहुल गांधी ने Gen Z को संबोधित करते हुए कहा, 'मैंने सबूतों के साथ दिखाया था कि कैसे हरियाणा में वोट चोरी के ज़रिए सरकार चोरी की गई और एक पूरे राज्य का जनमत छीन लिया.
बिहार विधासभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है. इस बीच राहुल गांधी ने एक बार फिर वोट चोरी को लेकर बीजेपी और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि Gen Z वोटर्स को संबोधित करते हुए कहा कि हमने सबूत के साथ दिखाया कि किस तरह हरियाणा में वोट चोरी की गई. जनता का जमनत छीनने के लिए बड़े पैमाने पर हेराफेरी की गई. राहुल ने कहा कि चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारी लोकतंत्र को खत्म करने का काम कर रहे हैं.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखा, 'भारत के मेरे युवा और Gen Z साथियों, कल ही मैंने सबूतों के साथ साबित किया था कि कैसे हरियाणा में वोट चोरी के ज़रिए सरकार चोरी की गई और एक पूरे राज्य का जनमत छीन लिया गया. कुछ दिनों पहले बिहार में मैंने 'वोटर अधिकार यात्रा' भी की थी, ताकि जनता को SIR के माध्यम से बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में हो रही हेराफेरी के बारे में जागरूक किया जा सके.'
राहुल गांधी ने आगे कहा, 'आज बिहार के कोने-कोने से आ रही खबरें और वीडियो वोट चोरी के सबूतों की कड़ी को और मजबूत कर रहे हैं. पहले ही लाखों मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए थे. अब मतदान केंद्रों पर भी लोगों को वोट देने से रोका जा रहा है.
वहीं, BJP के कई नेता और कार्यकर्ता जिन्होंने दूसरे प्रदेशों के चुनावों में वोट डाला था, आज बिहार में भी वोट दे रहे हैं. याद रखिए, जो सरकार वोट चोरी से बनती है. वो कभी युवाओं Gen Z और आम जनता के हित में काम नहीं करती.
इन तीन लोगों का लिया नाम
उन्होंने कहा कि आपके लोकतंत्र की इस हत्या के मुख्य जिम्मेदार ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी हैं. ये चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारी हैं. मगर यही संविधान और लोकतंत्र के साथ सबसे बड़ा खिलवाड़ कर रहे हैं. राहुल गांधी ने शायराना अंदाज में लिखा, 'जिन्हें बनाया गया था मताधिकार का पहरेदार,वही बन गए हैं आपके भविष्य की चोरी में साझेदार.'
ब्राजीलियन मॉडल ने किया 22 बार वोट
बता दें कि राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव में हुई वोट चोरी को लेकर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग कटघरे में खड़ा किया था. राहुल ने 'H फाइल्स' नाम की प्रजेंटेशन पेश करते हुए कहा कि एक ब्राजील की मॉडल की तस्वीर लगे पहचान पत्र से 10 पोलिंग बूथ पर 22 बार वोट किया गया. सभी वोटर कार्ड में तस्वीर मॉडल की थी, लेकिन नाम अलग था.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.